
UP PCS 2026 में पदों की संख्या बढ़ी,
UP PCS 2026 की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है. उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने PCS भर्ती के पदों की संख्या बढ़ा दी है. जून में जारी विज्ञापन में 500 पदों पर भर्ती की जानकारी दी गई थी, लेकिन अब अलग-अलग विभागों से मिली रिक्तियों के बाद यह संख्या बढ़कर 728 हो गई है. यानी भर्ती में 228 पद और जुड़ गए हैं. खास बात यह है कि रिक्तियों का आंकड़ा अभी अंतिम नहीं है. प्रिलिम्स परीक्षा का रिजल्ट जारी होने तक मिलने वाले नए पद भी इसी भर्ती में शामिल किए जा सकते हैं.
500 से बढ़कर 728 हुई पदों की संख्या
UPPSC ने 25 जून को PCS-2026 भर्ती का विज्ञापन जारी करते हुए 500 पदों की घोषणा की थी. इसके बाद अलग-अलग विभागों ने आयोग को खाली पदों की जानकारी भेजी. इन पदों को शामिल करने के बाद कुल रिक्तियां 728 हो गई हैं. इससे PCS की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए अवसर बढ़े हैं. आयोग को अभी और विभागों से रिक्तियों की जानकारी मिल सकती है.
माध्यमिक शिक्षा विभाग में सबसे ज्यादा पद
मिली जानकारी के अनुसार, माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्रधानाचार्य के 158 पद हैं. वहीं सह जिला विद्यालय निरीक्षक, उप सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद, जिला विद्यालय निरीक्षक और समकक्ष पदों के लिए 41 रिक्तियां हैं. बेसिक शिक्षा विभाग के DIET में वरिष्ठ प्रवक्ता के 122 पद शामिल किए गए हैं.
बाल विकास परियोजना अधिकारी के 74 और सहायक जिला रोजगार सहायता अधिकारी के 58 पद हैं. डिप्टी कलेक्टर के 33 पदों पर भी भर्ती होगी.
इन विभागों में भी रिक्तियां
नगर विकास विभाग में सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-2 के 26 और लेखा एवं वित्त अधिकारी के नौ पद हैं. सहायक आयुक्त (उद्योग) के 56, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 16, खाद्य सुरक्षा अधिकारी के 17 और आबकारी निरीक्षक के 14 पद शामिल हैं.
राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में सचिव श्रेणी-2 के 28, लेखा एवं समायोजन अधिकारी के सात और विपणन अधिकारी के दो पद हैं. वित्त विभाग में पांच और सचिवालय प्रशासन में व्यवस्थापक के आठ पद हैं.
अन्य पदों का भी ब्योरा
समाज कल्याण विभाग में जिला समाज कल्याण अधिकारी और समकक्ष के 13 पद हैं. जिला प्रोबेशन अधिकारी के सात पद हैं. जिला पूर्ति अधिकारी, जिला कमांडेंट होमगार्ड और सहायक आयुक्त (खादी एवं ग्रामोद्योग) के चार-चार पद हैं. जिला पंचायत राज अधिकारी के दो पद हैं.
इसके अलावा जिला कार्यक्रम अधिकारी, सहायक नियंत्रक विधि माप, विशेष कार्याधिकारी कंप्यूटर, सहायक अभियोजन अधिकारी और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के एक-एक पद भी शामिल हैं. PCS-2026 की प्रारंभिक परीक्षा दिसंबर में प्रस्तावित है.

सपना यादव
दिल्ली में जन्मीं सपना यादव TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हैं. पत्रकारिता जगत में 4 वर्षों से ज्यादा के अनुभव के साथ काम जारी है. ह्यूमन इंटरेस्ट, राजनीति, वर्ल्ड, एजुकेशन, नॉलेज, करंट अफेयर्स से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी रखती हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA Hons. हिस्ट्री की पढ़ाई करने के बाद उन्होंने पत्रकारिता को लक्ष्य बनाया, फिर जामिया मिल्लिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी से पीजी डिप्लोमा इन टीवी जर्नलिज्म किया, जामिया से ही हिस्ट्री में मास्टर्स भी किया और फिर इसके बाद गुरु जम्बेश्वर साइंस एंड टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में मास्टर्स किया. मास कम्यूनिकेशन में पत्रकारिता की डिग्री लेने के बाद जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा. इसके बाद उन्होंने बतौर ट्रेनी TV9 भारतवर्ष डिजिटल में एक साल तक काम किया. ट्रेनी के दौरान अलग-अलग तरह की खबरों का अनुभव लेने के बाद TV9 भारतवर्ष डिजिटल में असिस्टेंट प्रड्यूसर के पद पर काम शुरू किया. यहां पर एंकरिंग, वॉइस ओवर, वीडियो प्रोडक्शन, न्यूज राइटिंग जैसे काम किए. इस समय वह एजुकेशन डेस्क पर कार्यरत हैं और स्टूडेंट्स के लिए करियर से जुड़े विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं और यूनिवर्सिटीज की महत्वपूर्ण जानकारियों को कवर कर रही हैं. सपना यादव को ट्रेवल करना, लिखना- पढ़ना पसंद है और वो प्रकृति को करीब से महसूस करना ज्यादा पसंद करती हैं. पत्रकारिता में सफर अभी जारी है.
Read More