सहरसा स्टेशन पर 15 किलो गांजा मिला: दिल्ली जा रही ट्रेन से हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार, ₹7.5 लाख की खेप जब्त - Saharsa News

Published on 14 जुल॰ 2026

सहरसा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त कार्रवाई में 15 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।

.

यह गांजा नई दिल्ली जा रही ट्रेन से जब्त किया गया। मामले में हरियाणा निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये बताई जा रही है।

गुप्त सूचना पर चलाया गया अभियान

आरपीएफ पोस्ट सहरसा के निरीक्षक धनंजय कुमार को मंगलवार को सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 04071 के एक कोच में जितेंद्र नामक व्यक्ति सुपौल से नई दिल्ली की ओर मादक पदार्थ लेकर यात्रा कर रहा है।

सूचना के आधार पर आरपीएफ ने जीआरपी सहरसा के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया और प्लेटफॉर्म संख्या-3 पर खड़ी ट्रेन की तलाशी शुरू की।

टीटीई की जानकारी से यात्री तक पहुंची टीम

तलाशी के दौरान शुरुआती जांच में संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला। इसके बाद टीम ने ऑन ड्यूटी टीटीई से यात्रियों की जानकारी ली।

टीटीई ने बताया कि जितेंद्र नाम का यात्री कोच बी-2 की सीट संख्या 58 पर सुपौल से बनारस तक का आरक्षित टिकट लेकर सफर कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम उक्त सीट पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति चादर ओढ़कर सोया मिला।

पूछताछ में खोला गांजा रखने का राज

पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम जितेंद्र बताया, लेकिन अपने सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। बाद में उसने स्वीकार किया कि उसके ट्रॉली बैग, पिट्ठू बैग और हैंडबैग में गांजा रखा हुआ है।

ट्रेन के प्रस्थान समय को देखते हुए आरोपी और उसके तीनों बैग को वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ आरपीएफ पोस्ट लाया गया।

दंडाधिकारी की मौजूदगी में हुई जांच

दंडाधिकारी ललन कुमार चौधरी (मार्केटिंग ऑफिसर, सत्तरकटैया) की मौजूदगी में बैगों की तलाशी ली गई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर कुल 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान जितेंद्र (39 वर्ष), पिता सुरेश कुमार, निवासी लक्ष्मीनगर, थाना एवं जिला भिवानी, हरियाणा के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।

एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

जीआरपी सहरसा ने आरोपी के खिलाफ रेल थाना कांड संख्या 30/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(B) में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच अवर निरीक्षक राजेश कुमार को सौंपी गई है।

गांजे की खेप कहां से आई, जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था। तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए भी जांच जारी है।