दिल्ली दौरे पर सीएम साय : संचार मंत्री सिंधिया से मिले, छत्तीसगढ़ के लिए 2,305 नए मोबाइल टावर मांगे - Haribhoomi

Published on 31 जुल॰ 2026

छत्तीसगढ़ में डिजिटल कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर 2,305 नए मोबाइल टावरों की मंजूरी मांगी।

सीएम साय ने की मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात

सीएम साय ने की मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात

  • Published: 31 Jul 2026, 03:08 PM IST
  • Last Updated: 31 Jul 2026, 03:11 PM IST

रायपुर / नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, आदिवासी और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क का विस्तार करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर प्रदेश में बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए 2,305 नए मोबाइल टावरों की मंजूरी देने की मांग रखी। यह मांग डिजिटल भारत निधि योजना के तहत की गई है, जिसका उद्देश्य प्रदेश के अंतिम छोर तक मोबाइल नेटवर्क की पहुंच सुनिश्चित करना है।

शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि, मजबूत डिजिटल नेटवर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग सेवाओं और ई-गवर्नेंस जैसी सुविधाओं का विस्तार होगा। खासतौर पर सीमावर्ती, वन क्षेत्रों और दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने में मदद मिलेगी।

CM Sai on Delhi visit

अधिकांश स्वीकृत स्थानों पर टावर लगाने की प्रक्रिया शुरू
सीएम विष्णुदेव साय ने छत्तीसगढ़ के लिए 577 अतिरिक्त मोबाइल टावरों की स्वीकृति देने पर केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने बताया कि इनमें से 489 स्थानों के लिए बीएसएनएल को एनओसी जारी कर दी गई है और इन जगहों पर टावर स्थापना का कार्य शुरू हो चुका है। वहीं, शेष 88 स्थानों की मंजूरी जल्द मिलने की उम्मीद है।

CM Sai on Delhi visit

सुरक्षा और जनसुविधाओं को मिलेगी नई मजबूती
मुख्यमंत्री ने नक्सल प्रभावित इलाकों में संचार सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि, बेहतर मोबाइल कनेक्टिविटी से इन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ आम लोगों को सरकारी योजनाओं और जरूरी सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी। उन्होंने कहा कि, डिजिटल कनेक्टिविटी आज विकास का महत्वपूर्ण आधार बन चुकी है। छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि, प्रदेश के हर गांव और हर व्यक्ति को डिजिटल मुख्यधारा से जोड़ा जाए, ताकि समावेशी विकास को नई गति मिल सके।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)