नंद कुमार | एटा3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

एटा। एटा पुलिस ने सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से विभिन्न कंपनियों के 101 गुम हुए स्मार्टफोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 17 लाख रुपये बताई गई है। सभी मोबाइल भारत सरकार के दूरसंचार विभाग के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर ट्रैक किए गए।
पुलिस लाइन स्थित हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी नीतीश गर्ग की मौजूदगी में मोबाइल फोन उनके स्वामियों को वापस सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया।
सर्विलांस और साइबर सेल ने की तकनीकी ट्रैकिंग
एटा पुलिस की सर्विलांस सेल और साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार ट्रैकिंग के जरिए जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से इन मोबाइल फोन को बरामद किया। सभी शिकायतें CEIR पोर्टल पर दर्ज थीं, जिनके आधार पर कार्रवाई करते हुए मोबाइल खोजे गए।

इन कंपनियों के मोबाइल हुए बरामद
बरामद 101 मोबाइल फोन में विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन शामिल हैं।
एएसपी ने क्या कहा
अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) योगेंद्र कुमार ने बताया, "भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर सर्विलांस टीम और साइबर सेल ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए हैं।"
मोबाइल गुम होने पर ऐसे करें शिकायत
पुलिस ने आमजन को मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में CEIR पोर्टल पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी है। इसकी प्रक्रिया इस प्रकार है—
- CEIR पोर्टल पर जाएं।
- "Block Stolen/Lost Mobile" विकल्प चुनें।
- मोबाइल का IMEI नंबर, सिम की जानकारी और शिकायत संख्या दर्ज करें।
- थाना स्तर पर सत्यापन के बाद मोबाइल की तकनीकी ट्रैकिंग शुरू की जाती है।
- मोबाइल मिलने पर "Unblock Found Mobile" विकल्प के माध्यम से उसे अनब्लॉक करें।
पुलिस ने दिए सुरक्षा संबंधी सुझाव
पुलिस ने मोबाइल उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि—
- मोबाइल गुम होने पर संबंधित सिम तुरंत बंद कराकर दोबारा री-इश्यू कराएं, ताकि उसका दुरुपयोग न हो सके।
- नया मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर सुरक्षित नोट करके रखें।
- मोबाइल चोरी या गुम होने पर तत्काल नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें।
- किसी भी अनजान व्यक्ति, कॉल या लिंक पर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा न करें।
- गुमशुदा मोबाइल की रिपोर्ट थाने के साथ-साथ CEIR पोर्टल पर भी दर्ज कराएं, ताकि उसकी ट्रैकिंग शीघ्र शुरू हो सके।
एटा पुलिस की अपील
एटा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन की सूचना तुरंत CEIR पोर्टल पर दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। इससे मोबाइल के दुरुपयोग पर प्रभावी रोक लगती है और तकनीकी सर्विलांस के जरिए उसकी सुरक्षित एवं शीघ्र बरामदगी की संभावना काफी बढ़ जाती है।
.