Youtuber ने सोशल मीडिया पर की गहनों की नुमाइश, चोरों ने 1 करोड़ की ज्वैलरी पर किया हाथ साफ

Published on 26 सित॰ 2026

Youtuber ने सोशल मीडिया पर की गहनों की नुमाइश, चोरों ने 1 करोड़ की ज्वैलरी पर किया हाथ साफ

यूट्यूबर मधुमिता के घर चोरीImage Credit source: Instagram/madhumithaaaaaaa_3154284

कभी-कभी सोशल मीडिया पर खुद की रईसी का दिखावा करना लोगों पर भारी पड़ जाता है. कन्याकुमारी की रहने वाली एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. इन्फ्लुएंसर और उनके बिजनेसमैन पति के घर में चोरों ने सेंध लगाई और उनके घर से लगभग 1 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के गहने चुरा ले गए. यह घटना नागरकोइल के पास वीआईपी गार्डन इलाके में स्थित 29 साल की मधुमिता और उनके पति विनोद कुमार के घर में हुई, जो इलायची एक्सपोर्ट बिजनेसमैन हैं.

मधुमिता की सोशल मीडिया पर मौजूदगी ने इस मामले को और भी दिलचस्प बना दिया है. उन्होंने अपने सोने के गहने, खरीदारी और परिवार की संपत्ति की झलक दिखाने वाले कई वीडियो शेयर किए हैं. चोरी की घटना सामने आने के बाद उनके कुछ पुराने वीडियो फिर से वायरल होने लगे हैं.

दरअसल, मधुमिता एक यूट्यूबर हैं, जो लाइफस्टाइल से संबंधित वीडियो पोस्ट करती हैं. उनके वीडियो में पारिवारिक मोमेंट, सोने की खरीदारी, ज्वैलरी और उनके निजी जीवन से जुड़ी कई चीजें शामिल हैं. खबरों के मुताबिक, वह और उनके पति विनोद कुमार ने लगभग 10 महीने पहले नागरकोइल के पास थम्मथु कोनम में एक घर खरीदने के बाद वहां रहना शुरू कर दिया था.

यूट्यूबर के घर पर क्या हुआ?

पुलिस के मुताबिक, यूट्यूबर मधुमिता और उनके पति बीते गुरुवार शाम करीब 5 बजे घर से निकले थे और रात करीब 11:50 बजे लौटे, लेकिन सामने का दरवाजा नहीं खुल रहा था. उसके बाद एक कारपेंटर को बुलाया गया, जो रात करीब 12:45 बजे पहुंचा. तभी उन्होंने देखा कि सामने का दरवाजा अंदर से बंद था, लेकिन पीछे का दरवाजा टूटा हुआ था. इसके बाद दंपति ने घर की तलाशी ली और पाया कि अलमारी में रखे सोने के गहने गायब थे. इसके बाद उन्होंने राजक्कमंगलम पुलिस स्टेशन से संपर्क किया.

118 सोने और हीरे के गहने हुए चोरी

पुलिस ने बताया कि दंपति के घर से 118 सोने और हीरे के गहने चोरी हुए हैं. अंशुल नगर के एसपी समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने शुक्रवार सुबह घर का दौरा किया. अब चोरों को पकड़ने के लिए 6 विशेष टीमें गठित की गई हैं और इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है.

सोशल मीडिया यूजर्स ने किया ट्रोल

इस चोरी की खबर फैलने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स यूट्यूबर मधुमिता के पुराने वीडियो क्लिप्स को दोबारा पोस्ट करने लगे हैं, जिनमें वो सोने के गहने और अन्य कीमती सामान दिखाती नजर आ रही हैं. कुछ यूजर्स ने सोशल मीडिया पर महंगी चीजें दिखाने के लिए मधुमिता की आलोचना की है और कहा है कि इस तरह के दिखावे से चोरों का ध्यान तो जाएगा ही. हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि चोरों को मधुमिता के सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घर का पता चला या चोरी का कोई और मामला है. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों की जांच की जा रही है.

ये भी पढ़ें: मेरठ में 16 हजार से अधिक संपत्तियों पर होगा एक्शन…सुप्रीम कोर्ट का बड़ा आदेश, MDA अधिकारियों पर भी कसेगा शिकंजा

सोनू शर्मा

सोनू शर्मा

TV9 भारतवर्ष डिजिटल में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं. यहां न्यूज डेस्क पर काम करते हैं. इससे पहले ट्रेंडिंग टीम में थे. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 10 साल से अधिक का अनुभव है. पश्चिम बंगाल राज्य के कोलकाता स्थित NSHM कॉलेज से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है. उसके बाद IBN7 (अब न्यूज18 इंडिया) में इंटर्नशिप की. फिर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर सुदर्शन न्यूज चैनल से जुड़े. यहां स्पोर्ट्स टीम के साथ काम किया. फिर बिहार के पटना स्थित आर्यन न्यूज (बतौर प्रोड्यूसर), दिल्ली स्थित नेड्रिक न्यूज (बतौर सब एडिटर) और अमर उजाला जैसे संस्थानों में काम किया. अमर उजाला डिजिटल में बतौर सब एडिटर नेशनल और इंटरनेशनल बीट के साथ-साथ ट्रेंडिंग, ऑड, स्पोर्ट्स, लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट पर काम किया. यहां शिफ्ट हेड की भूमिका भी निभाई. उसके बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े. ट्रेंडिंग के साथ-साथ ऑड न्यूज, हेल्‍थ, साइंस और रिसर्च में बेहतरीन पकड़ है. किताबें पढ़ने का शौक है.

Read More

google button