
जो रूट का इस तरह से आउट होना एक पैटर्न बन गया है.Image Credit source: PTI
England vs Pakistan, Lord’s Test: महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रन और शतकों के रिकॉर्ड का पीछा कर रहे जो रूट के लिए एक-एक मैच और एक-एक पारी बहुत अहम है. पिछले कुछ सालों में इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज ने शतकों और रनों की बारिश करते हुए खुद को सचिन के काफी करीब पहुंचा दिया है. मगर रूट की इस रफ्तार पर अब ब्रेक लगने लगा है क्योंकि अचानक उनकी एक कमजोरी सामने आती दिख रही है. पाकिस्तान के खिलाफ भी उनकी ये बेबसी नजर आई है, जहां वो लगातार 3 पारियों में LBW आउट हुए हैं.
पाकिस्तान के खिलाफ एक ही तरह आउट
इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच लॉर्ड्स में 27 अगस्त से शुरू हुए दूसरे टेस्ट मैच में दो दिन के अंदर ही इंग्लैंड की दूसरी पारी भी शुरू हो गई. मैच के पहले दिन इंग्लैंड ने बैटिंग की थी और दूसरे दिन पाकिस्तान को जल्दी निपटा कर अपनी सेकंड इनिंग शुरू की. मगर ये दोनों ही पारी इंग्लैंड के कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज जो रूट के लिए अच्छी साबित नहीं हुई. लॉर्ड्स के जिस मैदान पर रूट ने बेतहाशा रन और शतक बटोरे हैं, वहां वो सिर्फ 4 और 24 रन ही बना सके.
लॉर्ड्स टेस्ट मैच के पहले दिन पाकिस्तानी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने उन्हें LBW आउट किया. फिर अगले दिन अब्बास के बॉलिंग पार्टनर मोहम्मद अली ने यही काम किया. दोनों बार रूट अंदर आती हुई गेंद को बैकफुट पर खेलने की कोशिश में LBW आउट हो गए. इन दोनों ही मौकों पर रूट क्रीज के अंदर खड़े थे. सिर्फ लॉर्ड्स ही नहीं, बल्कि लीड्स में खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच की इकलौती पारी में भी जो रूट LBW आउट हुए थे.
सामने आ गई जो रूट की कमजोरी?
टेस्ट क्रिकेट में 168 मैच और 14 हजार से ज्यादा रन बना चुके जो रूट का अचानक LBW आउट होना इंग्लैंड के लिए चिंता का विषय बन गया है. चिंता इसलिए है क्योंकि ये सिर्फ इस सीरीज तक ही सीमित नहीं है बल्कि एक पैटर्न बन गया है. टेस्ट क्रिकेट में जो रूट की पिछली 12 पारियों में ये 9वीं बार है, जब वो तेज गेंदबाजों के खिलाफ अंदर आती हुई गेंद पर LBW आउट हुए हैं. इस सिलसिले की शुरुआत दिसंबर 2025 में मेलबर्न में एशेज टेस्ट की दूसरी पारी से हुई थी.
इसके बाद से रूट ने एक शतक और 2 अर्धशतक लगाए हैं लेकिन ज्यादातर पारियों में कुछ देर टिकने के बाद ही वो LBW आउट हो रहे हैं और अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके हैं. खास तौर पर न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में हुई सीरीज में लगातार 4 पारियों में वो इस तरह आउट हुए, जिसमें खास तौर पर विकेटकीपर के स्टंप के करीब आने से रूट को मजबूरी में क्रीज के अंदर रहकर खेलना पड़ा है और इसलिए वो ऐसे आउट हुए हैं. अब इसको ही दूसरी टीमें भुनाने की कोशिश कर रही हैं. क्या रूट इससे उबर पाएंगे या फिर ये कमजोरी उन्हें सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने से रोक देगी?

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More