चाय दुकान पर कट्टा लेकर पहुंचे बदमाश, VIDEO: बक्सर में ग्रामीणों ने दबोचा, पुलिस ने 2 को किया अरेस्ट; गिरोह का खुलासा - Buxar News

Published on 20 जुल॰ 2026

बक्सर के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के धरहरा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग-922 पर रविवार शाम एक चाय दुकान पर कुछ युवक कट्टा लेकर विवाद कर रहे थे। हथियार देखकर आसपास के ग्रामीण सतर्क हो गए।

.

ग्रामीणों और युवकों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो युवकों को पकड़ लिया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बदमाश के साथ आए युवक फरार

यह घटना रविवार शाम करीब सात बजे धरहरा स्थित चाय दुकान पर हुई। वायरल वीडियो में एक युवक के हाथ में कट्टा दिख रहा है, जबकि लोग उसे घेरकर पकड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उसके कुछ साथी मौके से फरार हो गए।

कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने लवकुश तिवारी (26 वर्ष), पिता श्रीराम तिवारी, निवासी नैनीजोर, भोजपुर और चंदन यादव, पिता मनोज यादव, निवासी करनामेपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चंदन यादव के पास से एक देसी कट्टा बरामद किया है।

तस्करों से शराब छीनकर बेचता था गिरोह

प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपितों का एक गिरोह सक्रिय है। यह गिरोह उत्तर प्रदेश से बिहार में शराब लाने वाले तस्करों को निशाना बनाता था। पुलिस के अनुसार, गिरोह शराब तस्करों से शराब छीनकर उसे आगे बेच देता था।

चूंकि शराब तस्कर स्वयं अवैध कारोबार में शामिल होते थे, इसलिए अधिकांश मामलों की शिकायत पुलिस तक नहीं पहुंच पाती थी।

4 मोबाइल और 2 मोटरसाइकिल बरामद

जानकारी के अनुसार, रविवार रात भी गिरोह किसी शराब तस्कर को निशाना बनाने की तैयारी में था। इसी दौरान किसी बात को लेकर आपस में विवाद हो गया। विवाद के दौरान हथियार निकलने पर ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए दोनों युवकों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, चार मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।

थानाध्यक्ष बोले-मामले की जांच की जा रही

थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपितों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि गिरफ्तार आरोपित लवकुश तिवारी पहले भी शराब तस्करी के मामलों में भोजपुर पुलिस तथा सराय थाना पुलिस द्वारा जेल भेजा जा चुका है। पूरे मामले में आगे की जांच जारी है।