Most runs in IND vs SL Test: भारत और श्रीलंका के बीच जल्द ही टेस्ट सीरीज का आगाज होगा. इस सीरीज के लिए बीसीसीआई ने 28 जुलाई को टीम इंडिया के स्क्वाड का ऐलान कर दिया है. दोनों टीमों के बीच खेली जाने वाली यह टेस्ट सीरीज विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का हिस्सा होगी, ऐसे में यह सीरीज काफी अहम होगी. बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच पहला टेस्ट मैच साल 1982/83 में खेला गया था. यह किसी सीरीज का हिस्सा नहीं था, बल्कि यह एकमात्र टेस्ट मैच था और ड्रॉ पर खत्म हुआ था. भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 15 टेस्ट सीरीज खेली जा चुकी हैं, जबकि कुल 47 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं. तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं कि भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप-18 बल्लेबाज कौन हैं.
नंबर-1 पर हैं सचिन तेंदुलकर
भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है. सचिन तेंदुलकर ने साल 1990 से 2010 के बीच खेले गए 25 टेस्ट मैचों की 36 पारियों में कुल 1995 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 203 रन रहा है और उनका बल्लेबाजी औसत 60.45 का है. सचिन के बल्ले से इस दौरान 9 शतक और 6 अर्धशतक निकले हैं और वे 3 बार नाबाद लौटे हैं. खास बात यह है कि सचिन तेंदुलकर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट में कभी जीरो पर आउट नहीं हुए हैं. उन्होंने 3674 से अधिक गेंदों का सामना किया है और इस दौरान उन्होंने 241 से अधिक चौके तथा 10 छक्के लगाए हैं.
दूसरे नंबर पर हैं महेला जयवर्धने
भारत बनाम श्रीलंका के बीच टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में महेला जयवर्धने दूसरे नंबर पर हैं. उन्होंने साल 1997 से 2010 तक खेलते हुए भारत के खिलाफ 18 टेस्ट मैचों की 28 पारियों में 67.48 की औसत से कुल 1822 रन बनाए हैं और वे 1 बार नाबाद लौटे हैं. महेला जयवर्धने का उच्चतम स्कोर 275 रन है। उन्होंने अपने करियर में भारत के खिलाफ 6 शतक और 8 अर्धशतक लगाए हैं, जबकि 1 बार वे जीरो पर आउट हुए हैं. उन्होंने कुल 3259 गेंदें खेलीं, जिनमें 210 चौके और 7 छक्के शामिल हैं.
तीसरे नंबर पर आते हैं राहुल द्रविड़
'द वॉल' के नाम से फेमस भारतीय दिग्गज बल्लेबाज भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर मौजूद हैं. राहुल द्रविड़ ने साल 1997 से 2010 के बीच खेलते हुए श्रीलंका के खिलाफ 20 टेस्ट मैचों की 32 पारियों में 48.64 के औसत से कुल 1508 रन बनाए हैं और वे 1 बार नाबाद लौटे हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 177 रन रहा है. उन्होंने 3 शतक और 9 अर्धशतक जड़े हैं. द्रविड़ श्रीलंका के खिलाफ कभी जीरो पर आउट नहीं हुए हैं. द्रविड़ ने कुल 3245 गेंदों का सामना किया है, जिनमें 176 चौके और 4 छक्के शामिल हैं.
नंबर-4 पर हैं कुमार संगकारा
कुमार संगकारा भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर आते हैं. उन्होंने भारत के खिलाफ अब तक 17 टेस्ट मैचों की 28 पारियों में 52.00 की औसत से कुल 1352 रन बनाए. उनका उच्चतम स्कोर 219 रन रहा. इस दौरान कुमार संगकारा ने कुल 5 शतक और 2 अर्धशतक लगाए. उन्होंने भारत के खिलाफ टेस्ट में कुल 2633 गेंदों का सामना किया है और 162 चौके और 3 छक्के लगाए.
नंबर-5 पर हैं अरविंदा डी सिल्वा
अरविंदा डी सिल्वा ने 1985 से 1999 के दौरान भारत के खिलाफ खेलते हुए 19 टेस्ट मैचों की 32 पारियों में 41.73 की औसत से कुल 1252 रन बनाए. उनका उच्चतम स्कोर 148 रन रहा है. अरविंदा डी सिल्वा ने भारत के खिलाफ टेस्ट में 5 शतक और 3 अर्धशतक लगाए हैं. जबकि अरविंदा डी सिल्वा कभी भी जीरो पर आउट नहीं हुए. इस दौरान उनके बल्ले से 136 से अधिक चौके और 10 छक्के निकले हैं.
नंबर-6 पर हैं वीरेंद्र सहवाग
भारत और श्रीलंका के बीच सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने के मामले में वीरेंद्र सहवाग छठें नंबर पर हैं. सहवाग ने साल 2005 से 2010 के बीच श्रीलंका के खिलाफ 11 मैचों की 18 पारियों में 72.88 की शानदार औसत से कुल 1239 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 293 रन रहा है. सहवाग ने कुल 5 शतक और 3 अर्धशतक लगाए. इस दौरान वो 2 बार जीरो पर आउट हुए हैं. उन्होंने 99.83 के स्ट्राइक रेट से 1241 गेंदें खेलीं, जिसमें 184 चौके और 15 छक्के शामिल हैं.
नंबर-7 पर हैं मोहम्मद अजहरुद्दीन
पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन इस लिस्ट में 7वें नंबर पर हैं. मोहम्मद अजहरुद्दीन ने श्रीलंका के खिलाफ 17 टेस्ट मैचों की 23 पारियों में 55.22 के औसत से कुल 1215 रन बनाए. उनका उच्चतम स्कोर 199 रन है. इस दौरान उन्होंने कुल 5 शतक और 4 अर्धशतक लगाए.
नंबर-8 पर हैं विराट कोहली
भारत के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली इस मामले में 8वें नंबर पर मौजूद हैं. कोहली ने 2015 से 2022 के बीच श्रीलंका के खिलाफ 11 मैचों की 18 पारियों में खेलते हुए 67.81 की औसत से कुल 1085 रन बनाए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 243 रन है. इस दौरान कोहली के बल्ले से 5 शतक और 2 अर्धशतक निकला है. उन्होंने कुल 1589 गेंदों का सामना किया, जिसमें 99 चौके और 6 छक्के शामिल हैं.
नंबर-9 पर हैं सौरभ गांगुली
सौरव गांगुली श्रीलंका के खिलाफ 14 टेस्ट मैचों की 24 पारियों में 46.26 की औसत से कुल 1064 रन बनाए. उनका उच्चतम स्कोर 173 रन रहा है. गांगुली ने इस दौरान कुल 3 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं. जबकि 2 बार वे शून्य पर आउट हुए. उन्होंने कुल 2363 गेंदें खेलकर 129 चौके और 9 छक्के लगाए.
टॉप-10 में हैं एंजेलो मैथ्यूज
एंजेलो मैथ्यूज ने भारत के खिलाफ 17 मैचों की 30 पारियों में कुल 1051 रन बनाए हैं. उनका उच्चतम स्कोर 111 रन और औसत 35.03 का रहा है. उन्होंने कुल 3 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं. जबकि 1 बार वे जीरो पर आउट हुए. एंजेलो मैथ्यूज ने कुल 1973 गेंदें खेलीं, जिसमें 122 चौके और 16 छक्के शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: अश्विन और कुंबले समेत भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में किन दस गेंदबाज ने लिए हैं सबसे ज्यादा 10 विकेट, देखें पूरी लिस्ट