बिहार दिनभर, 10 बड़ी खबरें: निशांत से लोग बोले- IGIMS में दलाली है, EO को रॉड से पीटा-गाड़ी चढ़ाई, जुलूस में बवाल- SHO का सिर फटा - Bihar News

Published on 6 अग॰ 2026

.

आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। स्थास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पहुंचे। यहां मरीज के परिजनों ने उन्हें घेर लिया और खराब व्यवस्था पर सवाल उठाए। वहीं, अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। बिहार के सफाईकर्मियों ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा की है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. IGIMS में स्वास्थ्य मंत्री को मरीजों के परिजनों ने घेरा

बिहार के स्थास्थ्य मंत्री निशांत कुमार गुरुवार को पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) पहुंचे। यहां भीड़ ने स्वास्थ्य मंत्री को घेर लिया। लोग खराब व्यवस्था को लेकर सवाल उठाते नजर आए। एक मरीज ने कहा, ‘सर, यहां व्यवस्था बहुत खराब है। पेशेंट को लगता है कि लाइन में लग-लगकर ही वो मर जाएगा, इलाज तो बाद में होगा।’ दूसरे मरीज ने कहा, ’ यहां दलाली होती है। आयुष्मान कार्ड से इलाज कहकर बाहर से दवाई मंगा रहे हैं। मेडिकल काउंटर वाले कह रहे कि दवाई है, लेकिन हमें बाहर से दवाई लेने के लिए कहा जा रहा है।’ पूरी खबर पढ़ें

2. मांग में सिंदूर लगाए उज्जैनी के साथ दिखीं अनुष्का

अनुष्का यादव की बेटी उज्जैनी की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। उज्जैनी अब छह महीने की हो गई हैं। इस मौके पर उनके मामा आकाश यादव ने परिवार के साथ वीडियो और तस्वीरें साझा की हैं। वीडियो में अनुष्का यादव सिंदूर लगाए अपनी बेटी के साथ रूद्रभिषेक करती दिख रही हैं। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं। पोस्ट के मुताबिक, उज्जैनी का अन्नप्राशन संस्कार बाबा महाकाल के मंदिर में संपन्न कराया गया। पूरी खबर पढ़ें

3. बिहार में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल खत्म

पटना नगर निगम सहित पूरे बिहार के नगर निकायों में 8 दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म हो गई है। दैनिक भास्कर की खबर का असर दिखा है। हड़ताल खत्म कराने के लिए सरकार ने पहल की है। आज सफाईकर्मी संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने नगर विकास और आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की, साथ में नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी मौजूद रहे। बैठक के बाद सफाईकर्मी संघ ने हड़ताल वापस लेने की घोषणा कर दी। पूरी खबर पढ़ें

4. BSF के शहीद जवान को दी गई आखिरी विदाई

भारत-बांग्लादेश बॉर्डर पर तैनात औरंगाबाद के BSF जवान का पार्थिव शरीर आज घर लाया गया। जयंत सिंह उर्फ गुड्डू की पश्चिम बंगाल के कुकरोधा बॉर्डर पर तैनाती थी। सीमा पर ड्यूटी के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से वे शहीद हो गए थे। पार्थिव शरीर फूलों से सजी गाड़ी से घर लाया गया है। गांव से 5 किलोमीटर पहले ही लोग तिरंगा लेकर गाड़ी के पीछे चलने लगे। भारत माता के नारे लगे। जैसे ही बॉडी गांव के अंदर दाखिल हुई हर किसी की आंखें नम थीं। पूरी खबर पढ़ें

5. पूर्व मेयर समीर हत्याकांड: सभी 6 आरोपी बरी

मुजफ्फरपुर शहर के पूर्व मेयर समीर कुमार और उनके ड्राइवर रोहित कुमार हत्याकांड में गुरुवार को सुनवाई हुई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश की अदालत ने पहले ट्रायल में 6 दोषियों को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। जिसमें सरैया निवासी ट्रांसपोर्टर मृत्युंजय कुमार उर्फ पिंटू सिंह, बेगूसराय के ओंकार सिंह उर्फ रंजय, आमगोला निवासी सुशील छापड़िया, गोबरसही निवासी नवीन कुमार, पूसा रोड निवासी श्यामनंदन मिश्र और सकरा निवासी सुजीत कुमार शामिल हैं। पूरी खबर पढ़ें

6. ड्राइवर का कबूलनामा, पहले पीटा फिर गाड़ी चढ़ाई

सासाराम के एग्जाक्यूटिव ऑफिसर विमल कुमार की हत्या के मामले में उनके ड्राइवर मिथलेश कुमार ने पुलिस पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। उसने बताया है कि वो छुट्टी नहीं मिलने और विमल के उसके प्रति व्यवहार को लेकर काफी टेंशन में रह रहा था। हत्या वाले दिन वो डिहरी से पटना जा रहे थे। ड्राइवर ने टॉयलेट करने के लिए गाड़ी रोकने को कहा, इसे लेकर विमल से उसकी कहासुनी हुई। गुस्से में आकर मिथिलेश ने बारुण-दाउदनगर नहर रोड में गाड़ी रोक दी। पूरी खबर पढ़ें

7. चेहल्लुम के जुलूस में बवाल, SHO का सिर फटा

पटना सिटी के खाजेकलां में बुधवार को बिना प्रशासनिक अनुमति के चेहल्लुम का जुलूस निकाला गया। इस दौरान अपने जुलूस को आगे ले जाने को दो अखाड़ों के युवकों के बाच झड़प के बाद हंगामा मच गया। सूचना मिलते ही खाजेकलां थानाध्यक्ष (SHO) विद्यानंद वर्मा मौके पर पहुंचे और विवाद को शांत कराने लगे। बीच-बचाव के दौरान खाजेकलां SHO घायल हो गए। उनके सिर में चोट लगी है। उन्हें फौरन इलाज के लिए अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई और वह दोबारा ड्यूटी पर लौट आए। पूरी खबर पढ़ें

8. बंटी यादव हत्याकांड,तीन आरोप नेपाल भागे

पटना के चर्चित बंटी यादव हत्याकांड में सरेंडर करने वाले आरोपी सोनू को पुलिस 2 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। कोतवाली थाना की पुलिस पूरे घटनाक्रम में उसकी भूमिका की पड़ताल कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान सोनू लगातार वारदात में अपनी संलिप्तता से इनकार कर रहा है। उसका कहना है कि वह घटनास्थल पर मौजूद था, लेकिन हत्या में उसकी कोई भूमिका नहीं थी। पुलिस अब उसके बयान का तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों से मिलान कर रही है। पूरी खबर पढ़ें

9. कॉकरोच कैफे, इंस्टाग्राम से आया आइडिया

नालंदा में एक नया कैफे खुला है। जिसकी किसी तरह की ब्रांडिंग नहीं हुई है, लेकिन फिर भी युवा इस कैफे की ओर खींचे चले आ रहे हैं। वो इस लिए क्योंकि इसका नाम सबसे अलग 'कॉकरोच कैफे' है। यहां कोई भी डिश 99 रुपए से ऊपर नहीं है। कैफे के संचालक कनिष्क राज ने अजीबोगरीब नाम रखने का कारण बताया है। वे कहते हैं कि इंस्ट्रग्राम पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' से जुड़ी एक रील देखी थी, इसी के बाद मुझे ये नाम रखने का आइडिया आया। कैफे की ओपनिंग 27 जुलाई को हिलसा में हुई थी। पूरी खबर पढ़ें

10. 15 जिलों में कल बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र ने कल यानी शुक्रवार को बिहार के 15 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। हालांकि, लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।