हरियाणा के पलवल में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 2 पुलिसकर्मियों को 9 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पुलिसवाले डायल-112 की गाड़ी पर तैनात थे। गुरुवार को पुलिसवालों ने स्कूटी छोड़ने के नाम पर शिकायतकर्ता को सुनसान जगह बुलाया।
.
शिकायतकर्ता से पैसे लेते ही ACB की टीम ने कॉन्स्टेबल हरीश को दबोच लिया। अधिकारियों का कहना है कि हरीश से पूरे पैसे रिकवर कर लिए गए हैं। हरीश से पूछताछ के बाद ड्यूटी पर तैनात दूसरे कॉन्स्टेबल दीपक को भी अरेस्ट कर लिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि कॉन्स्टेबल ने फोन कर पहले 10 हजार रुपए मांगे थे। इसके बाद 9 हजार रुपए में कॉन्स्टेबल रिश्वत के लिए मान गया।

यहां सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला…
परिजनों से झगड़े के बाद घर छोड़ा: शिकायतकर्ता के अनुसार, 28 सितंबर को उसका परिजनों के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह घर से चला गया। इस संबंध में उसके परिजनों ने डायल-112 पर सूचना दी थी। बाद में शिकायतकर्ता अपने एक दोस्त की एक्टिवा स्कूटी पर सवार होकर घर लौट रहा था। इसी दौरान वहां डायल-112 की टीम पहुंच गई। टीम को देखकर वह घबरा गया और स्कूटी लेकर वहां से चला गया। रास्ते में स्कूटी का टायर पंचर होने पर वह उसे रास्ते में छोड़कर भाग गया।
कॉन्स्टेबल ने फोन कर मांगे 10 हजार: शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद 30 सितंबर को कॉन्स्टेबल दीपक ने शिकायतकर्ता को फोन कर किठवाड़ी रोड पर मिलने के लिए बुलाया। वहां उसकी मुलाकात दीपक और कॉन्स्टेबल हरीश से हुई। दोनों पुलिसकर्मियों ने स्कूटी अपने कब्जे में होने की बात कही।
टीम ने 9 हजार रुपए लेते दबोचा: शिकायतकर्ता का कहना है कि स्कूटी छोड़ने के बदले उन्होंने 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद 9 हजार रुपए में रिश्वत की राशि तय हुई। इसके बाद उसने एसीबी की टीम से संपर्क किया। एसीबी ने पूरे मामले की जांच की। इसके बाद पुलिसवालों को पलवल में वंदेमातरम स्कूल के पीछे एक निर्माणाधीन स्कूल के पास बुलाया गया। यहां जैसे ही कांस्टेबल हरीश ने रिश्वत ली, टीम ने उसे दबोच लिया।
इंस्पेक्टर बोले- आरोपियों पर केस दर्ज किया
ACB इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि कॉन्स्टेबल हरीश पलवल थाना कैंप में राइडर-वन का इंचार्ज है। वहीं, सिपाही दीपक किठवाड़ी पुल चौकी में राइडर-तीन का इंचार्ज है। इस संबंध में थाना विजिलेंस फरीदाबाद में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश किया जाएगा।