
टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी
Jamshedpur News: झारखंड में जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित विजया गार्डन फेज-7 में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया. यहां टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी 62 वर्षीय संदीप पाल की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों को घटना की जानकारी मिलने के बाद घर में मातम पसरा हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, संदीप पाल को गंभीर हालत में तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया था. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलने पर बिरसानगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
परिजनों के मुताबिक, संदीप पाल पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अवसाद से परेशान चल रहे थे. करीब 15 दिन पहले ही वह अपनी बेटी को बीकॉम की पढ़ाई के लिए मुंबई के एक कॉलेज में छोड़कर जमशेदपुर लौटे थे. परिजनों का कहना है कि बेटी की पढ़ाई और उसके भविष्य को लेकर वह चिंतित रहते थे.
टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की मौत
संदीप पाल टाटा स्टील के मर्चेंट मिल में चीफ पद पर कार्यरत रह चुके थे. सेवानिवृत्ति के बाद वह अपने परिवार के साथ जमशेदपुर में रह रहे थे. उनके निधन की खबर मिलते ही रिश्तेदारों, परिचितों और शुभचिंतकों का उनके आवास पर पहुंचना शुरू हो गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पुलिस घटनास्थल की जांच करने के अलावा परिजनों और आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में संदीप पाल 10वीं मंजिल से नीचे गिरे.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
फिलहाल पुलिस ने घटना के पीछे की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद विजया गार्डन और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है. संदीप पाल की अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ उनके परिचितों और टाटा स्टील से जुड़े लोगों में भी शोक की लहर है.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More