मलबे में दबी जिंदगियां, टूटी सड़कें, 15 की मौत... पुंछ में तबाही का भयावह मंजर, एक ही परिवार के 8 लोग लापता

Published on 19 जुल॰ 2026

मलबे में दबी जिंदगियां, टूटी सड़कें, 15 की मौत... पुंछ में तबाही का भयावह मंजर, एक ही परिवार के 8 लोग लापता

जम्मू-कश्मीर में क्लाउडबर्स्ट का कहर.

Jammu & Kashmir Weather: जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश और क्लाउडबर्स्ट ने भारी तबाही मचा दी. राजौरी में दर्जनों वाहन मलबे के ढेर में तब्दील हो गए हैं, कई मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और लोगों का भारी नुकसान हुआ है. वहीं पुंछ जिले में हालात और भी भयावह हैं. अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से 7 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी 8 लोगों की तलाश युद्ध स्तर पर जारी है.

टीवी9 डिजिटल की टीम उस दुर्गम इलाके तक पहुंची, जहां एक ही परिवार के आठ लोग क्लाउडबर्स्ट की चपेट में आ गए. इनमें से अब तक केवल तीन शव बरामद हुए हैं, जबकि पांच लोग अब भी लापता हैं. लापता लोगों में महिलाएं, मासूम बच्चे और बुजुर्ग शामिल हैं. पुंछ के कई इलाकों में सड़कें पूरी तरह बह गई हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो चुकी है. ऐसे में करीब छह किलोमीटर का पैदल सफर तय करने के बाद टीवी9 की टीम मल्हार गांव पहुंची, जहां यह दर्दनाक हादसा हुआ.

Poonch News

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के राजौरी और पुंछ में बाढ़ ने मचाई भीषण तबाही; सैकड़ों गाड़ियां बहींअब तक 11 की मौत, दर्जनों लापता

मल्हार में रहने वाले हाजी लतीफ का पांच मंजिला मकान क्लाउडबर्स्ट की चपेट में आकर पूरी तरह जमींदोज हो गया. इस हादसे में उनके परिवार के आठ सदस्य मलबे में दब गए. संयोग से हाजी लतीफ की जान इसलिए बच गई, क्योंकि बारिश के दौरान वह अपनी गाड़ी को नाले से सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए घर से बाहर निकल गए थे. जब तक वह लौटे, उनका पूरा घर मलबे में बदल चुका था और परिवार उसके नीचे दब गया. एक मासूम बच्ची का शव करीब 10 किलोमीटर दूर नाले से बरामद हुआ है, जबकि बाकी परिजनों की तलाश लगातार जारी है.

सिर्फ मिट्टी और मलबे का ढेर दिख रहा

जब टीवी9 डिजिटल की टीम घटनास्थल पर पहुंची तो वहां सिर्फ मिट्टी और मलबे का विशाल ढेर दिखाई दे रहा था. स्थानीय लोग और राहत दल लगातार खुदाई कर यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं मलबे के नीचे कोई और व्यक्ति तो नहीं दबा है. पुंछ जिले में अभी भी सात लोग लापता बताए जा रहे हैं और उन्हें खोजने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का संयुक्त सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है.

Poonch Hindi News

भारी बारिश के बीच अलर्ट जारी

हालांकि मुश्किलें यहीं खत्म नहीं होतीं. मौसम विभाग ने क्षेत्र में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे प्रशासन की चिंता और बढ़ गई है. राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं, लेकिन दुर्गम पहाड़ी इलाकों, टूटी सड़कों और लगातार खराब मौसम के कारण अभियान में काफी दिक्कतें आ रही हैं. प्रशासन लोगों से नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील कर रहा है, क्योंकि आने वाले घंटों में मौसम और बिगड़ने की आशंका बनी हुई है.

SSP शफकत हुसैन ने दी जानकारी

पुंछ के SSP शफकत हुसैन ने टीवी9 से खास बातचीत में बताया कि जिले में क्लाउडबर्स्ट और बाढ़ से अब तक 15 लोगों की मौत की सूचना है. इनमें से 7 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि बाकी लोगों की तलाश लगातार जारी है. उन्होंने बताया कि एसडीआरएफ, जिला पुलिस और अन्य एजेंसियां संयुक्त रूप से राहत और बचाव अभियान चला रही हैं.

एसएसपी के मुताबिक, जिले के अन्य इलाकों से भी जान-माल के नुकसान की खबरें मिल रही हैं, जिनका आकलन किया जा रहा है. प्रशासन की पहली प्राथमिकता लापता लोगों को तलाशना, प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाना और हालात को जल्द से जल्द सामान्य करना है.

Poonch Latest News

मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की ये अपील

वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के जम्मू डिवीजन, विशेषकर पुंछ और राजौरी में अचानक आई बाढ़ और लगातार बारिश से हुई भारी तबाही पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने और सभी प्रभावित लोगों की सुरक्षा की कामना की.

मल्लिकार्जुन खरगे ने केंद्र सरकार और उपराज्यपाल कार्यालय से राज्य सरकार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने व बचाव, राहत और पुनर्वास कार्य तेजी से सुनिश्चित करने का आग्रह किया. साथ ही कांग्रेस के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे इस कठिन समय में प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करें. इसके अलावा मृतकों के परिजनों को पीएम केयर फंड से बिना किसी देरी के उचित मुआवजा दिए जाने की मांग भी की.

रमन सैनी

रमन सैनी

रमन सैनी एक वरिष्ठ टेलीविजन पत्रकार हैं, जिन्हें 25 वर्षों से अधिक का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष में स्पेशल रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले इंडिया डेली लाइव में जम्मू कश्मीर ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. रमन सैनी ने अपने करियर के 15 वर्ष इंडिया टीवी के साथ बिताए. इसके बाद उन्होंने इंडिया डेली लाइव जॉइन किया, जहां से जम्मू कश्मीर की अहम रिपोर्टिंग का नेतृत्व किया. उनकी पत्रकारिता का मुख्य फोकस संघर्ष क्षेत्र, आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर रहा है. रमन सैनी ने आतंकवाद, सीमा पार घुसपैठ और लगातार होने वाली क्रॉस बॉर्डर फायरिंग की व्यापक ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन हमला, दीनानगर पुलिस स्टेशन हमला जैसे बड़े आतंकी मामलों की कवरेज के अलावा उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयर स्ट्राइक और पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर जैसी सैन्य कार्रवाइयों को भी कवर किया है.

Read More

google button