Usha Nadkarni: 80 की उम्र में अकेले रहती हैं उषा नाडकर्णी, बोलीं- 'बेटा मुझे अपनी मां नहीं मानता, 1987 से अकेले रह रही हूं...' - Haribhoomi

Published on 7 अग॰ 2026

80 साल की उषा नाडकर्णी ने पहली बार अपनी निजी जिंदगी का दर्द बयां किया। बोलीं- बेटा मुझे अपनी मां नहीं मानता, 1987 से अकेले रह रही हूं और अब मौत से भी नहीं लगता डर।

Usha Nadkarni

80 की उम्र में अकेले रहती हैं उषा नाडकर्णी

  • Published: 07 Aug 2026, 10:03 AM IST
  • Last Updated: 07 Aug 2026, 10:03 AM IST

Usha Nadkarni: टीवी और मराठी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री उषा नाडकर्णी ने अपनी जिंदगी के कई ऐसे दर्दनाक पहलुओं का खुलासा किया है, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। करीब 70 साल से अभिनय की दुनिया में सक्रिय उषा नाडकर्णी ने बताया कि 80 साल की उम्र में वह अकेले रहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका बेटा आज भी उन्हें अपनी मां नहीं मानता। इसके साथ ही उन्होंने अपने बचपन, परिवार और करियर के संघर्षों पर भी खुलकर बात की।

1987 से अकेली हैं
एक इंटरव्यू में उषा नाडकर्णी ने बताया कि वह साल 1987 से अकेले रह रही हैं। उनका बेटा विदेश में रहता है और उनके सभी भाई-बहनों का निधन हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब उन्हें अकेले रहने की आदत हो गई है और उन्हें किसी बात का डर नहीं लगता।

मौत से नहीं लगता डर
अभिनेत्री ने कहा कि अकेले रहने की वजह से कभी-कभी मौत का ख्याल जरूर आता है, लेकिन उन्हें उससे भी डर नहीं लगता। उन्होंने कहा, "किसी को नहीं पता कि मौत कब और कैसे आएगी। अगर मेरी नींद में ही मौत हो जाए, तो पड़ोसी यही सोचेंगे कि आज बुढ़िया ने दरवाजा नहीं खोला।"

बेटे की बात चुभती है
उषा नाडकर्णी ने बताया कि काम की व्यस्तता के कारण वह अपने बेटे को पूरा समय नहीं दे सकीं। उनका बेटा बचपन में अपनी नानी के साथ रहा और उन्हीं ने उसकी परवरिश की। उन्होंने भावुक होकर कहा, "मेरा बेटा आज भी कहता है कि मैंने उसे सिर्फ जन्म दिया है। उसकी असली मां तो मेरी मां ही थी।"

पति से अलग, लेकिन रिश्ते में कड़वाहट नहीं
उषा ने बताया कि कई साल पहले उनका अपने पति से तलाक हो गया था। हालांकि, अलग होने के बाद भी उन्होंने कभी अपने पति या उनके परिवार के प्रति मन में कोई नाराजगी नहीं रखी। वह अक्सर अपने ससुराल वालों को घर पर खाने के लिए बुलाती थी।

बचपन में झेला दर्द
उषा नाडकर्णी ने बताया कि उनका बचपन काफी मुश्किलों भरा रहा। उनके पिता एयर फोर्स में अधिकारी थे और बहुत गुस्सैल स्वभाव के थे। छोटी-छोटी बातों पर भी उन्हें गुस्सा आ जाता था, जिससे पूरा परिवार डरा रहता था। उन्होंने एक घटना याद करते हुए बताया कि एक बार उन्होंने अपने भाई को पिटाई से बचाने की कोशिश की थी। इस दौरान उनके पिता ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई। 

मां ने भी नहीं दिया साथ
उषा ने बताया कि उन्हें बचपन से ही अभिनय का शौक था। जब उन्होंने अपनी मां को इस बारे में बताया तो उन्हें उम्मीद थी कि मां उनका साथ देंगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने अभिनय करने का विरोध किया और गुस्से में उनका सामान घर से बाहर फेंक दिया। इसके बाद उन्हें करीब एक हफ्ते तक अपनी दोस्त के घर रहना पड़ा। बाद में उनके पिता उन्हें वापस घर लेकर आए।

आज भी करती है काम
उषा नाडकर्णी हिंदी, मराठी फिल्मों, टीवी और थिएटर की जानी-मानी अभिनेत्री हैं। 'पवित्र रिश्ता' में निभाया गया उनका किरदार आज भी दर्शकों के बीच काफी पसंद किया जाता है। इसके अलावा वह 'बिग बॉस मराठी' और 'सेलेब्रिटी मास्टरशेफ' जैसे रियलिटी शोज का भी हिस्सा रह चुकी हैं।

यह भी पढ़े-  नीलामी पर आईं राजपाल यादव की प्रॉपर्टी! ₹16.61 करोड़ लोन केस में डूबे एक्टर, जानिए पूरी खबर