Umesh Gautam कौन हैं? BJP Mayor को राखी बांधने पहुंचीं 20000 बहनें, मची भगदड़-1 की मौत

Published on 28 अग॰ 2026

Time Published: Friday, August 28, 2026, 17:36 [IST]

Bareilly Mayor Umesh Gautam Rakshabandhan: बरेली में रक्षाबंधन से पहले आयोजित मेयर उमेश गौतम के कार्यक्रम में 28 अगस्त को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में महिलाएं राखी बांधने के लिए कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। भीड़ बढ़ने के बाद धक्का-मुक्की के हालात बन गए। कई महिलाएं बेहोश होकर गिर पड़ीं।

हादसे में मधु सिंह नाम की एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। कार्यक्रम में करीब 20 हजार महिलाओं के पहुंचने की बात कही गई है। आइए विस्तार से जानते हैं कि कैसे क्या हुआ? आखिर उमेश गौतम कैसे बने मेयर? पूरी कुंडली...

who-is-umesh-gautam-bareilly-mayor

Rakshabandhan उत्सव में भगदड़

रक्षाबंधन के एक दिन पहले बरेली क्लब ग्राउंड में मेयर डॉ. उमेश गौतम और उनके बेटे पार्थ गौतम की ओर से रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं को राखी बांधने के लिए आमंत्रित किया गया था। सुबह करीब 10 बजे से ही महिलाएं कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगीं। करीब 11 बजे तक पंडाल में इतनी भीड़ हो गई कि वहां पैर रखने तक की जगह नहीं बची। इसी दौरान महिलाओं का दबाव मंच की ओर बढ़ने लगा और बैरिकेडिंग के बावजूद कई महिलाएं आगे जाने की कोशिश करने लगीं। बारिश और खराब मौसम के कारण भी बड़ी संख्या में महिलाएं खुले मैदान के बजाय पंडाल के भीतर पहुंच गईं। इससे वहां भीड़ और बढ़ गई।

गिफ्ट बांटे जाने के दौरान बढ़ा भीड़ का दबाव

कार्यक्रम के दौरान मंच से महिलाओं को गिफ्ट बैग दिए जाने लगे। गिफ्ट लेने की होड़ में भीड़ मंच की ओर बढ़ने लगी। देखते ही देखते धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कई महिलाएं गिर पड़ीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार्यक्रम स्थल पर जगह-जगह टूटी चूड़ियां और चप्पलें पड़ी थीं। कुछ बच्चे भी भीड़ में अपने परिवार से बिछड़ गए। ऐसे में मंच से बच्चों के नाम और उनके परिजनों के बारे में बार-बार अनाउंसमेंट किया गया। धक्का-मुक्की के बीच कई महिलाओं को सांस लेने में परेशानी हुई और कुछ महिलाएं बेहोश हो गईं। उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान मधु सिंह नाम की एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।

महिलाओं ने सुनाई भीड़ की आपबीती

कार्यक्रम से बाहर निकली महिलाओं ने वहां के हालात को लेकर कई शिकायतें कीं। एक महिला ने बताया कि वह अपने छोटे बच्चे को लेकर कार्यक्रम में पहुंची थीं। राखी बांधने के दौरान अचानक पीछे से भीड़ का जोरदार दबाव आया। इस दौरान बच्चा नीचे गिरने से बचा। महिला ने बताया कि उनकी सास भी धक्का लगने से गिरकर बेहोश हो गईं।

मेयर उमेश गौतम ने खुद संभालने की कोशिश की स्थिति

भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद मेयर डॉ. उमेश गौतम ने खुद स्थिति संभालने की कोशिश की। बताया गया कि महिलाओं को अलग-अलग स्थानों पर राखी बांधने की व्यवस्था करने के लिए उनके बेटे पार्थ गौतम को मुख्य गेट की ओर भेजा गया। हालांकि, इसके बावजूद कार्यक्रम स्थल पर भीड़ का दबाव कम नहीं हुआ।

मेयर ने कहा- कार्यक्रम में अव्यवस्था नहीं थी

घटना के बाद मेयर उमेश गौतम ने कहा कि कार्यक्रम में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में बहनों की संख्या काफी ज्यादा थी और अगर किसी को थोड़ी परेशानी हुई है तो वह भीड़ की वजह से हुई होगी। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल हुई महिलाओं के स्नेह और आशीर्वाद के लिए उनका आभार जताया।

Who Is Mayor Umesh Gautam : कौन हैं बरेली के मेयर उमेश गौतम?

who-is-umesh-gautam-bareilly-mayor
उमेश दो बार BJP के टिकट पर बरेली के मेयर चुने गए।

रक्षाबंधन कार्यक्रम में भगदड़ जैसे हालात के बाद चर्चा में आए डॉ. उमेश गौतम बरेली की राजनीति का प्रमुख चेहरा हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े हैं और लगातार दो बार बरेली नगर निगम के महापौर चुने जा चुके हैं। राजनीति के अलावा उनकी पहचान शिक्षा और कारोबारी क्षेत्र से भी है। वह बरेली की Invertis University के चांसलर हैं।

2017 में पहली बार बने मेयर

उमेश गौतम ने 2017 के उत्तर प्रदेश नगर निकाय चुनाव में BJP के टिकट पर पहली बार बरेली मेयर का चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में उनका मुकाबला समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार और बरेली के पूर्व मेयर डॉ. आईएस तोमर से था। चुनाव में उमेश गौतम को 1,39,127 वोट मिले और उन्होंने करीब 12,757 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। इस जीत के साथ BJP ने करीब 15 साल बाद बरेली मेयर की सीट पर वापसी की थी।

2023 में दूसरी बार जीते चुनाव

2017 में पहला कार्यकाल पूरा करने के बाद उमेश गौतम ने 2023 में एक बार फिर BJP के टिकट पर मेयर का चुनाव लड़ा। इस बार भी उन्होंने डॉ. आईएस तोमर को हराकर जीत दर्ज की। 2023 के चुनाव में उमेश गौतम को 1,67,385 वोट मिले, जबकि आईएस तोमर को 1,11,042 वोट मिले। यानी गौतम ने 56,343 वोटों के बड़े अंतर से चुनाव जीता। उन्हें कुल मतों का करीब 47.54 फीसदी हिस्सा मिला। 27 मई 2023 को उन्होंने बरेली क्लब में मेयर पद की शपथ ली और उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ।

Umesh Gautam Family: उमेश गौतम के परिवार में कौन-कौन?

who-is-umesh-gautam-bareilly-mayor
बेटा पार्थ और बहू जान्हवी।

उमेश गौतम की पत्नी का नाम सोनल गौतम है। 2024 के लोकसभा चुनाव के दौरान उमेश गौतम ने पत्नी सोनल और बेटे पार्थ गौतम के साथ मतदान किया था। उमेश गौतम के बेटे का नाम पार्थ गौतम है। वह भी परिवार के शिक्षा व्यवसाय से जुड़े हैं। Invertis University की Executive Council में पार्थ गौतम को Executive Director और Planning Board के सदस्य के तौर पर दर्ज किया गया है। 2025 में पार्थ गौतम की शादी जान्हवी मेहरोत्रा से हुई है।