खगड़िया में गांजा, हथियार के साथ 2 गिरफ्तार: पुलिस का डबल एक्शन, कट्टा-कारतूस भी बरामद; आरोपी भागा - Khagaria News

Published on 17 जुल॰ 2026

खगड़िया पुलिस ने अवैध हथियारों और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शुक्रवार को दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की।

.

मड़ैया थाना क्षेत्र से 420 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, मानसी थाना क्षेत्र में एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस मिले, लेकिन आरोपी फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। मड़ैया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिठला गांव में एक व्यक्ति अपने घर से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष सावित्री कुमारी के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया।

देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए

पुलिस टीम जब राजकुमार गोस्वामी उर्फ राजा गोस्वामी के घर के पास पहुंची, तो दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान घर से 420 ग्राम गांजा, एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राजकुमार गोस्वामी उर्फ राजा गोस्वामी (पिता- रामचंद्र गोस्वामी, निवासी बिठला, थाना मड़ैया) और बादल गोस्वामी उर्फ बादल कुमार (पिता- राजकुमार गोस्वामी, निवासी बिठला, थाना मड़ैया) के रूप में हुई है।

एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मड़ैया थाना कांड संख्या-18/26 दर्ज किया है। उन पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(A) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए, 26 एवं 35 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मानसी थाना क्षेत्र में भी इसी अभियान के तहत कार्रवाई की गई। यहां एक बासा से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। हालांकि, पुलिस को देखते ही आरोपी खेत का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। दोनों मामलों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मानसी में फरार हो गया आरोपी, हथियार बरामद

दूसरी कार्रवाई मानसी थाना क्षेत्र के सैदपुर सनसनी बहियार में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बिट्टू राय उर्फ बिट्टू यादव, पिता अशोक राय, अपने बासा में अवैध हथियार छिपाकर रखा है। सूचना के सत्यापन के बाद थानाध्यक्ष दीपक कुमार, पुलिस पदाधिकारी बागेश्वर तिवारी एवं डीआईयू टीम ने संयुक्त छापेमारी की। पुलिस को देखते ही आरोपी खेत का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस ने बासा की तलाशी ली, जहां से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में मानसी थाना कांड संख्या-195/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26(ii) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जिले में अवैध हथियार और नशे के कारोबार पर पुलिस की सख्ती

पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ऐसे अपराधियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।