UP Chunav 2027: Iqra Hasan को BJP MLA नंद किशोर का ऑफर, बोले- 'हिंदू गुर्जर से शादी करें, तभी बेटी मानेंगे'

Published on 4 अक्टू॰ 2026

Time Updated: Sunday, October 4, 2026, 19:58 [IST]

UP Chunav 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन को लेकर भाजपा विधायक नंद किशोर गुर्जर के बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है। गाजियाबाद की लोनी सीट से विधायक गुर्जर ने कहा कि अगर इकरा खुद को गुर्जर समाज की बेटी मानती हैं, तो वह किसी हिंदू गुर्जर युवक से शादी करें। ऐसा होने पर समाज उन्हें बेटी के रूप में स्वीकार करेगा।

नंद किशोर गुर्जर शनिवार (3 अक्टूबर) शाम सहारनपुर में गोरक्षा दल के पहले स्थापना दिवस कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने कहा, 'गुर्जर समाज ने हमेशा इकरा को अपनी बेटी माना है। अगर वह तैयार हों तो हम उनकी शादी हिंदू गुर्जर लड़के से करा दें। अगर वह हिंदू से शादी करती हैं तो हम भी उन्हें बेटी मानेंगे।' विधायक ने यह भी कहा कि उनके समाज में लड़कियां आईएएस, डॉक्टर और इंजीनियर हैं। हालांकि, इकरा हसन की ओर से इस बयान पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

bjp-mla-nand-kishor-offer-to-iqra-hasan

पहले इकरा ने पूछा था- क्या मैं आपके समाज की बेटी नहीं हूं?

नंद किशोर गुर्जर का बयान उस घटना के करीब एक साल बाद आया है, जब कैराना सांसद इकरा हसन सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के छापुर गांव पहुंची थीं। यह गुर्जर बहुल गांव है। वहां इकरा ने अपने खिलाफ इस्तेमाल की जा रही कथित अपमानजनक भाषा पर नाराजगी जताई थी।

इकरा ने कहा था कि चुनाव जीतने के बाद हर धर्म और जाति के लोगों ने उन्हें बेटी और बहन मानकर वोट दिया था। इसके बावजूद उन्हें 'मुल्ली' और 'आतंकवादी' कहा जा रहा है। उन्होंने कहा था कि विरोध करना सबका अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर धर्म, बिरादरी और महिलाओं के खिलाफ भाषा का इस्तेमाल समाज को बांटता है। उन्होंने यह भी कहा था कि इस तरह की गालियां केवल उनका नहीं, बल्कि क्षेत्र की हर महिला का अपमान हैं। इकरा ने लोगों से सवाल किया था,'क्या मैं आपके समाज की बेटी नहीं हूं?'

इमरान मसूद पर भी साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान नंद किशोर गुर्जर ने कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले मसूद की भाषा अलग थी और अब वह कानून की बात कर रहे हैं। गुर्जर ने दावा किया कि उन्होंने एक वीडियो देखा है, जिसमें मसूद सहारनपुर की जनता को धमकी देते दिखाई देते हैं।

जातीय एकता और सनातन पर क्या बोले विधायक?

नंद किशोर गुर्जर ने अपने भाषण में गुर्जर, जाट, सैनी, पाल और कश्यप समाज के लोगों से हिंदू समाज को जातियों में बंटने के बजाय एक परिवार की तरह आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप और सम्राट मिहिर भोज का उल्लेख करते हुए युवाओं से एकजुट रहने को कहा।

उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ताकत पहचाननी चाहिए और बुजुर्गों को समाज को दिशा देनी चाहिए। साथ ही दावा किया कि आने वाले 10 वर्षों में दुनिया के 70 प्रतिशत लोग हिंदू होंगे।

हलाला और गो-संरक्षण पर भी रखी बात

विधायक ने हलाला के मुद्दे पर कहा कि अगर लोग दूसरे की बेटी को भी अपनी बेटी समझें और उसके साथ गलत होने पर उतनी ही तकलीफ महसूस करें, तो ऐसी प्रथाएं खत्म हो सकती हैं।

गो-संरक्षण पर उन्होंने कहा कि यह केवल किसी संगठन या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर सनातनी को इसके लिए आगे आना चाहिए। उनके मुताबिक, पहले गांवों में बूढ़ी गायों को भी परिवार का हिस्सा मानकर रखा जाता था, लेकिन समय के साथ यह भावना कमजोर हुई है। उन्होंने कैराना पलायन, मुजफ्फरनगर दंगों और कानून-व्यवस्था का भी जिक्र किया। भाषण में उनका जोर हिंदू समाज की जातीय एकता पर रहा।