जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे पर नहीं चलेगा इंटरनेट, शाम 4 बजे से आधी रात तक रहेगी पाबंदी

Published on 23 जुल॰ 2026

Image

जंतर-मंतर के आसपास नहीं चलेगा इंटरनेट (फाइल फोटो)

Jantar Mantar Protest: नीट पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर पिछले एक माह से जंतर-मंतर पर कॉकरोज जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में प्रोटेस्ट हो रहा है। इस बीच, गृह मंत्रालय ने गुरुवार को सख्त कदम उठाते हुए जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने का निर्देश दिया।

कब से कब तक बंद रहेगा इंटरनेट

हालांकि, जंतर-मंतर के 1.5 किलोमीटर के इलाके पर दिनभर इंटरनेट सेवाएं बंद नहीं रहेंगी। इसके लिए एक समयसीमा तय की गई है। गृह मंत्रालय के मुताबिक, शाम चार बजे से रात 12 बजे तक मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित रहेंगी।

इस नए आदेश में दूरसंचार अधिनियम, 2023 और दूरसंचार (सेवाओं का अस्थायी निलंबन) नियम, 2024 के प्रावधानों के तहत केंद्रीय गृह सचिव की मंजूरी से मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के निलंबन की अवधि गुरुवार की मध्यरात्रि तक बढ़ा दी गई। आदेश में कहा गया कि यह कदम 'जन सुरक्षा सुनिश्चित करने और किसी भी सार्वजनिक आपात स्थिति को टालने' के लिए उठाया गया है। मंत्रालय 17 जुलाई से अब तक इस क्षेत्र में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं निलंबित करने के लिए ऐसे पांच आदेश जारी कर चुका है।

CJP का नड्डा के आवास पर बातचीत से इनकार

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सीजेपी से सरकार के साथ एक और दौर की बातचीत के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने कहा कि बातचीत के जरिए ही मुद्दों का समाधान हो सकता है और आगे का रास्ता निकाला जा सकता है। जितेंद्र सिंह ने पीटीआई से बातचीत के दौरान कहा कि पिछले 24 घंटे में सरकार ने सीजेपी को बातचीत के लिए "कम से कम चार बार" आमंत्रित किया है।

हालांकि, सीजेपी ने नड्डा के आवास पर बातचीत करने से इनकार कर दिया। सीजेपी का कहना है कि सरकार चाहे तो जंतर मंतर पर या फिर किसी न्यूट्रल जगह पर बैठक कर सकती है।

दिल्ली में हाईवोल्टेज ड्रामा

इस बीच, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आवास पर गुरुवार की शाम विपक्षी सांसदों का जमावड़ा लगा, जहां से एक बस में सवार होकर तमाम सांसद राजघाट के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में सुरक्षाकर्मियों ने बस को रोक दिया। हालांकि, कुछ समय बाद विपक्षी सांसद राजघाट के लिए रवाना हो गए।

Anurag Gupta

अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • India

End of Article