टूरिस्ट परमिट पर सवारियां ले जा रही बस इंपाउंड: अंबाला में कंडक्टर के पास ट्रेनिंग सर्टिफिकेट नहीं, 2 चालान पेंडिंग मिले, लखनऊ जा रही थी - Ambala News

Published on 1 अक्टू॰ 2026

अंबाला में RTA विभाग ने नियमों का उल्लंघन कर सावारियों को ले जा रही एक बस को इंपाउंड किया है। जांच के दौरान बस टूरिस्ट परमिट पर संचालित होती मिली, जबकि इस परमिट के तहत इस तरह सवारियां ले जाने की अनुमति नहीं है। बस में सवार लोगों के लिए परमिट नियमों क

.

RTA अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि जांच के दौरान बस के कंडक्टर के पास आवश्यक ट्रेनिंग सर्टिफिकेट भी नहीं मिला। इसके अलावा बस में प्रेशर हॉर्न लगा हुआ मिला। अधिकारी के अनुसार बस के संचालन में कई नियमों का उल्लंघन सामने आया। इससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा था। इन्हीं अनियमितताओं के चलते बस को इंपाउंड कर कार्रवाई की गई है।

चेकिंग के दौरान बस में सवार यात्री।

चेकिंग के दौरान बस में सवार यात्री।

ऑनलाइन चेकिंग में बस के 2 चालान पेंडिंग

इंपाउंड की गई बस पर जगह-जगह शुभम लिखा हुआ है, जबकि आगे की तरफ कांच पर भारतीय जनता पार्टी का कमल का लोगो भी लगा हुआ है। बस की ऑनलाइन जानकारी चेक करने पर इसके 2 चालान पेंडिंग मिले।

इनमें पहला चालान 1 जून 2026 को सीट बेल्ट नियमों का उल्लंघन करने और परमिट में निर्धारित उद्देश्य के विपरीत वाहन चलाने पर काटा गया था। इस मामले में 11 हजार रुपए का चालान हुआ था। वहीं दूसरा चालान 15 जुलाई 2026 को 500 रुपए का काटा गया था। दोनों चालान अभी पेंडिंग बताए जा रहे हैं।

पंजाब-हरियाणा से यूपी-बिहार सवारियां ले जाती हैं कुछ बसें

RTA अधिकारी ने बताया कि कुछ बसें पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग स्थानों से सवारियों को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार जाती हैं। कई बार यात्रियों को गुमराह करके बस में बैठाया जाता है। जांच के दौरान कुछ बसों के दस्तावेज भी अधूरे पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि एक दिन पहले जांच में मिली एक बस का इंश्योरेंस तक नहीं था।

RTA अधिकारी सुशील कुमार मामले की जानकारी देते हुए।

RTA अधिकारी सुशील कुमार मामले की जानकारी देते हुए।

MParivahan ऐप पर बस का रिकॉर्ड जांचने की अपील

सुशील कुमार ने यात्रियों से अपील की कि किसी भी बस में सफर करने से पहले उसके दस्तावेज और परमिट की जानकारी जरूर जांच लें। इसके लिए भारत सरकार के MParivahan ऐप पर बस का नंबर डालकर इंश्योरेंस, प्रदूषण प्रमाणपत्र और परमिट की स्थिति देखी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को यह भी देखना चाहिए कि जिस बस में वे सफर कर रहे हैं, वह नियमों के तहत संचालित हो रही है या नहीं। नियमों का पालन नहीं करने वाली बस के साथ हादसा होने की स्थिति में यात्रियों की सुरक्षा बड़ा सवाल बन सकती है।

चेकिंग के दौरान मौके पर खड़ा RTA विभाग का वाहन।

चेकिंग के दौरान मौके पर खड़ा RTA विभाग का वाहन।

अंबाला से लखनऊ के लिए रोडवेज बस की सुविधा

RTA अधिकारी ने यात्रियों को सरकारी बस सेवा का इस्तेमाल करने की सलाह भी दी। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार की ओर से अंबाला कैंट से प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे लखनऊ के लिए बस संचालित की जा रही है। इसमें प्रशिक्षित ड्राइवर और कंडक्टर तैनात हैं और यात्रियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार का बिहार सरकार के साथ भी समझौता हुआ है। इसके तहत अंबाला समेत अन्य शहरों से पटना साहिब तक बस सेवा शुरू की जा रही है। आने वाले समय में इन बस सेवाओं की संख्या बढ़ाई जाएगी, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन उपलब्ध कराया जा सके।