Age wise face serum: अक्सर 30 की उम्र के बाद ही महिलाओं का ध्यान स्किन केयर की तरफ ज्यादा जाता है, क्योंकि त्वचा पर फाइन लाइन्स, पिगमेंटेशन और अन्य एजिंग साइन की शुरुआत होने लगती है। इन्हें कंट्रोल करने के लिए कई महिलाएं रेटिनॉल, नियासिनामाइड और विटामिन सी जैसे फेस सीरम (Face Serum)का इस्तेमाल शुरू कर देती हैं। लेकिन, सवाल यह है कि 30 की उम्र से ही त्वचा की देखभाल क्यों ? इस बारे में त्वचा विशेषज्ञ डॉ. अनिका गोयल ने इंस्टाग्राम पर अपना एक पोस्ट शेयर किया और जिसमें उन्होंने बताया कि फेस सीरम का इस्तेमाल 16 साल की उम्र से ही शुरू कर देना चाहिए। अगर आप सही उम्र से ही त्वचा की जरूरतों और उम्र के अनुसार सही इंग्रेडिएंट्स वाले फेस सीरम का चुनाव करते हैं, तो त्वचा को समय-समय पर जरूरी पोषण और सपोर्ट मिलता रहता है। इससे शुरुआती एजिंग साइन की प्रक्रिया धीमी हो सकती है और त्वचा को लंबे समय तक हेल्दी और यंग बनाए रखने में मदद मिलती है। आइए जानते हैं डॉक्टर के अनुसार किस उम्र में कौन-सा फेस सीरम इस्तेमाल करना चाहिए।
डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें, किस उम्र में कौन-सा फेस सीरम है सही
फेस सीरम का चुनाव त्वचा की बढ़ती उम्र और स्किन प्रॉब्लम के अनुसार ही करना चाहिए। सीरम में मौजूद एक्टिव इंग्रीडिएंट्स त्वचा की गहराई तक पहुंचकर काम करते हैं। इसलिए सही उम्र में सही सीरम चुनने से ही आपको बेहतर और प्रभावी रिजल्ट मिल सकते हैं।आइए जानते हैं कि आपको कौन साथ सीरम लगाना चाहिए।
नियासिनामाइड - 16 साल की उम्र से
16 साल की उम्र से फेस के सीरम का इस्तेमाल शुरू किया जा सकता है। इस ऐज में आपका पहला सीरम होगा नियासिनामाइड युक्त सीरम होगा। इस उम्र में मुहांसे की समस्या ज्यादा देखी जाती है। नियासिनामाइड स्किन के लिए एक बहु-उपयोगी इंग्रीडिएंट है, जो त्वचा में एक्ने, क्लोग पोर्स और रेडनेस की प्रॉब्लम को कंट्रोल करने के साथ स्किन बैरियर को मजबूत बनाने में भी सहायक माना जाता है। इसे अपने सुबह और रात के स्किनकेयर (Skincare)रूटीन में शामिल करें।
विटामिन सी - 20 की उम्र की शुरुआत से
विटामिन सी एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मददगार है। इसलिए 20 साल की उम्र से कोलेजन प्रोडक्शन को सपोर्ट करने वाले विटामिन सी सीरम का इस्तेमाल शुरू कर देना चाहिए। यह आपकी त्वचा को बाहरी नुकसान से बचाता है, साथ ही बेजान त्वचा में चमक लाता है। इसे अपने रात के स्किनकेयर रूटीन में शामिल करें।
/filters:format(webp)/grehlakshmi/media/media_files/2026/06/26/age-wise-face-serum-2026-06-26-15-22-30.webp)
पेप्टाइड्स (Peptides) - 20s के मध्य से
20 की उम्र के मध्य से ही पेप्टाइडस सीरम का इस्तेमाल शुरू कर देना चाहिए, क्योंकि उम्र बढ़ने के साथ कोलेजन का बनना धीरे-धीरे कम होने लगता है।पेप्टाइड्स त्वचा को अंदर से सपोर्ट करके उसे अधिक फर्म, स्मूद और युवा दिखाने में मदद कर सकते हैं। कोलेजन का उत्पादन बढ़ाने वाला यह सीरम त्वचा की कसावट बनाए रखने का काम करता है।आप इसे सप्ताह में 1 से 2 बार लगायें। जैसे-जैसे उम्र बढ़े, इसके इस्तेमाल की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। संवेदनशील त्वचा वाले लोगों के लिए भी पेप्टाइड्स को आमतौर पर एक माइल्ड और सुरक्षित स्किनकेयर इंग्रीडिएंट माना जाता है।
रेटिनॉल - 25 की उम्र से
रेटिनॉल के बारे में अक्सर लोगों को मिथ है कि यह एंटी-एजिंग इंग्रीडिएंट 30 के बाद एजिंग साइन आने के बाद इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन रेटिनॉल बेस्ड सीरम को 25 की उम्र के मध्य से शुरू कर सकते हैं। रेटिनॉल त्वचा में सेल टर्नओवर को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे फाइन लाइन्स और एजिंग के शुरुआती संकेतों को देर से आने में मदद मिल सकती है।आप इसे सप्ताह में 1 बार इस्तेमाल केरें, वो भी रात के समय।लेकिन उस दिन सैलिसिलिक एसिड और विटामिन सी सीरम इस्तेमाल न करें। सनस्क्रीन सुबह जरूर लगाएं। जैसे-जैसे उम्र बढ़े और त्वचा की जरूरतें बदलें, इसके इस्तेमाल की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है।
सैलिसिलिक एसिड - किसी भी उम्र में
टीनएज से ही सैलिसिलिक एसिड सीरम का इस्तेमाल किया जा सकता है, खासकर यदि त्वचा ऑयली या एक्ने-प्रोन हो। यह ऑयली और मुंहासे वाली त्वचा के लिए बहुत फायदेमंद है, क्योंकि यह बंद रोमछिद्रों को साफ करने और मुंहासों को कम करने में मदद करता है। सैलिसिलिक एसिड का इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
सैलिसिलिक एसिड का इस्तेमाल करते समय कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है। इसका अधिक या बार-बार उपयोग त्वचा में रूखापन, जलन या छिलने जैसी समस्याएं पैदा कर सकता है। शुरुआत में 0.5% से 2% तक की कम सांद्रता वाले प्रोडक्ट से शुरुआत करें, ताकि त्वचा धीरे-धीरे इस इंग्रीडिएंट के अनुकूल हो सके। इसके अलावा, दिन के समय सैलिसिलिक एसिड का इस्तेमाल करने पर सनस्क्रीन लगाना बेहद जरूरी है, क्योंकि यह त्वचा को सूरज की किरणों के प्रति अधिक संवेदनशील बना सकता है।
FAQ
Q.
फेस सीरम का इस्तेमाल किस उम्र से शुरू कर देना चाहिए?
A.
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, त्वचा की जरूरत और स्किन कंसर्न के आधार पर 16 साल की उम्र के बाद से फेस सीरम का इस्तेमाल शुरू किया जा सकता है।
Q.
क्या रेटिनॉल सीरम 20s में इस्तेमाल किया जा सकता है?
A.
हां, एजिंग साइन को स्लो करने के लिए 25 साल की उम्र से रेटिनॉल को स्किन केयर रूटीन में शामिल किया जा सकता है।
Q.
क्या हर उम्र के लिए एक ही फेस सीरम सही होता है?
A.
नहीं, बढ़ती उम्र के साथ त्वचा की जरूरतें भी बदलती रहती हैं। इसलिए उम्र और त्वचा की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए हर उम्र में अलग-अलग प्रकार के सीरम की जरूरत हो सकती है।
Q.
क्या फेस सीरम लगाने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है?
A.
हां, सीरम लगाने के बाद मॉइस्चराइजर लगाना जरूरी है। इससे एक्टिव इंग्रीडिएंट्स को बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिलती है।