
किस सिंगर की बात हो रही है?
Guess Who: 16 से भी ज्यादा भाषाओं में गाने वाले सिंगर को आज दुनिया पहचानती है. यह सिंगर न सिर्फ प्रतिभा के धनी हैं. उन्होंने बहुत छोटी उम्र में ही अपनी पहचान बना ली थी. 90 के दशक में अपनी सुरीली आवाज से मशहूर हुए इस सिंगर ने न सिर्फ गाने गाए, बल्कि टीवी पर एंकरिंग करके अब दर्शकों का खूब दिल जीत रहे हैं. इस आर्टिस्ट ने फिल्मों के अलावा कई बड़े रियलिटी शो होस्ट किए और लाइव शो में अपनी अलग पहचान बनाई है. वो आज भी टीवी और संगीत की दुनिया का एक बड़ा नाम हैं, जो कोई और नहीं, बल्कि आदित्य नारायण ही हैं. सिंगर आदित्य नारायण आज अपना 38वां जन्मदिन सेलिब्रेट कर रहे हैं. गाने तक ठीक है, पर जब फिल्म में हीरो बनकर उतरे, तो फिल्म बुरी तरह पिट गई.
मशहूर सिंगर उदित नारायण के बेटे होने के नाते संगीत उन्हें विरासत में मिला, लेकिन उन्होंने अपनी पहचान खुद बनाई. उनका पूरा बचपन ही कैमरे और माइक के बीच बीता है. बचपन में फिल्म ‘परदेस’ का गाना ‘ये दिल दीवाना’ और ‘जब प्यार किसी से होता है’ का टाइटल ट्रैक गाकर उन्होंने हर किसी को अपना दीवाना बना लिया था. 16-17 भाषाओं में गाने वाले आदित्य नारायण ने साल 2010 में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. उन्होंने विक्रम भट्ट की एक हॉरर फिल्म से बतौर हीरो डेब्यू किया था. भले ही एक हीरो के तौर पर उनकी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी.
जब ‘शापित’ ने आदित्य को दिया झटका!
केवल हॉरर फिल्म ‘शापित’ में एक्टिंग ही नहीं, बल्कि आदित्य नारायण ने संजय लीला भंसाली की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘गोलियों की रासलीला राम-लीला’ में ‘ततड़ ततड़’ और ‘इश्किया ढिश्कियाऊं’ जैसे सुपरहिट गाने गाए हैं. हालांकि, आज बात करेंगे उनकी फिल्म की. दरअसल विक्रम भट्ट के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘शापित’ साल 2010 में रिलीज हुई थी, जो बॉलीवुड हॉरर-थ्रिलर फिल्म थी. इस फिल्म से मशहूर सिंगर और एंकर आदित्य नारायण ने बतौर हीरो अपना बॉलीवुड डेब्यू किया था. उनके साथ श्वेता अग्रवाल, शुभम और राहुल देव भी फिल्म का हिस्सा थे. फिल्म का बज होने के बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो सकी और इसे ‘फ्लॉप’ करार दिया गया था. फिल्म का बजट 8-10 करोड़ रुपये के बीच बताया गया है. साथ ही नेट कलेक्शन 5.50 से 6.00 करोड़ बताया गया था.
दरअसल फिल्म के फ्लॉप होने की वजह कहानी की स्लो रफ्तार बताई गई. जिससे दर्शक पूरी तरह जुड़ नहीं पाए, लेकिन फिल्म के हॉरर एलिमेंट्स तो ठीक थे. फिल्म का म्यूजिक खुद आदित्य नारायण और चिरंतन भट्ट ने तैयार किया था. इस पिक्चर को जियो हॉटस्टार में फ्री में देख सकते हैं.

अंकिता चौहान
अंकिता चौहान TV9 भारतवर्ष डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. यहां एंटरटेनमेंट सेक्शन में काम कर रही हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 5 साल से अधिक का अनुभव है. हरियाणा स्थित हिसार के गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है और उसके बाद इसी कॉलेज से मास्टर्स डिग्री हासिल की है. इसके बाद हिंदी न्यूज चैनल इंडिया न्यूज से इंटर्नशिप की और यहीं से (मध्य प्रदेश/ छत्तीसगढ़) अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भी की है. उसके बाद बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर हरियाणा न्यूज से जुड़ीं. यहां उनका स्पेशल प्रोग्रामिंग करने का अनुभव है. इसके अलावा स्पोर्ट्स टीम के साथ भी काम किया है. फिर TV9 भारतवर्ष से जुड़ीं. यहां बिजनेस टीम के साथ काम किया है, साथ ही वेब स्टोरीज के सेक्शन में सभी कैटेगिरी की जिम्मेदारियां संभाली हैं और अब एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं.
Read More