मोहाली के खरड़ में युवक ने अपनी पत्नी और सास पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने ये आरोप लगाए थे। अब इस मामले में उसकी पत्नी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर अपना पक्ष रखा है।
.
पत्नी का आरोप है कि उसका पति से 2021 से कोई संपर्क नहीं था। उसने यहां तक आरोप लगाया कि उसके कई लड़कियों से रिलेशन थे।
आरोपी पत्नी ने कहा- वह पहले मुझसे मारपीट करता था। उससे अभी मेरा तलाक नहीं हुआ था, लेकिन फिर भी उसने दूसरी शादी कर रखी थी। मेरी प्रशासन से मांग की है कि सारे मामले की गंभीरता से जांच की जाए। मैं चाहती हूं कि मेरी व मेरे बच्चे की जिंदगी खराब न हो।
गौरतलब है कि 27 सितंबर को खरड़ में शिंगा रीवाला के रहने वाले दविंदर सिंह ने जहरीला पदार्थ निगल लिया था। इसके बाद 28 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी निशा रानी और सास सुलोचना रानी के खिलाफ केस दर्ज किया है।

दविंदर सिंह और निशा रानी की 2020 में शादी हुई थी। - फाइल फोटो
जानिए, आरोपी पत्नी ने वीडियो में क्या-क्या कहा
- 2021 से हम दोनों अलग रह रहे: कुरुक्षेत्र (हरियाणा) में शाहबाद मारकंडा के गांव रतनगढ़ की रहने वाली आरोपी पत्नी निशा रानी ने वीडियो जारी कर कहा- मैं 2021 से दविंदर से अलग रह रही थी। मैं अपनी मां के पास रह रही थी। मेरे घरवालों का भी उससे कोई संपर्क नहीं था। जैसे मृतक (दविंदर) ने आरोप लगाए हैं कि मेरी पत्नी मुझे परेशान करती थी और मुझे कॉल करती थी, तो पहली बात यह है कि मेरे माता-पिता ने कभी उसे कॉल नहीं किया। यहां तक कि मेरी फैमिली ने भी उससे कभी संपर्क नहीं किया और न ही कभी कुछ किया।
- मुझे घर से निकाला, मारा-पीटा: उसने कहा- इन्होंने मुझे 13 दिसंबर 2020 को घर से निकाल दिया था। मैंने शिकायत भी की थी। इसके बाद भी यह नहीं सुधरा। बाद में राजीनामा कर मुझे बाहर से बाहर ले गया। करीब दो महीने तक मेरे साथ रहा। उसके बाद मेरे साथ मारपीट कर मुझे छोड़कर चला गया। इसके बाद यह मेरे संपर्क में नहीं आया। फिर हमारा कोर्ट केस चला। कोर्ट केस के बाद भी हमारी नहीं बनी और हम फिर अलग हो गए।

निशा ने अपने कुछ फोटो दिखाए, जिन्हें दिखाकर दावा किया कि उसे पति दविंदर ने पीटा था।
- मैंने कॉल किए तो रिकॉर्ड दिखाओ: निशा ने कहा- अलग होने के बाद भी यह मेरे साथ मारपीट करता था। इसने कभी बच्चे के बारे में नहीं पूछा। इसका 4 साल का बेटा है, जो मेरी मां के पास रहता है। इसकी मां आरोप लगाती हैं कि मैं मेरे बेटे को परेशान करती थी। अगर मैं किसी को परेशान करती हूं या किसी नंबर से कॉल करती हूं, तो उसका रिकॉर्ड और वॉट्सऐप चैट होनी चाहिए।
- कई लड़कियों के साथ रिलेशन में था: आरोपी पत्नी ने कहा- मैंने 4 साल से कोई कॉल नहीं की। यह मल्टीपल रिलेशन में था। सभी को कहता था कि मेरी पत्नी से तलाक हो गया है। लड़कियों को झांसा देता था कि मैं तुमसे शादी करूंगा। मेरे पास उन लड़कियों के बारे में प्रूफ भी हैं, जिनके साथ इसके रिलेशन थे।

वीडियो में निशा ने यह फोटो दिखाई, जिसमें दविंदर किसी महिला के साथ दिख रहा है।
- बिना तालाक दिए दूसरी शादी की: निशा ने वीडियो में कहा- यह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ गया था। इसने दूसरी शादी कर ली। उसका नाम पूनम भारद्वाज है। यह इसका पहला प्यार है। इसके पिता, बहन और मां को सब पता था। नवंबर 2025 से वह लड़की इनके घर में रह रही थी। 10 मार्च 2026 को इन्होंने शादी कर ली थी। मुझे ये सारी बातें इसकी भाभी ने बताईं। अभी तक मेरे साथ उसका हक बनता था कि मैं उससे बात करूं। मैं उसकी लीगल वाइफ थी।

- मैं परेशान करती थी, इसका क्या प्रूफ: निशा ने कहा- मेरे ऊपर आरोप लगा रहे हैं कि मैंने इनके बेटे को परेशान किया और उससे डिमांड की। मेरा बेटा 2021 में पैदा हुआ था। 2026 चल रहा है और वह 5 साल का हो गया है। मुझे दविंदर ने क्या दिया? आज तक कोई खर्च दिया? कोई प्रूफ होना चाहिए। उसने यहां तक पता नहीं किया कि उसकी पत्नी और बच्चा कैसे रहे हैं? आपने आरोप लगा दिया कि मैंने उसे मारा है, जबकि वह मेरे संपर्क में था ही नहीं।
- मारपीट के समय मां कभी नहीं रोकती थी: आरोपी बोली- दविंदर मम्मी के सामने मेरे साथ मारपीट करता था। उस समय मम्मी कहती थीं कि यह पति-पत्नी का मामला है, हम बीच में नहीं पड़ेंगे। इन्होंने मुझे घर से निकाल दिया। मेरी मम्मी का नाम लगाया है, जबकि मेरी मम्मी ने कभी इन्हें फोन नहीं किया। गांव के सरपंच से पूछा जाए कि क्या हुआ था। हम उनके साथ इनके घर गए थे। उस समय इन्होंने मना कर दिया था।
- उम्मीद थी कभी सुधरेगा: निशा ने कहा- मैं एक उम्मीद पर बैठी थी कि यह कभी सुधरेगा। यह कभी नहीं सुधरा। यह लोगों से मारपीट करता था और जेल में भी रह चुका है। मैं इसकी लाइफ में कभी नहीं थी, न आज हूं। इसकी लाइफ में पूनम नाम की लड़की थी, जिससे इसने शादी की। आप क्रॉस चेक करें। वीडियो में मेरा नाम लेकर गया है। मैं यह बात मान लेती हूं, लेकिन क्या प्रूफ है कि मैंने उससे संपर्क किया है? किसी के साथ कोई प्रूफ नहीं हुआ। अंजू के फोन से वीडियो पोस्ट की गई। उसने इसके घरवालों को सूचना नहीं दी कि आपका बेटा यह करने जा रहा है। मेरे नंबर इनकी फैमिली के पास हैं। मेरे नंबरों की चेकिंग करवाई जाए।

- मैं भी किसी की बेटी हूं: निशा बोली- यह कह रहा है कि मेरी मां ने मौत से पहले कॉल की थी। यह कॉल भी चेक करवाई जाए। यह आदमी डिफॉल्टर था और मारपीट में बहुत रहता था। कभी किसी के साथ रहता था। इसकी फैमिली को यह सब पता होता था। इसकी बहन और मां हमेशा इसका साथ देती थीं। मैं भी किसी की बेटी हूं। मैं मार खाने के लिए नहीं बनी हूं। मेरे घरवालों ने मेरी शादी की थी। ये खुद आए थे। सब कुछ लेन-देन हुआ था। मैं प्रशासन से अपील करती हूं कि सारे आरोपों की जांच की जाए। मेरा बच्चा है। मेरे बच्चे की जिंदगी खराब न हो।
28 सितंबर को हुई दविंदर की मौत
पुलिस के मुताबिक, मृतक दविंदर सिंह के भाई सोहन लाल ने अपने बयान में कहा था कि 27 सितंबर को सुबह 11 बजे दविंदर ने वीडियो बनाकर कहा था, “मैं निशा रानी और उसकी मां सुलोचना रानी से तंग आकर अपनी जिंदगी खत्म कर रहा हूं, क्योंकि दोनों ने मेरे ऊपर एक वीडियो बनाई है।”
सोहन लाल ने बताया- वीडियो देखकर मैं तुरंत गोपाल स्वीट्स के पास पहुंचा। उस समय मेरा भाई बेहोशी की हालत में मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। मैं तुरंत उसे फेज-6 अस्पताल लेकर गया। वहां से उसे PGI रेफर कर दिया गया। इसके बाद 28 सितंबर को दोपहर 3 बजकर 21 मिनट पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जहर निगलने से पहले दविंदर सिंह ने वीडियो बनाया था।
वीडियो में दविंदर ने कहा था- मैं जी नहीं सकता
सुसाइड से पहले बनाए वीडियो में दविंदर ने कहा था- मैं जो भी कर रहा हूं, इसमें मेरे परिवार का कोई दोष नहीं है। इसमें दोष सिर्फ निशा का है, जो मेरी पत्नी थी, और दूसरी उसकी मां सुलोचना देवी का है। इन दोनों मां-बेटी ने मिलकर मेरे ऊपर केस किए। कभी रेप का, कभी दहेज का, कभी मारपीट का। मैं बहुत परेशान हो चुका हूं और अब तंग आकर अपनी जिंदगी को गुडबाय कहने जा रहा हूं। मैं अब और नहीं जी पाऊंगा।
दविंदर ने कहा- मेरे मां-बाप ने बहुत पैसा खर्च किया है। अब वे भी दुखी हो चुके हैं। उनके पास इतने पैसे नहीं हैं। हम इतने सक्षम नहीं हैं कि पैसे ही देते जाएं। इतनी मांगें कहां से पूरी करेंगे? मुझे इंसाफ दिया जाए। निशा और सुलोचना देवी को उनके किए की उचित सजा दी जाए।
यहां देखिए दोनें के वीडियो