VIP Car: दिल्ली में दौड़ी राष्ट्रपति पुतिन की बख्तरबंद Aurus Senat, चलती-फिरती ‘किले’ जैसी है कार - Haribhoomi

Published on 12 सित॰ 2026

VIP Car: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की बख्तरबंद Aurus Senat दिल्ली की सड़कों पर नजर आई। इस इस खास कार में 598 HP इंजन, बुलेटप्रूफ बॉडी और ब्लास्ट-रेसिस्टेंट सुरक्षा जैसी अनेक खूबियां हैं।

VIP Car

चलती-फिरती ‘किले’ जैसी है कार

  • Published: 12 Sep 2026, 06:35 PM IST
  • Last Updated: 12 Sep 2026, 06:35 PM IST

VIP Car: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के दिल्ली दौरे के दौरान उनकी खास बख्तरबंद कार Aurus Senat भी चर्चा में रही। पुतिन की सुरक्षा व्यवस्था में इस्तेमाल होने वाली यह लग्जरी लिमोजिन सामान्य कारों से काफी अलग है। इसे सुरक्षा के लिहाज से पहियों पर चलता किला कहा जाता है। कार को बेहद संवेदनशील सुरक्षा परिस्थितियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

598 HP की दमदार पावर
Aurus Senat में 4.4 लीटर ट्विन-टर्बो V8 इंजन के साथ हाइब्रिड सिस्टम दिया गया है। इसका पावरट्रेन करीब 598 हॉर्सपावर की पावर और 880 Nm का टॉर्क पैदा करता है। इंजन को 9-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से जोड़ा गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कार की अधिकतम रफ्तार करीब 160 किलोमीटर प्रति घंटा है। यह करीब 9 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

बुलेटप्रूफ बॉडी और खास सुरक्षा

  • राष्ट्रपति पुतिन के लिए तैयार Aurus Senat में लग्जरी के साथ सुरक्षा को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई है। इसकी बॉडी को भारी सुरक्षा कवच के साथ तैयार किया गया है। कार बुलेटप्रूफ होने के साथ ब्लास्ट-रेसिस्टेंट सुरक्षा से भी लैस है। इसमें रन-फ्लैट टायर जैसी सुविधा भी बताई जाती है, जिससे टायर को नुकसान पहुंचने के बाद भी वाहन को आगे बढ़ाया जा सकता है।
  • कार में यात्रियों की सुरक्षा के लिए विशेष एयर-फिल्ट्रेशन सिस्टम भी दिया गया है। इसका उद्देश्य बाहरी दूषित हवा या खतरनाक गैसों से केबिन को सुरक्षित रखना है। राष्ट्रपति के आधिकारिक वाहन में सुरक्षित संचार जैसी विशेष व्यवस्थाएं भी शामिल होने की जानकारी सामने आती रही है।

5.6 मीटर से ज्यादा लंबी है कार
Aurus Senat का साइज भी इसे खास बनाता है। इसकी लंबाई करीब 5,630 मिमी, चौड़ाई 2,000 मिमी और ऊंचाई 1,700 मिमी है। इसका व्हीलबेस करीब 3,300 मिमी है। बड़े आकार के बावजूद इसे राष्ट्रपति की सुरक्षा और आराम दोनों जरूरतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।

लग्जरी केबिन में हाईटेक सुविधाएं
कार के अंदर प्रीमियम इंटीरियर, लकड़ी की फिनिश और आरामदायक सीटिंग के साथ आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। हालांकि पुतिन के लिए तैयार किए गए संस्करण में सुरक्षा से जुड़ी कई व्यवस्थाएं सामान्य नागरिक मॉडल से अलग हैं।

Kortezh प्रोजेक्ट का हिस्सा
Aurus Senat को रूस के Kortezh प्रोजेक्ट के तहत तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य राष्ट्रपति और शीर्ष सरकारी अधिकारियों के लिए घरेलू स्तर पर लग्जरी और सुरक्षित वाहनों को तैयार करना है। Senat को वर्ष 2018 में पुतिन के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पहली बार सार्वजनिक रूप से इस्तेमाल किया गया था। दिल्ली की सड़कों पर इसकी मौजूदगी ने एक बार फिर दुनिया की सबसे सुरक्षित और खास सरकारी कारों में शामिल Aurus Senat को सुर्खियों में ला दिया है।

(मंजू कुमारी)