Updated On: Aug 05, 2026 | 10:30 AM IST
विज्ञापन
सार
UP MLA Vinod Singh: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से BJP विधायक विनोद सिंह पर एक महिला ने शारीरिक शोषण के प्रयास, मारपीट और धमकी के आरोप लगाए हैं। विधायक ने आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें साजिश बताया।

पीड़ित महिला ने विधायक विनोद सिंह पर लगाए आरोप (सौजन्य-सोशल मीडिया)
विस्तार
UP BJP MLA Woman Allegation: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले से भाजपा के विधायक विनोद सिंह पर एक महिला ने शारीरिक शोषण प्रयास के और गंभीर धमकियां देने के आरोप लगाए हैं। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।
पीड़ित महिला ने कहा है कि शराब के नशे में विधायक ने उनके साथ जबरदस्ती और मारपीट की तथा उनके कपड़े फाड़ दिए। अब आरोपी विधायक द्वारा उनकी बेटी पर एसिड अटैक कराने की धमकी दी जा रही है। महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस उनकी लोकेशन निकालकर विधायक को मुहैया करा रही है।
मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग
पीड़ित महिला ने इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की मांग की है। पीड़िता ने तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, आरोपी विधायक को मिल रहे कथित प्रशासनिक संरक्षण को खत्म करने की मांग की है। साथ ही मामले में निष्पक्ष जांच कर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
सम्बंधित ख़बरें
उत्तर प्रदेश की एक महिला ने सुल्तानपुर से भाजपा विधायक विनोद सिंह पर यौन शोषण और दुष्कर्म के प्रयास सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें उसने मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि या जांच का निष्कर्ष अभी सामने… pic.twitter.com/DaGTwCgRQE — PRIYA RANA (@priyarana3101) August 4, 2026
विधायक ने आरोपों का किया खंडन
इस मामले पर विधायक विनोद सिंह का भी बयान सामने आ गया है। विनोद सिंह ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को खारिज किया है। विधायक विनोद सिंह ने बताया कि कोतवाली देहात क्षेत्र के एक युवक और उसकी पत्नी लखनऊ स्थित अपार्टमेंट में किराए पर रहते थे। क्षेत्रीय निवासी होने के कारण दोनों की जान-पहचान हुई। विधायक ने कहा कि पीड़िता के पति ने खुद को उच्च अधिकारियों से करीबी संबंध रखने वाला बताया था। साथ ही दावा किया कि उसका भाई IAS अफसर है और पीएमओ में तैनात है।
फर्जी NOC के जरिए पैसे की मांग
विधायक के मुताबिक, आरोपी ने FCI वेयरहाउस का कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने और वेयरहाउस बनाने के बहाने कुछ दस्तावेज तैयार करवाए थे। बाद में, सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (CWC) के लेटरहेड पर कथित तौर पर एक फर्जी ‘नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट’ (NOC) भेजकर पैसे की मांग की गई। कॉर्पोरेशन के दिल्ली ऑफिस से जांच करने पर वह दस्तावेज फर्जी निकला।
हजरतगंज में धोखाधड़ी का मामला दर्ज
विधायक ने बताया कि धोखाधड़ी का मामला सामने आने के बाद आरोपी जोड़ा अपार्टमेंट से भाग गया। इसके बाद, उन्होंने लखनऊ के हजरतगंज पुलिस स्टेशन में उन दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। उनके अनुसार, आरोपी शशांक पांडे ने FIR रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। हालांकि, कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी और उसे जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया।
विधायक विनोद सिंह का कहना है कि धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तारी के डर से, आरोपी जोड़ा अब महिला का इस्तेमाल करके उन पर झूठे आरोप लगा रहा है, जिनका मकसद उनके चरित्र को खराब करना है। फिलहाल, दोनों पहलुओं पर मामले की जांच जारी है।
क्या यही हैं- आपके सभ्य लोग? : कांग्रेस
इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कांग्रेस ने कहा कि यही है बीजेपी का चाल, चरित्र और चेहरा, जहां ऐसे दरिंदे सत्ता की हनक में महिलाओं की अस्मत लूट रहे हैं। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि नरेंद्र मोदी… क्या यही हैं – आपके सभ्य लोग? इस दरिंदे पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए, जेल भेजा जाना चाहिए, लेकिन हमें पता है कि ‘मोदी का परिवार’ इस हैवान का माला पहनाकर स्वागत करेगा।
View this post on Instagram
यह भी पढ़ें – अभिजीत दिपके और सौरव दास पर POCSO के तहत कार्रवाई की मांग, फंडिंग पर उठे बड़े सवाल, बंगाल में जीरो FIR दर्ज
मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस का कहना है कि आरोपों की निष्पक्ष और गहनता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। आरोपी विधायक विनोद सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि काफी पुरानी रही है। वह पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता बाबू केदारनाथ सिंह के पुत्र है। बाबू केदारनाथ सिंह ने ही कमला नेहरू इंस्टीट्यूट की स्थापना की थी। विनोद सिंह वर्ष 2007 से 2012 के दौरान बसपा की सरकार में विधायक और राज्य मंत्री भी रह चुके है, जिसके बाद वह वर्तमान में भाजपा से जुड़े हैं।
