How to Make Besan Laddoo: कड़ी या पकौड़े बनाने के बाद बच गया बेसन? घर पर ही चीनी और मेवा डालकर बनाएं बेसन के खस्ता लड्डू

Published on 12 जुल॰ 2026

अक्सर हमारे किचन के डिब्बों में थोड़ा-बहुत बेसन बच जाता है जिसे देखकर हम सोचते हैं कि इसका क्या इस्तेमाल किया जाए. अगर आज आपका कुछ मीठा और टेस्टी खाने का मन कर रहा है तो उस बचे हुए बेसन को फेंकने या रखने के बजाय उससे बेहद स्वादिष्ट मिठाई तैयार की जा सकती है.

जी हां, सिर्फ थोड़े से बेसन और चीनी की मदद से आप घर पर ही मुंह में घुल जाने वाले, दानेदार और खुशबूदार बेसन के लड्डू फटाफट बना सकते हैं. इसके लिए आपको न तो किसी चाशनी की जरूरत है और न ही घंटों मेहनत करने की. आइए जानते हैं कम से कम सामग्री में और झटपट तरीके से हलवाई स्टाइल बेसन के लड्डू बनाने की बेहद आसान रेसिपी.

रेसिपी (Recipe)
तैयारी का समय: 5 मिनट

सम्बंधित ख़बरें

पकाने का समय: 15-20 मिनट

कितने लोगों के लिए: 3-4 (लगभग 8-10 लड्डू)

सामग्री:
बेसन – 1 कप (मोटा या बारीक, जो भी घर में बचा हो)

देसी घी – 1/4 कप से थोड़ा ज्यादा

चीनी का बूरा या पिसी हुई चीनी (तगार) – 3/4 कप

इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच

कटे हुए बादाम और पिस्ता – 1 चम्मच (सजावट के लिए, वैकल्पिक)

बनाने की विधि:
सबसे पहले एक भारी तले की कढ़ाई में देसी घी डालकर हल्का गर्म करें. अब इसमें बचा हुआ बेसन डालें और गैस की आंच को एकदम धीमा कर दें.

बेसन को लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर 12-15 मिनट तक भूनें. जैसे-जैसे बेसन भुनेगा, इसमें से सोंधी सी खुशबू आने लगेगी और इसका रंग हल्का सुनहरा होने लगेगा.

जब बेसन अच्छी तरह भुन जाए, तो इसमें एक छोटा चम्मच पानी के छीटें मारें और तुरंत चलाएं. इससे बेसन में झाग बनेगा और लड्डू एकदम दानेदार बनेंगे. पानी सूखने तक 1 मिनट और भूनें और गैस बंद कर दें.

भुने हुए बेसन को एक बड़ी प्लेट या परात में निकाल लें और इसे हल्का गुनगुना होने तक ठंडा होने दें. ध्यान रहे, गर्म बेसन में चीनी बिल्कुल नहीं मिलानी है, नहीं तो चीनी पिघल जाएगी और मिक्सचर गीला हो जाएगा.

जब बेसन छूने लायक गुनगुना रह जाए, तब इसमें पिसी हुई चीनी (या बूरा) और इलायची पाउडर डालकर हाथों से अच्छी तरह मिक्स कर लें.

अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथ में लेकर गोल-गोल दबाते हुए लड्डू का आकार दें. ऊपर से कटे हुए बादाम या पिस्ता चिपकाकर हल्के हाथों से एक बार और गोल कर लें.

आपके झटपट और बेहद टेस्टी होममेड बेसन के लड्डू बनकर तैयार हैं. इन्हें पूरी तरह ठंडा करके एयरटाइट डिब्बे में स्टोर करें और जब मन करे, मजे से खाएं.

---- समाप्त ----