जब तीन साल बाद मिलीं 112 लाशें एक साथ दफनाई गईं, चीखों से गूंज उठा शहर, कितने बच्चों को कब्र में भेजा?

Published on 4 अग॰ 2026

Time Updated: Tuesday, August 4, 2026, 20:58 [IST]

Palestinians Mass Burial: गाजा के दैर अल-बलाह में मंगलवार (4 अगस्त 2026) का दिन बेहद दर्दनाक रहा। 2023 में हुए एक भीषण इजरायली हमले के बाद मलबे से बरामद 112 शवों को एक साथ सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इनमें 40 बच्चों के अवशेष भी शामिल थे। सामूहिक जनाजे में सैकड़ों लोग शामिल हुए और पूरा इलाका मातम, चीखों और दुआओं से गूंज उठा।

यह घटना सिर्फ एक कब्र में दफनाने की नहीं थी, बल्कि इजरायल-हमास युद्ध की उन भयावह यादों की तस्वीर फिर से सामने ले आया है, जिनका दर्द आज भी हजारों परिवार झेल रहे हैं। आइए विस्तार से जानते हैं कि इस जंग में कितनी मौतें हुईं? कितने बच्चे मारे गए?

palestinians-mass-burial-112-bodies
गाजा शहर में सुपुर्द-ए-खाक के दौरान, फिलिस्तीनी लोग हसायना और अबू शरिया परिवारों के सदस्यों के शवों को ले जा रहे हैं। शवों को झंडे में लपेटा गया है।-PTI फोटो।

Israel-Hamas War News: 2023 के हमले के करीब तीन साल बाद मिलीं 112 लाशें

एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, गाजा सिटी के सबरा इलाके में 22 नवंबर 2023 को हुए एक बड़े हवाई हमले के बाद तबाह इमारतों के मलबे से हाल ही में 112 लोगों के अवशेष निकाले गए। युद्ध के शुरुआती दौर में भारी बमबारी, लगातार संघर्ष और संसाधनों की कमी के कारण सभी शवों को तत्काल बाहर निकाल पाना संभव नहीं हो पाया था। अब संघर्षविराम के दौरान बचाव दलों को मलबा हटाने का मौका मिला, जिसके बाद बड़ी संख्या में मानव अवशेष बरामद किए गए। इन शवों को मंगलवार को सामूहिक रूप से दफनाया गया।

Israel-Hamas War News: क्या हुआ था 22 नवंबर 2023 को?

22 नवंबर 2023 को गाजा सिटी के सबरा इलाके में स्थित एक रिहायशी ब्लॉक पर हवाई हमला हुआ था। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, पूरा इलाका कुछ ही पलों में मलबे में तब्दील हो गया। उस समय यह हमला युद्ध के सबसे घातक हमलों में गिना गया था।

हमले के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहतकर्मियों ने सीमित संसाधनों के साथ बचाव अभियान शुरू किया। फावड़े, लोहे की छड़ें और कई जगहों पर नंगे हाथों से मलबा हटाया गया। शुरुआती दिनों में करीब 40 शव निकाले जा सके, लेकिन अधिकांश लोग इमारतों के मलबे के नीचे ही दबे रह गए।

कैसे बरामद हुए इतने शव? 157 लाशें अभी भी दबीं

हमास के प्रशासन के अधीन काम करने वाली सिविल डिफेंस एजेंसी के अनुसार, हाल के दिनों में बचाव दलों ने दोबारा खुदाई अभियान चलाया। इसी अभियान में 112 लोगों के अवशेष मिले। एजेंसी का कहना है कि बरामद शवों में 40 बच्चे भी शामिल हैं। इसके बावजूद अभी भी 157 लोगों के अवशेष मलबे के नीचे दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

Gaza Mass Burial: फिलिस्तीनी झंडों में लपटी लाशें, हुईं सुपुर्द-ए-खाक

दैर अल-बलाह में दफन से पहले सभी शवों को फिलिस्तीनी झंडों में लपेटकर कतारों में रखा गया। कई शवों के साथ उनकी तस्वीरें रखी गईं, जबकि आसपास फूलों की पंखुड़ियां बिखेरी गई थीं।

सैकड़ों लोगों ने एक साथ जनाजे की नमाज अदा की। कई लोग आसपास मौजूद तबाह इमारतों और मलबे पर खड़े होकर प्रार्थना में शामिल हुए। इसके बाद शवों को स्ट्रेचर पर उठाकर संकरी गलियों से होते हुए कब्रिस्तान ले जाया गया, जहां उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया गया।

परिजनों का दर्द छलका, अभी भी 7400 लोग लापता

मृतकों के रिश्तेदार तैसिर अल-हसायना ने कहा कि इन लोगों का 'एकमात्र अपराध' यह था कि वे अपने घरों में रह गए थे और उन्हें विश्वास था कि उनका घर उन्हें सुरक्षित रखेगा। उन्होंने कहा कि कई परिवार आज भी अपने लापता रिश्तेदारों का इंतजार कर रहे हैं। उनके अनुसार, ऐसा लगता है मानो कई शव बिना किसी निशान के हमेशा के लिए गायब हो गए हों। दफनाए गए अधिकांश लोग हसायना और अबू शरिया परिवारों से जुड़े थे, जिनके कई सदस्य एक ही हमले में मारे गए थे।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के रिकॉर्ड विभाग के प्रमुख जाहर अल-वहीदी के अनुसार, रिश्तेदारों की जानकारी के आधार पर कम से कम 7,400 लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वास्तविक संख्या इससे कहीं अधिक हो सकती है। कई मामलों में पूरा परिवार एक साथ मारा गया, इसलिए उनके लापता होने की सूचना देने वाला भी कोई नहीं बचा।

Israel-Hamas War News में कितनी हुई मौतें?

इस संघर्ष की शुरुआत 7 अक्टूबर 2023 को हुई, जब हमास के नेतृत्व में दक्षिणी इजरायल पर हमला किया गया। इजरायली आंकड़ों के अनुसार, उस हमले में लगभग 1,200 लोगों की मौत हुई थी और 251 लोगों को बंधक बनाया गया था। कम से कम 7,400 लोग अभी भी लापता हैं। इसके बाद इजरायल ने गाजा में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया।

गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, इस अभियान में अब तक 73,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है। मंत्रालय नागरिकों और लड़ाकों का अलग-अलग आंकड़ा जारी नहीं करता, लेकिन उसका कहना है कि मृतकों में बड़ी संख्या महिलाओं और बच्चों की है। दूसरी ओर, इजरायल का कहना है कि उसकी कार्रवाई केवल उन सशस्त्र समूहों के खिलाफ है, जिन्हें वह सुरक्षा के लिए खतरा मानता है या जो 7 अक्टूबर के हमले में शामिल थे।

(PTI इनपुट के साथ)