इंजीनियरिंग ऑफिसर सहित 110 पदों पर आवेदन जारी: सीपीआरआई भर्ती 2026 | CPRI Recruitment 2026: Applications Open for 110 Engineering Officer and Other Posts

Published on 21 सित॰ 2026

बेंगलुरु, भारत सरकार के बिजली मंत्रालय के तहत एक स्वायत्त संस्था, केंद्रीय विद्युत अनुसंधान संस्थान (सीपीआरआई), जो बिजली आपूर्ति प्रणालियों के उत्पादन, ट्रांसमिशन, वितरण और संचालन के क्षेत्रों में अनुसंधान और विकास का काम करती है, ने सीधी भर्ती अभियान के तहत इंजीनियरिंग ऑफिसर सहित विभिन्न 110 पदों पर योग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

सीपीआरआई की ओर से जारी विभिन्न 110 पदों में इंजीनियरिंग ऑफिसर ग्रेड-I (इलेक्ट्रिकल) के 7, इंजीनियरिंग ऑफिसर ग्रेड-I (सिविल) का 1, इंजीनियरिंग असिस्टेंट (इलेक्ट्रिकल) के 10, इंजीनियरिंग असिस्टेंट (मैकेनिकल) का 1, साइंटिफिक असिस्टेंट (केमिस्ट्री) के 2, टेक्नीशियन ग्रेड-I (इलेक्ट्रिकल) के 7, टेक्नीशियन ग्रेड-I (मैकेनिकल) के 2, टेक्निकल अटेंडेंट ग्रेड-I के 37, असिस्टेंट ग्रेड-II के 29 और मल्टी-टास्किंग स्टाफ ग्रेड-I (वॉच एंड वार्ड ड्यूटी) के 14 पद शामिल हैं।

इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 19 सितंबर के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और आवेदन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार सीपीआरआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की शाम 5 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड/संस्थान/विश्वविद्यालय से पद के संबंधित विषय के अनुसार इंजीनियरिंग या टेक्नोलॉजी में फर्स्ट क्लास बैचलर डिग्री/3 वर्षीय डिप्लोमा/बीए/बीएससी/बीकॉम/बीबीए/बीबीएम/बीसीए/आईटीआई सर्टिफिकेट/मैट्रिकुलेशन या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसके अलावा, कैंडिडेट्स के पास वर्ष 2024/2025/2026 का वैध गेट (ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग) स्कोर और पद के अनुसार प्रासंगिक क्षेत्र में निर्धारित 5 वर्षों का अनुभव होना भी जरूरी है।

आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 25 से 35 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन पद के अनुसार आवेदनों की स्क्रीनिंग, गेट स्टोर जांच, कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (सीबीटी) और स्किल टेस्ट/ट्रेड टेस्ट के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 18,000 से 1,42,400 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवार को पद और वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 1,000 रुपए (इंजीनियरिंग ऑफिसर ग्रेड-I, साइंटिफिक असिस्टेंट, इंजीनियरिंग असिस्टेंट) और 700 रुपए (टेक्नीशियन ग्रेड-I, असिस्टेंट ग्रेड-II, टेक्निकल अटेंडेंट ग्रेड-I) के लिए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/पूर्व-सैनिक और महिलाओं को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।