हेडिंग्ले का मैदान 4 अगस्त को ऐसे तूफान का गवाह बना, जिसे द हंड्रेड टूर्नामेंट लंबे समय तक याद रखेगा। सनराइजर्स लीड्स के बल्लेबाजों ने लंदन स्पिरिट के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए रिकॉर्ड 241 रन ठोक दिए। इस तरह द हंड्रेड 2026 के 20वें मुकाबले में रिकॉर्ड्स की झड़ी लग गई। दरअसल, सनराइजर्स लीड्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 गेंदों में 241 रन स्कोरबोर्ड पर टांग दिए, जो द हंड्रेड मेन्स कंपटीशन के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा टीम स्कोर है। इस विस्फोटक बल्लेबाजी के दम पर सनराइजर्स लीड्स ने लंदन स्पिरिट को 37 रन से हराकर पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर छलांग लगा दी।
हंड्रेड में बना ओपनिंग पार्टनरशिप का रिकॉर्ड
टॉस के बाद बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स लीड्स की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। मिचेल मार्श और रयान रिकल्टन ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 54 गेंदों में 148 रन जोड़कर द हंड्रेड के इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी का रिकॉर्ड बना दिया। मार्श ने महज 37 गेंदों में 76 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें कई शानदार शॉट शामिल रहे। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इस सीजन के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए। उनके नाम अब 23 छक्के हो चुके हैं, जो इस सीजन में किसी भी बल्लेबाज से सबसे ज्यादा हैं।
दूसरे छोर पर रयान रिकल्टन और भी ज्यादा खतरनाक नजर आए। उन्होंने केवल 21 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और अंत तक नाबाद रहते हुए 42 गेंदों में 94 रन बनाए। वह शतक से सिर्फ 6 रन दूर रह गए, लेकिन उनकी पारी ने टीम को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। मार्श के आउट होने के बाद हैरी ब्रूक ने आते ही बल्लेबाजी का रंग और बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 18 गेंदों में 55 रन ठोक दिए और 15 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर द हंड्रेड के इतिहास के सबसे तेज अर्धशतक की बराबरी कर ली।
सनराइजर्स लीड्स ने जड़े 21 छक्के
सनराइजर्स लीड्स ने निर्धारित 100 गेंदों में 2 विकेट पर 241 रन बनाए। टीम ने अपनी पारी में कुल 21 छक्के लगाए, जो द हंड्रेड के इतिहास में किसी एक पारी में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले टूर्नामेंट का सबसे बड़ा स्कोर 226/4 था, जिसे इस मुकाबले में पीछे छोड़ दिया गया। 242 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी लंदन स्पिरिट की शुरुआत खराब रही। पहले ही गेंद पर जॉनी बेयरस्टो आउट हो गए, जबकि रीस टॉपली ने शुरुआती झटके देकर टीम को दबाव में ला दिया। लियाम लिविंगस्टोन ने 13 गेंदों में 34 रन बनाकर कुछ उम्मीद जगाई, लेकिन वह भी ज्यादा देर नहीं टिक सके। हालांकि, सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए डेविड विली ने शानदार संघर्ष करते हुए 46 गेंदों में नाबाद 83 रन बनाए और टीम को 200 के पार पहुंचाया।
सनराइजर्स के विशाल स्कोर के जवाब में लंदन स्पिरिट 6 विकेट पर 204 रन ही बना सकी और 37 रनों से मुकाबला हार गई। इस मुकाबले में दोनों टीमों ने मिलकर 446 रन बनाए और कुल 31 छक्के लगाए। दोनों ही आंकड़े द हंड्रेड के इतिहास में नए रिकॉर्ड बन गए। शानदार बल्लेबाजी के लिए रयान रिकल्टन को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
यह भी पढ़ें:
द हंड्रेड में उस्मान तारिक के बॉलिंग एक्शन पर मचा बवाल, टिम डेविड ने अंपायर से जताई नाराजगी; देखें VIDEO
द हंड्रेड में MI London का मुकाबला देखने पहुंचे हिटमैन रोहित शर्मा, वीडियो हुआ वायरल
Latest Cricket News