सड़क किनारे बसी जिंदगी, चौराहे पर बंधा परिणय सूत्र... अमरावती में पारधी समाज की अनोखी शादी का Video वायरल

Published on 12 सित॰ 2026

Amravati News: इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में जहां एक ओर करोड़ों रुपये खर्च कर की जाने वाली आलीशान और हाई-प्रोफाइल ‘डेस्टिनेशन वेडिंग्स’ की चर्चा होती है, वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के अमरावती से सामने आई एक अनोखी शादी ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. अमरावती के बेहद व्यस्त जयस्तंभ चौक पर एक पारधी दंपति का विवाह सीधे सड़क पर ही पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुआ. इस अनोखी और सादगी से भरी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और भावुक भी.

शैक्षणिक और आर्थिक मुख्यधारा से आज भी काफी दूर, सड़कों के किनारे झोपड़पट्टियों में अपनी जिंदगी बिताने वाला पारधी समाज आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है. अमरावती के जयस्तंभ चौक पर रहने वाले इस पारधी परिवार के पास शादी के लिए कोई बड़ा मैरिज हॉल या आलीशान पंडाल लगाने के संसाधन नहीं थे. लिहाजा, परिवार ने बिना किसी तड़क-भड़क के, सड़क किनारे ही पूरे पारंपरिक विधि-विधान से शादी रचाने का फैसला किया.

राहगीरों की मौजूदगी में संपन्न हुआ विवाह, वीडियो वायरल

बिना किसी महंगे साउंड सिस्टम, भव्य लाइटिंग या भारी-भरकम बजट के, बेहद ही सरल तरीके से रिश्तेदारों और वहां से गुजर रहे राहगीरों की मौजूदगी में यह विवाह संपन्न हुआ. चौराहे पर शादी की रस्में निभाते नवविवाहित जोड़े का वीडियो किसी राहगीर ने अपने फोन में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर छा गया और लोग इस सादगी भरे परिणय सूत्र की जमकर तारीफ कर रहे हैं.

ये भी पढ़ें: बेटे के सामने अवैध संबंधों का राज खुला तो मां ने जान से मार डाला, अगले दिन प्रेमी ने भी की सुसाइड की कोशिश

समाज की असलियत और संघर्ष को दर्शाती तस्वीर

अमरावती की सड़क पर संपन्न हुआ यह विवाह न सिर्फ पारधी समुदाय की संस्कृति और सादगी को दर्शाता है, बल्कि समाज के उस बड़े हिस्से की असलियत पर भी प्रकाश डालता है जो आज भी छत और मूलभूत अधिकारों के लिए तरस रहा है. स्थानीय लोग और सोशल मीडिया यूजर्स इस नवविवाहित जोड़े को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे हैं.

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले

विनोद जगदाले को 22 वर्षों का पत्रकारिता अनुभव है. वो मुंबई और महाराष्ट्र की राजनीति की गहरी समझ रखते हैं. ज़ी न्यूज़ और न्यूज़ 24 में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने कई बड़े खुलासे किए और एक्सक्लूसिव खबरें भी सामने लेकर आए. उनकी पहचान निष्पक्ष, बेबाक और जमीनी पत्रकार के तौर पर की जाती है. विनोद जगदाले 10 से ज्यादा सम्मान से सम्मानित और जनहित की आवाज को मजबूती से उठाने वाले वरिष्ठ पत्रकार हैं.

Read More

google button