1100 किलो फूलों से सजी बाबा गुप्तनाथ की झांकी, गुप्तेश्वर महादेव का मेला आज - Dausa News

Published on 27 अग॰ 2026

.

सावन के पवित्र महीने में शिवालयों में आस्था का रंग चढ़ा हुआ है। जिला मुख्यालय पर स्थित प्राचीन गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार को मेले का आयोजन होगा। इससे पहले बुधवार रात मंदिर परिसर में जागरण हुआ। इस दौरान बाबा गुप्तनाथ की फूलों से भव्य झांकी सजाई गई। करीब 1100 किलो गुलाब के सफेद फूलों से तैयार की गई झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर में भगवान शिव के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। शहर के पंच महादेव मंदिरों में से एक गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में सावन में हर साल विशेष आयोजन होते हैं। मेले को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार रात हुए जागरण में कलाकारों ने भजनों की प्रस्तुतियां दीं। मंदिर में बाबा की आकर्षक फूलों की झांकी सजाए जाने के बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। इस दौरान महाआरती की गई।

यहां बाबा अमरनाथ की बर्फ की सवा पांच फीट की झांकी भी सजाई गई। कार्यक्रम के दौरान जयकारों से मंदिर परिसर गूंजता रहा। गुप्तेश्वर महादेव के मेले को लेकर मंदिर परिसर में तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए मंदिर के बाहर दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें सजा ली हैं। मेले में पूजा सामग्री, प्रसाद, खिलौने और अन्य सामान की दुकानें लगाई जा रही हैं। गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में सावन के दौरान भगवान शिव के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।

गंगाजल से सिद्धिविनायक महाराज का अभिषेक

दौसा | सब्जी मंडी फुटकर विक्रेता संघ एवं श्री सिद्धिविनायक मंदिर सेवा समिति के तत्वावधान में झांजी रामपुर धाम से डाक कावड़ लाई गई। श्रद्धालुओं ने कावड़ के पवित्र जल से श्री सिद्धिविनायक महाराज का अभिषेक किया। इससे पहले भगवान का दुग्धाभिषेक और गंगाजल से अभिषेक किया गया। धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। कार्यक्रम में श्री सिद्धिविनायक मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष शंकर लाल शर्मा, समिति सदस्य राजेश पारीक, सतीश पारीक एडवोकेट, महावीर डोई, गोविंद गौड़, लक्ष्मीकांत शर्मा एडवोकेट, सब्जी मंडी अध्यक्ष राजू सैनी, राकेश गणेशपुरा, रामकिशन सैनी सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान सिद्धिविनायक की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

धार्मिक महोत्सव एवं विशाल महाप्रसादी

कुंडल| स्थानीय खेजड़े वाले बालाजी मंदिर, कुंडल परिसर में कल भव्य धार्मिक महोत्सव एवं विशाल महाप्रसादी का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और उत्साह के साथ किया। कार्यक्रम को लेकर मंदिर समिति एवं धर्मप्रेमी जनता द्वारा सभी तैयारी पूर्ण की समिति अध्यक्ष प्रकाश चंद बाजार वाला एवं जितेंद्र बडाला ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस पावन अवसर पर प्रातः काल भव्य ध्वज पदयात्रा निकाली जाएगी। हनुमान चालीसा के पाठ किए गए भव्य ध्वज पदयात्रा: प्रातः 8:00 बजे (श्री मुरली मनोहर बड़े मंदिर से प्रारंभ होकर खेजड़े वाले बालाजी मंदिर, कुंडल पहुंचेगी।

डीजे पर नाचते-गाते

रवाना हुए श्रद्धालु

राहुवास| कुंतलवास से अलीपुरा स्थित बख्तावर महाराज के दरबार के लिए बुधवार को 17वीं पदयात्रा रवाना हुई। सुबह करीब 9 बजे गोपीनाथजी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद यात्रा शुरू हुई। श्रद्धालु धार्मिक भजनों के साथ मुख्य मार्ग से होते हुए राहुवास के खेड़ा वाले हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां दर्शन किए। डोक लगाई। अल्पाहार किया।

इसके बाद पदयात्रा अलीपुरा के लिए आगे बढ़ी। झंडाधारी राजाराम मीणा के अनुसार, रास्ते में कई गांवों में पदयात्रियों का स्वागत हुआ। कुछ स्थानों पर नाश्ते और अल्पाहार की व्यवस्था रही। श्रद्धालु रंग-बिरंगी वेशभूषा में जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। दोपहर करीब 12 बजे पदयात्रा अलीपुरा स्थित दरबार पहुंची। वहां ध्वजा विसर्जन किया गया। मंदिर की परिक्रमा के बाद दर्शन किए गए। प्रसाद वितरण भी हुआ।