वैभव सूर्यवंशी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बने

Published on 23 जुल॰ 2026

हरारे(उत्तम हिन्दू न्यूज)- वैभव सूर्यवंशी टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अर्धशतक लगाने वाले दुनिया के सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव ने गुरुवार को 15 साल और 118 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के विरुद्ध हरारे स्पोर्ट्स क्लब में यह कारनामा किया।

वैभव ने 19 गेंदों में 4 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 50 रन की पारी खेली। इसी के साथ वैभव ने जिब्राल्टर के बल्लेबाज लुई ब्रूस का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2021 में माल्टा के विरुद्ध 16 साल और 56 दिन की उम्र में अर्धशतक लगाया था। इस लिस्ट में कविन चड्ढा तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2026 में इंडोनेशिया की तरफ से खेलते हुए 16 साल और 76 दिन की उम्र में स्वीडन के विरुद्ध यह कारनामा किया था।

सिएरा लियोन के अलुसीन तुरे इस लिस्ट में चौथे पायदान पर हैं, जिन्होंने 16 साल और 89 दिन की उम्र में घाना के खिलाफ साल 2023 में अर्धशतक जड़ा था। वहीं, भूटान के तेनजिन रबगी (16 वर्ष 118 दिन) इस लिस्ट में पांचवें स्थान पर हैं, जिन्होंने साल 2023 में चीन के खिलाफ अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय अर्धशतक लगाया था। पूर्ण-सदस्यीय टीम की तरफ से अर्धशतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाजों की लिस्ट में अफगानिस्तान के रहमानुल्लाह गुरबाज दूसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने साल 2019 में जिम्बाब्वे के विरुद्ध ऐसा किया था। उस समय रहमानुल्लाह 17 साल और 296 दिन की उम्र के थे।

वैभव सूर्यवंशी ने 15 साल और 99 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था, जिसके साथ वह सचिन तेंदुलकर को पछाड़कर इस मामले में सबसे युवा भारतीय बने थे। ‘मास्टर-ब्लास्टर’ सचिन तेंदुलकर ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। भारतीय महिलाओं में शेफाली वर्मा (15 साल और 239 दिन) शीर्ष पर हैं। वैभव ने इंग्लैंड दौरे पर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था, जिसमें 14 रन बना सके। इसके बाद उन्होंने सीरीज के दो अन्य मुकाबलों में 13 और 15 रन जुटाए, लेकिन जिम्बाब्वे दौरे पर वैभव ने आखिरकार फैंस को अपनी शानदार पारी के साथ झूमने पर मजबूर कर दिया।

You Might Be Interested In

  • सरकार का बड़ा एक्शन, अश्लील कंटेंट वाले 50 OTT ऐप्स पर लगा ताला
  • कॉकरोच जनता पार्टी ने कल देशभर में किया प्रदर्शन का ऐलान, कहा- Every District. One Day. One Demand
  • ‘हम नड्डा के दफ्तर नहीं जाएंगे, वो जंतर-मंतर आएं’, बातचीत के लिए CJP ने रखी शर्त
  • शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, निवेशकों के डूबे 3 लाख करोड़, सेंसेक्स 364 अंक गिरा
  • छावनी में तबदील दिल्ली: कनॉट प्लेस की सभी दुकानें, दफ्तर और रेस्तरां शाम साढ़े छह बजे तक बंद करने के निर्देश
  • कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: भारत का पहला पदक पक्का, लवलीना सेमीफाइनल में पहुंचीं