सरकार का बड़ा फैसला! 1 अगस्त से चीनी खरीदने वालों के लिए बदल जाएंगे ये नियम, हर हफ्ते देना होगा हिसाब

Published on 28 जुल॰ 2026

Jul 28, 2026 09:26 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली

Follow us on Google News

share

मुख्य बातें

  • केंद्र सरकार ने 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक पूरे देश में चीनी कारोबारियों पर स्टॉक लिमिट लागू कर दी है
  • अब कोई भी डीलर 30 दिन से अधिक समय तक चीनी का स्टॉक नहीं रख सकेगा और 4,000 क्विंटल से ज्यादा भंडारण भी नहीं कर पाएगा
  • इससे जमाखोरी-सट्टेबाजी रुकेगी और बढ़ती कीमतों पर रोक लगेगी
sugar

चीनी की कालाबाजारी करने वालों पर सरकार ने स्टॉक लिमिट लगाकर बढ़ती कीमतों पर कसा शिकंजा।

अगर आप चीनी की बढ़ती कीमतों से परेशान हैं, तो आपके लिए राहत की खबर है। केंद्र सरकार ने चीनी की जमाखोरी और सट्टेबाजी पर लगाम लगाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 1 अगस्त से 30 नवंबर 2026 तक पूरे देश में चीनी कारोबारियों पर स्टॉक लिमिट लागू करने का फैसला किया है। इसका मकसद बाजार में कृत्रिम कमी पैदा होने से रोकना और आम लोगों को उचित कीमत पर चीनी उपलब्ध कराना है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

सरकार के नए आदेश के मुताबिक, अब कोई भी चीनी डीलर चीनी मिलने की तारीख से 30 दिन से ज्यादा समय तक उसका स्टॉक नहीं रख सकेगा। इसके अलावा किसी भी समय उसके पास 4,000 क्विंटल से अधिक चीनी का भंडारण नहीं होना चाहिए। यह आदेश आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 और शुगर (कंट्रोल) ऑर्डर, 2025 के तहत जारी किया गया है।

उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय का कहना है कि हाल के दिनों में कुछ व्यापारियों और बिचौलियों द्वारा चीनी की जमाखोरी, सट्टेबाजी और बिना वास्तविक सप्लाई के कागजी कारोबार किए जाने के मामले सामने आए थे। इससे बाजार में चीनी की कृत्रिम कमी का माहौल बना और थोक व खुदरा कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला। इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने यह सख्त कदम उठाया है।

नए नियमों के तहत सभी चीनी कारोबारियों को हर सप्ताह खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग के ऑनलाइन पोर्टल पर अपने स्टॉक की जानकारी अपडेट करनी होगी। सरकार बाजार पर लगातार नजर रखेगी और जरूरत पड़ने पर आगे भी कार्रवाई कर सकती है।

देश में पर्याप्त चीनी उपलब्ध

सरकार ने यह भी साफ किया है कि देश में घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त चीनी उपलब्ध है। इसलिए आम लोगों को चीनी की कमी की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार का कहना है कि यह कदम केवल जमाखोरी और सट्टेबाजी रोकने के लिए उठाया गया है, जबकि सामान्य व्यापार और सप्लाई पर इसका कोई असर नहीं पड़ेगा।

सितंबर 2026 तक चीनी के निर्यात पर रोक

दरअसल, पिछले कुछ हफ्तों में चीनी की कीमतें रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थीं। इससे पहले भी सरकार जुलाई महीने के लिए घरेलू बिक्री का कोटा 22 लाख टन पर स्थिर रख चुकी है और सितंबर 2026 तक चीनी के निर्यात पर रोक लगा चुकी है, ताकि देश में पर्याप्त स्टॉक बना रहे।

थोक खरीदारों और कारोबारियों से अपील

उद्योग संगठन ISMA और NFCSF भी पहले ही थोक खरीदारों और कारोबारियों से अपील कर चुके हैं कि वे जरूरत से ज्यादा खरीदारी या सट्टेबाजी से बचें। वहीं, रेटिंग एजेंसी ICRA का अनुमान है कि 2025-26 सीजन में एथेनॉल के लिए डायवर्जन के बाद भी देश में करीब 2.8 करोड़ टन चीनी का उत्पादन होगा। सितंबर के अंत तक लगभग 43 लाख टन चीनी का स्टॉक बचने की उम्मीद है, जो करीब दो महीने की घरेलू खपत के बराबर है, यानी फिलहाल देश में चीनी की उपलब्धता को लेकर किसी तरह का संकट नहीं है, लेकिन सरकार कीमतों को नियंत्रण में रखने के लिए पूरी तरह सतर्क है।