
स्वास्तिक चिकारा की धुआंधार पारी (Photo: UPCA)
Meerut Mavericks vs Kanpur Superstars: यूपी की T20 लीग में 22 अगस्त की शाम जो हुआ, उसे देखकर कहना गलत नहीं होगा कि रिंकू सिंह की लगाई चिंगारी के बाद स्वास्तिक चिकारा शोला बनकर भड़के. बल्ले से बरसाए उनके उसी शोले ने कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाफ मेरठ मावेरिक्स की जीत की कहानी लिखी. स्वास्तिक चिकारा ने ना सिर्फ छक्कों की बारिश की बल्कि इतने रन भी ठोक दिए जितने लीग के मौजूदा सीजन के एक मैच में किसी ने नहीं मारे. स्वास्तिक चिकारा के शोलों के उबाल की बात करेंगे. लेकिन उससे पहले आइए आपको बताते हैं रिंकू सिंह ने चिंगारी कैसे लगाई?
रिंकू सिंह ने कैसे हिलाई विरोधी टीम की नींव?
मेरठ मावेरिक्स के कप्तान रिंकू सिंह ने वो चिंगारी बल्ले से नहीं बल्कि अपनी गेंदबाजी से लगाई. उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने उतरी कानपुर सुपरस्टार्स के उस बल्लेबाज को आउट करने का काम किया, जो अगर विकेट पर रूक जाता तो उसके स्कोर बोर्ड पर और ज्यादा रन टंग सकते थे. रिंकू सिंह ने कानपुर सुपरस्टार्स के ओपनर और मैच में उसके टॉप स्कोरर आदर्श सिंह का विकेट लेकर जीत की चिंगारी को लगाने का काम किया. रिंकू सिंह ने आदर्श सिंह को 45 रन के स्कोर पर आउट कर मैच में अपना इकलौता मगर बेशकीमती विकेट लिया. नतीजा ये हुआ कि कानपुर सुपरस्टार्स 20 ओवर में 8 विकेट पर 142 रन ही बना सकी.
स्वास्तिक चिकारा ने 7 छक्के के साथ ठोके 97* रन
रिंकू सिंह ने गेंद से कानपुर सुपरस्टार्स की जो नींव हिलाई, उस पर जीत की इमारत खड़ा करने का काम स्वास्तिक चिकारा ने अपने बल्ले से बखूबी किया. 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मेरठ मावेरिक्स के इस ओपनर ने इस सीजन की सबसे बड़ी पारी खेली. उन्होंने सिर्फ 46 गेंदों में ही 97 रन बनाए और आखिर तक नाबाद रहे. मतलब, टीम को जीत की दहलीज पार कराकर ही दम लिया. 210.87 की स्ट्राइक रेट से खेली चिकारा की धुआंधार और सबसे बड़ी पारी में 7 छक्के और 9 चौके शामिल रहे.
चिकारा की पारी सबसे बड़ी कैसे रही?
स्वास्तिक चिकारा की पारी सबसे बड़ी इसलिए रही क्योंकि UP T20 लीग 2026 में अब तक 97 रन एक इनिंग में किसी ने नहीं बनाए. इससे पहले 92 रन कर्ण शर्मा ने जड़े थे. इस पारी की बदौलत चिकारा UP T20 लीग 2026 में सबसे ज्यादा रन और सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. उन्होंने 5 मैचों में 32 बाउंड्रीज ( 11 छक्के+ 21 चौके) के साथ 193 रन बनाए हैं.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More