सेवा, समर्पण और सशक्तिकरण के संकल्प के साथ गुरुवार को जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, जीविका समूहों और सरकारी संस्थानों में सामूहिक रूप से दीप जलाए गए। प्रशासन
.
पोलो मैदान में आयोजित कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जीविका की दीदियां और विभिन्न विभागों के कर्मी शामिल हुए। मैदान में दीपों से आकर्षक आकृतियां बनाई गईं और रंगोली सजाई गई। जिला प्रशासन की ओर से पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार पोलो मैदान में पांच हजार दीपों से विशेष सजावट की तैयारी की गई थी।
जिले के सभी 18 प्रखंडों में जीविका दीदियों की व्यापक भागीदारी रही। जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी के नेतृत्व में जीविका के संकुल संघों और ग्राम संगठनों में सामूहिक दीप प्रज्वलन किया गया। दीदियों ने सेवा, एकजुटता, आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जीविका से बदल रही ग्रामीण महिलाओं की जिंदगी
कार्यक्रम के दौरान जीविका दीदियों ने बताया कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ने के बाद महिलाओं को नियमित बचत, आंतरिक ऋण, बैंकिंग सुविधा, आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार, कौशल विकास और वित्तीय समावेशन का अवसर मिला है। समूहों के माध्यम से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी और उसका लाभ लेने में भी मदद मिल रही है।
दीदियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सामूहिक बचत और आजीविका गतिविधियों ने ग्रामीण महिलाओं में आत्मविश्वास और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत किया है। कई महिलाएं स्वरोजगार के माध्यम से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।

दरभंगा मं रंगोली से बनाई गई पीएम मोदी की आकृति।
प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर भाजपा ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा के अवसर पर भाजपा की ओर से भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। दरभंगा स्टेडियम और राज मैदान परिषद में हुए कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सरावगी, सांसद गोपालजी ठाकुर समेत पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रधानमंत्री के प्रति लोगों के स्नेह और शुभकामनाओं का प्रतीक है।
सांसद गोपालजी ठाकुर की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने भी दीप प्रज्वलित किए। भाजपा की ओर से जिले में बूथ स्तर तक दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई थी। वहीं राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने भी अभियान की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ कार्यक्रम में भागीदारी की।

गांव-गांव तक पहुंचा सेवा और संकल्प का संदेश
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में दीप प्रज्वलन के साथ विभिन्न सामाजिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। जीविका समूहों ने अधिक से अधिक महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, आजीविका के नए अवसर बढ़ाने, सरकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने तथा सामाजिक जागरूकता को मजबूत करने पर जोर दिया।
पोलो मैदान से लेकर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों तक दीपों की रोशनी ने पूरे अभियान को उत्सवी रूप दिया। सामूहिक दीप प्रज्वलन के माध्यम से सेवा, सामाजिक सहभागिता, महिला सशक्तिकरण और विकास का संदेश देने का प्रयास किया गया। बिहार सरकार के मुताबिक अभियान के साथ ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ भी 31 मार्च 2027 तक चलेगा, जिसमें सरकारी परिसंपत्तियों के उन्नयन, रखरखाव और नई आधारभूत सुविधाओं के निर्माण पर भी जोर दिया जाएगा।