निकोलस पूरन ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के एलिमिनेटर मुकाबले में ऐसा तूफान मचाया, जिसने रिकॉर्ड बुक्स के कई पन्ने बदल दिए. MI न्यूयॉर्क के कप्तान ने स्टीव स्मिथ की कप्तानी वाली वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ सिर्फ 31 गेंदों में शतक जड़कर MLC इतिहास का सबसे तेज सेंचुरी बनाने का नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
ओकलैंड कोलिजियम में खेले गए इस मुकाबले में पूरन ने महज 33 गेंदों पर 106 रन की विस्फोटक पारी खेली. उनकी इस पारी में 13 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 321 से भी ज्यादा का रहा.
इससे पहले MLC में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के फिन एलेन के नाम था, जिन्होंने 2025 सीजन के पहले मैच में वॉशिंगटन फ्रीडम के खिलाफ 34 गेंदों में शतक लगाया था. एलेन ने उस मुकाबले में 51 गेंदों पर 151 रन बनाए थे और 19 छक्के लगाए थे.
सम्बंधित ख़बरें
पूरन का यह शतक टी20 क्रिकेट के इतिहास का संयुक्त रूप से पांचवां सबसे तेज शतक भी बन गया. वहीं वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों में यह दूसरा सबसे तेज टी20 शतक है. इस सूची में अब भी टॉप पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों में शतक जड़ा था.
‼️ FASTEST CENTURY IN MLC HISTORY ‼️
Nicholas Pooran smashes 💯 off 30 balls, breaking Finn Allen’s prior record of a 34-ball century, and ends his batting campaign with 106 off 33 🔥 pic.twitter.com/gjyka9DB4E
— Cognizant Major League Cricket (@MLCricket) July 16, 2026
फिर भी हार गई पूरन की टीम
हालांकि, निकोलस पूरन की यह पारी उनकी टीम को जीत नहीं दिला सकी, क्योंकि वॉशिंगटन टीम ने महज 18.4 ओवर्स में 270 रन बनाकर न्यूयॉर्क के रनचेज को हासिल कर लिया, जो टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा चेज भी रहा. पूरन की न्यूयॉर्क टीम ने 266/9 का स्कोर बनाया था. वॉशिंगटन की ओर से स्टीव स्मिथ ने 48 गेंदों पर 110 रनों की पारी खेली. वहीं एंड्रियस गौस ने 51 गेंदों पर 132 रनों की पारी खेली.
यह भी पढ़ें: 537 रन, 51 छक्के और T20 इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज... क्रिकेट में 'प्रलय', दुनिया देखती रह गई!
मैक्सवेल और नेत्रवलकर पर सबसे ज्यादा बरसे
MI न्यूयॉर्क की शुरुआत अच्छी नहीं रही. दूसरे ही ओवर में मोनांक पटेल इयान हॉलैंड के सीधे थ्रो पर रन आउट हो गए. इसके बाद क्रीज पर आए पूरन ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए. उन्होंने ग्लेन मैक्सवेल के ओवर में लगातार तीन छक्के और एक चौका लगाकर दबाव पूरी तरह वॉशिंगटन फ्रीडम पर डाल दिया. दूसरी ओर क्विंटन डिकॉक भी तेज बल्लेबाजी कर रहे थे.
पांचवें ओवर में पूरन ने सौरभ नेत्रवलकर को निशाना बनाया और उनके ओवर में चार छक्के तथा एक चौका जड़ दिया. इसी दौरान उन्होंने केवल 14 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. पावरप्ले खत्म होने तक MI न्यूयॉर्क का स्कोर 100/1 पहुंच चुका था.
कैच छूटा और फिर आई तबाही
पूरन लगातार बड़े शॉट खेलते रहे. आठवें ओवर में डिकॉक ने 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन अगले ही ओवर में मिचेल ओवेन ने उन्हें बोल्ड कर दिया. 10वें ओवर में निखिल चौधरी की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर में इयान हॉलैंड ने पूरन का आसान कैच छोड़ दिया. इसके बाद पूरन और ज्यादा खतरनाक साबित हुए.
12वें ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने अपना शतक पूरा कर लिया. इसके कुछ ही देर बाद चौधरी की गेंद पर स्लॉग स्वीप खेलने की कोशिश में वह लॉन्ग ऑन पर ग्लेन मैक्सवेल के हाथों कैच आउट हो गए. उनकी 33 गेंदों की 106 रन की पारी में 13 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. उस समय MI न्यूयॉर्क का स्कोर 11.4 ओवर में 183/3 था.
पोलार्ड का हमला, फिर अचानक बिखरी टीम
पूरन के आउट होने के बाद कीरोन पोलार्ड ने भी विस्फोटक बल्लेबाजी जारी रखी. उन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में 64 रन बनाए, जिसमें 8 छक्के शामिल रहे. हालांकि आखिरी ओवरों में MI न्यूयॉर्क की पारी लड़खड़ा गई और टीम ने सिर्फ 16 रन के भीतर अपने आखिरी 6 विकेट गंवा दिए. वॉशिंगटन फ्रीडम की ओर से रचिन रवींद्र सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 29 रन देकर 4 विकेट लिए. वहीं ट्रेंट बोल्ट ने अंत में 10 गेंदों पर नाबाद 22 रन बनाकर टीम का स्कोर 266/9 तक पहुंचाया.
पूरन के 11 हजार टी20 रन भी पूरे
यह मुकाबला निकोलस पूरन के लिए एक और बड़ी उपलब्धि लेकर आया. उन्होंने अपने करियर के 468वें टी20 मैच में 11,000 रन पूरे कर लिए. ऐसा करने वाले वह दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने. उनसे पहले सिर्फ क्रिस गेल और कीरोन पोलार्ड ही टी20 क्रिकेट में 11 हजार रन का आंकड़ा पार कर सके थे.
---- समाप्त ----