महेंद्रगढ़ में रिटायर टीचर से 1.90 लाख हड़पे: वॉट्सएप पर भेजी APK फाइल, मोबाइल हैक; 4 ट्रांजेक्शन में निकाली राशि - Narnaul News

Published on 1 सित॰ 2026

महेंद्रगढ़ जिले में साइबर ठगों ने जीवन प्रमाण पत्र (जीवन प्रमाण) अपडेट कराने का झांसा देकर एक रिटायर महिला टीचर से 1.90 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठग ने वॉट्सएप पर APK फाइल भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल किया और पीड़िता के नाम पर नए क्रेडिट कार्ड जारी कराक

.

मामले में नोडल साइबर क्राइम थाना पंचकूला से ई-जीरो एफआईआर मिलने के बाद अब साइबर थाना नारनौल ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जाल में फंसाया

गांव भूषण कलां निवासी मंजू देवी पत्नी मदन लाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रिटायर टीचर हैं और पेंशन प्राप्त करती हैं। 31 जुलाई 2026 को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को अधिकारी बताते हुए पूछा कि वह नौकरी में हैं या पेंशनर। पेंशनर होने की जानकारी मिलने पर उसने जीवन प्रमाण पत्र अपडेट कराने की बात कही।

प्रतीकात्मक फोटो।

प्रतीकात्मक फोटो।

वॉट्सएप पर APK फाइल भेजी

इसके बाद आरोपी ने वॉट्सएप पर जीवन प्रमाण पत्र नाम से एक APK फाइल भेजी। उसकी बातों में आकर मंजू देवी ने फाइल इंस्टॉल कर दी और उसमें अपना आधार कार्ड, पैन कार्ड, एसबीआई बैंक खाता संख्या सहित अन्य व्यक्तिगत जानकारी भर दी।

हिस्ट्री में दिखे चार ट्रांजेक्शन

पीड़िता के अनुसार, ऐप इंस्टॉल करने के बाद मोबाइल बार-बार हैंग होने लगा। 13 अगस्त को जब उन्होंने फोनपे की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री देखी तो चार संदिग्ध लेनदेन दिखाई दिए। इनमें 9 अगस्त को 39,045 रुपए, 11 अगस्त को 51,375 रुपए और 43,155 रुपए तथा 13 अगस्त को 56,512 रुपए डेबिट होना दर्ज था। इस तरह कुल 1,90,087 रुपए की ठगी सामने आई।

संदेह होने पर उन्होंने APK फाइल का स्क्रीनशॉट लेकर मोबाइल फोन रीसेट कर दिया और 15 अगस्त को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर शिकायत दर्ज करा दी।

बैंक पहुंचने पर नया खुलासा

17 अगस्त को मंजू देवी एसबीआई शाखा में बैंक स्टेटमेंट लेने पहुंचीं। वहां जांच में पता चला कि उनके बैंक खाते से ऐसी कोई ट्रांजेक्शन नहीं हुई है। बैंक मैनेजर ने फोनपे कस्टमर केयर में शिकायत दर्ज कराई। बाद में फोनपे की ओर से जानकारी दी गई कि उनके नाम से नए क्रेडिट कार्ड जारी किए गए थे और उन्हीं के जरिए ये सभी ट्रांजेक्शन किए गए।

केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस

नोडल साइबर क्राइम थाना पंचकूला से प्राप्त ई-जीरो एफआईआर और एनसीआरपी शिकायत के आधार पर साइबर थाना नारनौल ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।