‘1000 रुपये प्रति लीटर तक बिकेगा पेट्रोल’, आर्थिक तंगी से जूझ रहे पाकिस्तान के मंत्री की चेतावनी

Published on 21 सित॰ 2026

इस्लामाबाद (उत्तम हिन्दू न्यूज) : पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमतों को लेकर सरकार ने बड़ी चेतावनी दी है। पेट्रोलियम मंत्री अली परवेज मलिक ने कहा है कि अगर देश में ईंधन की कमी पैदा होती है तो पेट्रोल की कीमत 1,000 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच सकती है। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और वैश्विक तेल बाजार में जारी उथल-पुथल के बीच पाकिस्तान में ईंधन संकट की आशंका बढ़ गई है।

लाहौर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मलिक ने कहा कि पाकिस्तान में पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में पहले ही करीब 50 फीसदी की बढ़ोतरी हो चुकी है। यूरोप और अमेरिका में भी ईंधन की कीमतों में तेजी देखी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार बढ़ती कीमतों का असर कम करने के लिए समाज के कमजोर वर्गों को राहत देने के उपाय कर रही है।

पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि देश में तेल के कुओं पर काम शुरू कर दिया गया है। सरकार को उम्मीद है कि अक्टूबर तक घरेलू स्तर पर कच्चे तेल की उपलब्धता बढ़ सकती है। इससे महंगे आयात पर पाकिस्तान की निर्भरता कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पाकिस्तान में 19 सितंबर से पेट्रोल की कीमत 389.14 रुपये प्रति लीटर और हाई-स्पीड डीजल की कीमत 424.04 रुपये प्रति लीटर है। सरकार ने हालिया संशोधन में पेट्रोल के दाम 1.65 रुपये और डीजल के दाम 0.88 रुपये प्रति लीटर घटाए थे, लेकिन दोनों की कीमतें अब भी बेहद ऊंचे स्तर पर हैं।

बढ़ती कीमतों के असर को कम करने के लिए पाकिस्तान सरकार ने छोटे वाहन मालिकों के लिए राहत योजना शुरू की है। इसके तहत मोटरसाइकिल, रिक्शा, चिंगची और 800 सीसी तक की गाड़ियों के पात्र उपयोगकर्ताओं को पेट्रोल पर 100 रुपये प्रति लीटर तक की सब्सिडी देने की व्यवस्था की गई है।

मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और तेल की आपूर्ति पर असर के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ी है। होर्मुज जलडमरूमध्य और अन्य प्रमुख समुद्री मार्गों से तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका ने पाकिस्तान जैसे आयात पर निर्भर देशों की चिंता बढ़ा दी है। पाकिस्तान सरकार ने ईंधन की खपत कम करने के लिए सरकारी वाहनों के ईंधन आवंटन में कटौती समेत कई मितव्ययिता उपाय भी लागू किए हैं।

You Might Be Interested In

  • लद्दाख के हक के लिए सोनम वांगचुक का नया ऐलान, पुलिस गोलीबारी की बरसी पर निकालेंगे 20 KM पैदल मार्च
  • एशियन गेम्स 2026 : भारतीय शूटर्स हिमांशु ने सिल्वर और रुद्राक्ष ने जीता ब्रॉन्ज मेडल, सुचिका ने MMA में रचा इतिहास
  • ‘भारत में अमेरिका से 1500 साल पहले आया था ईसाई धर्म’, हनुमान जी के खिलाफ बोलने वाले अमेरिकी को ईशान थरूर ने लताड़ा
  • इटली के स्कूलों में बुर्का-नकाब पर लगेगी रोक, PM जॉर्जिया मेलोनी ने किया प्रस्ताव लाने का ऐलान
  • DNA टेस्ट में खुला राज, रेप का दोषी ठहराए गए शख्स को हाई कोर्ट ने किया बरी
  • केरल में आसमानी आफत: मलप्पुरम में अचानक आई बाढ़ और इडुक्की में भूस्खलन, 7 लोगों की दर्दनाक मौत