देश में मोबाइल यूजर्स की संख्या 120 करोड़ के पार, एक्टिव ग्राहकों में जियो नंबर-1

Published on 28 जुल॰ 2026

देश में मोबाइल यूजर्स की संख्या 120 करोड़ के पार, एक्टिव ग्राहकों में जियो नंबर-1

देश का कुल टेलीफोन ग्राहक आधार बढ़कर 134.80 करोड़ तक पहुंच गयाImage Credit source: Getty Images

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) की जून 2026 की रिपोर्ट में भारतीय टेलीकॉम बाजार की नई तस्वीर सामने आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, एक्टिव मोबाइल ग्राहकों के मामले में रिलायंस जियो देश की सबसे बड़ी कंपनी बनी हुई है. वहीं, जून महीने में सबसे ज्यादा नए मोबाइल ग्राहक जोड़ने का रिकॉर्ड भारती एयरटेल के नाम रहा. इस दौरान देश का कुल टेलीफोन ग्राहक आधार बढ़कर 134.80 करोड़ तक पहुंच गया, जबकि एक्टिव मोबाइल ग्राहकों की संख्या 120 करोड़ के पार निकल गई.

एयरटेल का भी मजबूत प्रदर्शन

टीआरएआई के अनुसार, जून 2026 में रिलायंस जियो ने 33.3 लाख नए एक्टिव यानी वीएलआर मोबाइल ग्राहक जोड़े. इसके बाद कंपनी का कुल एक्टिव मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर 49.89 करोड़ हो गया. देश के कुल 120.11 करोड़ एक्टिव मोबाइल ग्राहकों में जियो की हिस्सेदारी करीब 41.5 प्रतिशत रही, जिससे वह इस श्रेणी में पहले स्थान पर कायम है. वहीं, भारती एयरटेल ने भी जून के दौरान 29.3 लाख नए एक्टिव ग्राहक जोड़े. रिपोर्ट के मुताबिक, देश के कुल वायरलेस ग्राहकों में 93.66 प्रतिशत ग्राहक एक्टिव रहे, जबकि प्रमुख कंपनियों में एयरटेल का वीएलआर अनुपात सबसे ज्यादा 99.27 प्रतिशत दर्ज किया गया. दूसरी ओर, वोडाफोन आइडिया, बीएसएनएल और एमटीएनएल के एक्टिव ग्राहक आधार में गिरावट दर्ज की गई.

बाजार में जियो की बादशाहत कायम

जून महीने में सबसे ज्यादा नए मोबाइल ग्राहक जोड़ने का रिकॉर्ड भारती एयरटेल के नाम रहा. कंपनी ने कुल 31.63 लाख नए टेलीकॉम ग्राहक जोड़े, जिनमें 29.89 लाख मोबाइल और 1.73 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक शामिल हैं. वहीं, रिलायंस जियो ने 21.46 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े, जिससे उसका कुल मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर 50.36 करोड़ हो गया. इसके साथ ही जियो करीब 39.3 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ देश की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा प्रदाता बनी हुई है.

जून के दौरान वोडाफोन आइडिया ने 1.63 लाख और बीएसएनएल ने 94,006 नए वायरलेस ग्राहक जोडे़, जबकि एमटीएनएल को 11,284 ग्राहकों का नुकसान हुआ. महीने के अंत तक एयरटेल के कुल मोबाइल ग्राहक 48.68 करोड़, वोडाफोन आइडिया के 19.88 करोड़, बीएसएनएल के 9.30 करोड़ और एमटीएनएल के 1.66 लाख ग्राहक रहे.

जून में जुड़े 87 प्रतिशत नए ग्राहक जियो और एयरटेल के खाते में

टीआरएआई की रिपोर्ट बताती है कि जून 2026 में देशभर में करीब 62 लाख नए टेलीकॉम ग्राहक जुड़े. इनमें से 54.54 लाख ग्राहक केवल जियो और एयरटेल ने जोड़े, जो कुल नए ग्राहकों का लगभग 87 प्रतिशत है. रिपोर्ट के अनुसार, जून के अंत तक भारत का कुल मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर 128.2 करोड़ हो गया, जबकि मोबाइल और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस को मिलाकर कुल वायरलेस कनेक्शन 130 करोड़ तक पहुंच गए. इनमें 114.7 करोड़ मोबाइल सिम, 13.47 करोड़ मशीन टू मशीन यानी एम2एम सिम और 1.78 करोड़ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस कनेक्शन शामिल हैं. इसी दौरान देश का कुल टेलीफोन ग्राहक आधार 134.31 करोड़ से बढ़कर 134.80 करोड़ हो गया.

फिक्स्ड वायरलेस और 5जी एफडब्ल्यूए में भी जियो की मजबूत पकड़

फिक्स्ड लाइन सेवाओं में रिलायंस जियो ने जून के दौरान 1.44 लाख नए कनेक्शन जोड़े और उसका कुल वायरलाइन ग्राहक आधार 1.56 करोड़ तक पहुंच गया. इस कैटेगरी में कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 32.7 प्रतिशत रही. वहीं, 5जी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस यानी एफडब्ल्यूए सेवा में भी जियो सबसे आगे बना हुआ है. जून के अंत तक कंपनी के 91.14 लाख 5जी एफडब्ल्यूए ग्राहक हो गए, जो देश के कुल 5जी एफडब्ल्यूए ग्राहकों का 70.5 प्रतिशत हिस्सा है. जून में इस श्रेणी में कंपनी ने 1.46 लाख नए ग्राहक जोड़े. इसके अलावा, यूबीआर आधारित फिक्स्ड वायरलेस सेवा देने वाली जियो फिलहाल देश की एकमात्र कंपनी है और इस सेवा के ग्राहकों की संख्या 49.34 लाख तक पहुंच चुकी है. टीआरएआई ने यह भी बताया कि जून में 1.47 करोड़ से ज्यादा मोबाइल ग्राहकों ने मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी यानी एमएनपी के लिए आवेदन किया, जो मई के मुकाबले अधिक है.

ये भी पढ़ें: आप भी करते हैं Claude से ‘प्राइवेट’ बात? गूगल सर्च में लीक हुईं चैट, कंपनी ने झाड़ा पल्ला

विशाल मैथिल

विशाल मैथिल

भोपाल के रहने वाले हैं. कम्प्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन और मीडिया रिसर्च में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद डिजिटल मीडिया में कदम रखा. दैनिक भास्कर से शुरुआत हुई. इसके बाद टाइम्स नाउ नवभारत और अमर उजाला जैसे संस्थान में टेक जर्नलिस्ट के दौर पर करने के बाद TV9 भारतवर्ष से जुड़े हैं. सोशल मीडिया कैंपेन को लीड करने और हिंदी मैग्जीन में भी काम करने का मौका मिला. फिलहाल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सिक्योरिटी और स्मार्टफोन की खबरें आप तक आसान भाषा में पहुंचाने का काम कर रहे हैं. गैजेट्स कंपेरिजन, गैजेट्स रिव्यूज और मोबाइल रिचार्ज जैसे टॉपिक्स पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं. रिसर्च, एक्‍सप्‍लेनर, डाटा स्‍टोरी और इंफोग्राफिक्स के साथ जटिल खबरों को आसानी से कहने और टेक जगत की छोटी-बड़ी अपडेट आप तक पहुंचाने का हुनर रखते हैं. गैजेट्स के अलावा किताबों और म्यूजिक में भी खूब मन लगता है.

Read More

google button