तीन साल पहले बसताड़ा गांव के युवक से तय हुआ था रिश्ता, जो इस समय इटली में नौकरी करता है। शादी के बाद चांदनी को भी पति के साथ विदेश जाना था, जिसकी तमाम कागजी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।
करनाल में शादी का रिश्ता टूटने पर नर्स ने आत्महत्या कर ली।
- Published: 25 Jul 2026, 07:10 PM IST
- Last Updated: 25 Jul 2026, 07:33 PM IST
हरियाणा के करनाल जिले में शादी से महज तीन महीने पहले एक होनहार युवती की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। सात समंदर पार इटली में मौजूद मंगेतर की ओर से वीडियो कॉल पर अचानक रिश्ता तोड़ने की बात कहने से दुखी होकर 24 वर्षीय लेडी नर्स ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार की इकलौती बेटी के इस खौफनाक कदम के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घर में शादी की खरीदारी व तैयारियां जोर-शोर से जारी थीं
मृतका की पहचान करनाल के फूसगढ़ निवासी रामस्वरूप की 24 वर्षीय बेटी चांदनी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, चांदनी का रिश्ता करीब तीन वर्ष पूर्व पास के ही बसताड़ा गांव के रहने वाले अमन नाम के युवक से तय हुआ था, जो इस समय इटली में कार्यरत है।
दोनों का विवाह आने वाले तीन महीनों के भीतर होना निश्चित हुआ था और घर में शादी की खरीदारी व तैयारियां जोर-शोर से जारी थीं। विवाह के बाद चांदनी को अपने पति के पास विदेश जाना था, जिसके लिए परिजनों ने उसके तमाम जरूरी कागजात भी तैयार करवा लिए थे। हालांकि, मंगेतर ने अचानक वीडियो कॉल पर विवाह से साफ मना कर दिया, जिसे युवती सहन नहीं कर पाई।
घर में अकेली थी चांदनी, मां के लौटते ही मचा कोहराम
चांदनी ने अपना नर्सिंग कोर्स पूरा करने के बाद शहर के ही अमृतधारा प्राइवेट अस्पताल में ट्रेनिंग शुरू की थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती बेटी थी और घर में उसका एक भाई भी है। घटना वाले दिन माता-पिता अपने-अपने काम पर निकल गए और चांदनी घर में अकेली रह गई।
मंगेतर की बातें सुनकर आहत हुई चांदनी ने कमरे में पंखे से फंदा लगा लिया। शाम को जब मां काम से वापस लौटी तो बेटी को फंदे पर झूलता देख उनके होश उड़ गए। मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास के पड़ोसी एकत्र हुए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और FSL की जांच जारी
हादसे की जानकारी मिलते ही सेक्टर 32-33 थाना पुलिस और एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। थाना प्रभारी (SHO) सुनील के अनुसार प्राथमिक जांच में मामला फंदा लगाकर आत्महत्या करने का लग रहा है।
परिजनों ने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की गुहार लगाई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत प्राप्त होते ही आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।