बिहार में बाढ़ की स्थिति गंभीर है। 14 जिलों के 2,360 गांवों में 44 लाख आबादी पानी से घिरी है। प्रदेश की 8 नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।
.
बाढ़ के कारण 27,954 लोग राहत शिविरों में हैं। उधर, नवगछिया के रंगरा प्रखंड स्थित मुरली गांव में रात 11 बजे कोसी के दबाव से रेला बांधा करीब नया और साधोपुर गांव की और फैल रहा है।
जहांगीरपुर बैसी पंचायत की 50 हजार से अधिक आबादी पर संकट मंडरा रहा है। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने बताया कि 5 दिन से फंसे परिवारों को बैंक खाते के माध्यम से 7,000 रुपए सहायता राशि दी जाएगी।
दानापुर में कंधे तक पानी में बाढ़ पीड़ित राशन लेने के लिए उतर गए।
इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने दक्षिण-पूर्व और सीमांचल के 9 जिलों में हल्की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों के कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पटना में भी दिनभर धूप रहेगी और लोगों को उमस भरी गर्मी महसूस होगी। शाम के समय बादल छाने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर हल्की बारिश के आसार बन सकते, लेकिन मौसम उमस भरा ही रहेगा। तापमान में कोई गिरावट दर्ज नहीं होगी।
मौसम से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए

कोसी नदी का जलस्तर धीरे-धीरे स्थिर हो रहा है।

वाल्मिकीनगर बैराज से 78 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया।

भोजपुर में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई।
निम्न दबाव क्षेत्र से कुछ जिलों में बारिश
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।
इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में और मजबूत होने की संभावना है।
इसके प्रभाव से उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के ऊपर बना सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ सकता है। इससे बिहार के कुछ हिस्सों में नमी पहुंचने के कारण हल्की बारिश की संभावना बन रही है। हालांकि अभी राज्य में व्यापक या भारी बारिश की स्थिति नहीं बन रही है।


पटना में शाम को बदल सकता है मौसम
पटना में आज दिन के समय उमस और गर्मी रहेगा, लेकिन शाम में मौसम बदल सकता है। अगले 2-3 दिनों में राज्य के अधिकतर हिस्सों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं अगले 5 दिनों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य तौर पर स्थिर रह सकता है।
बीते 24 घंटे में 123 MM तक बारिश
बीते 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। औरंगाबाद में सबसे अधिक 123 mm बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जमुई में 76, भागलपुर में 74, रोहतास में 60 और मधेपुरा में 53 mm बारिश हुई।
इसके बावजूद मानसून सीजन में बिहार में अब तक सामान्य से 34% कम बारिश हुई है। 11 सितंबर तक राज्य में 858.9 mm बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन वास्तविक बारिश 564.6 mm ही हुई है।

1.17 लाख किसानों को फसल सहायता की राशि
इधर, सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बिहार राज्य फसल सहायता योजना के तहत खरीफ फसल नुकसान झेलने वाले किसानों को सहायता राशि वितरित की। मंत्री ने बताया कि करीब 1 लाख 17 हजार 708 लाभुक किसानों को कुल 1 अरब 4 करोड़ 46 लाख 46 हजार 405 रुपये की सहायता दी गई है।
मंत्री ने कहा, योजना का उद्देश्य फसल नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सहायता देना है। यह योजना पूरी तरह राज्य सरकार के निधि से संचालित होती है। किसानों को इसका लाभ लेने के लिए किसी तरह का प्रीमियम नहीं देना पड़ता है।
योजना के तहत उपज दर में 20% तक की कमी होने पर 7,500 रुपये प्रति हेक्टेयर और 20% से अधिक कमी होने पर 10,000 रुपये प्रति हेक्टेयर की दर से सहायता दी गई है।