
कपल ने अनोखे तरीके से सजाया होटल Image Credit source: Instagram/ kipcrossing
भारत में साफ-सफाई को लेकर अक्सर कई तरह की बातें सुनने को मिलती हैं. खासकर जब बात सार्वजनिक जगहों या होटल के कमरों की हो, तो लोगों की आदतों पर सवाल भी उठते रहते हैं. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है कि हर भारतीय इसी तरह व्यवहार करता है. देश में ऐसे भी लोग हैं, जो जहां जाते हैं, वहां सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं और पीछे कोई गंदगी छोड़ना पसंद नहीं करते. सोशल मीडिया पर सामने आया एक वीडियो इसी बात की झलक दिखाता है.
वीडियो में नॉर्थ ईस्ट की एक महिला अपने विदेशी पति के साथ नजर आती हैं. दोनों एक होटल में ठहरे थे. जब उन्होंने होटल का कमरा खाली किया, तो उसे जिस तरह साफ-सुथरा करके छोड़ा, उसे देखकर उनके पति काफी प्रभावित नजर आए. उन्होंने न सिर्फ पत्नी की तारीफ की, बल्कि वीडियो के जरिए यह भी दिखाया कि कमरे को किस तरह व्यवस्थित करके छोड़ा गया था. वीडियो की शुरुआत में महिला के पति होटल के कमरे को दिखाते हैं. कमरे में सामान इधर-उधर बिखरा हुआ नहीं था. हर चीज अपनी जगह पर रखी नजर आती है. कमरे की सफाई भी अच्छी तरह की गई थी. इतना ही नहीं, महिला ने जाते-जाते वहां एक छोटा सा प्यारा संदेश भी छोड़ा. फूलदान में फूल सजाए गए थे और साथ में धन्यवाद का संदेश लिखा हुआ था. यह छोटी सी कोशिश भी देखने वालों का ध्यान खींचती है.
पत्नी के इस काम की खूब हुई तारीफ
इसके बाद वीडियो में बाथरूम दिखाया जाता है. वहां भी सफाई का पूरा ध्यान रखा गया था. आमतौर पर होटल से निकलते समय कई लोग कमरे को उसी हालत में छोड़ देते हैं, जैसी वह इस्तेमाल के बाद होती है. लेकिन यहां तस्वीर बिल्कुल अलग दिखाई देती है. वीडियो में आगे किचन का हिस्सा भी दिखता है. इस्तेमाल किए गए बर्तन साफ करके रखे गए थे. वहीं जो कचरा था, उसे भी इधर-उधर फेंकने के बजाय पैकेट में अच्छी तरह बांधकर रखा गया था. बेडरूम में भी सामान व्यवस्थित था और कमरे में किसी तरह की अव्यवस्था नजर नहीं आ रही थी.
महिला के इस व्यवहार से उनके पति इतने खुश हुए कि उन्होंने उनकी जमकर तारीफ की. वीडियो में वह बताते हैं कि इस तरह कमरे को साफ करके छोड़ना होटल के स्टाफ के लिए काफी अच्छी बात है. उनका कहना है कि ऐसे मेहमान होटल कर्मचारियों के लिए किसी सपने जैसे होते हैं, क्योंकि कमरे की सफाई और व्यवस्था बनाए रखने में उन्हें कम मेहनत करनी पड़ती है.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी इस पर खूब प्रतिक्रिया दी. खास बात यह रही कि देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों ने महिला के व्यवहार को अपने एक्सपीरियंस से जोड़कर देखा. मुंबई और केरल के कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए कहा कि वे भी होटल से निकलते समय कमरे को इसी तरह साफ और व्यवस्थित छोड़ने की कोशिश करते हैं.
यह भी पढ़ें: एक साथ बैठे बुजुर्ग और शुरू हो गया गाना, ये रातें ये मौसम पर ऐसी जमी महफिल कि वीडियो हो गया वायरल
इस पूरे वीडियो ने एक साधारण लेकिन जरूरी बात की ओर ध्यान खींचा है. हम होटल में पैसे देकर कमरा लेते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे अपनी मर्जी से गंदा छोड़ दें. जिस जगह का इस्तेमाल हम कुछ घंटों या दिनों के लिए करते हैं, उसे ठीक हालत में छोड़ना भी एक तरह की जिम्मेदारी है. नॉर्थ ईस्ट की इस महिला ने शायद कोई बड़ी बात नहीं की, लेकिन अपनी छोटी सी आदत से लोगों को एक अच्छा उदाहरण जरूर दिखा दिया.
यहां देखिए वीडियो

आयुष कुमार
आयुष कुमार, टीवी9 डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. अशोक और चाणक्य की धरती बिहार से हैं. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की तालीम हासिल की है. पत्रकारिता में तीन साल से तिल को बिना ताड़ बनाए किसी भी सोशल मुद्दे को 360 डिग्री समझाने की कोशिश करते हैं. अमर उजाला, फिरकी डॉट इन से अपने पत्रकारीय सफर की शुरुआत की है. पाठकों तक सरल शब्दों में खबरें पहुंचाना उद्देश्य रहा है. लेखन की इस दुनिया में दिलचस्पी इसलिए बढ़ गई, क्योंकि बचपन से ही काफी ज्यादा बातूनी रहे हैं. फिलहाल, टीवी9 में फीचर राइटिंग करते हुए सोशल मीडिया की नब्ज पकड़ने में माहिर हो गए है. अजीबोगरीब खबरों को गजब तरीके से लिखकर आप सबके सामने पेश करते हैं.
Read More