नौतनवा में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 220 जोड़े बने जीवनसाथी,सामाजिक सौहार्द का दिखा अनूठा संगम

Published on 16 जुल॰ 2026

पर्दाफाश न्यूज़ ब्यूरो महराजगंज :: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गुरुवार को नौतनवा कस्बे के एक मैरेज हॉल में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें 220 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। पूरे समारोह में खुशियों, उत्साह और सामाजिक समरसता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध धर्म के जोड़ों का विवाह उनकी-उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया, जिससे आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का सशक्त संदेश गया।

पढ़ें :- कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने 49वीं यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में 25 पॉइंट के साथ जीता कांस्य पदक

हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लेकर जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह इस्लामी रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। वहीं बौद्ध धर्म के अनुयायियों का विवाह भी उनकी परंपराओं के अनुरूप कराया गया। एक ही मंच पर विभिन्न धर्मों के वैवाहिक संस्कारों ने आयोजन को विशेष बना दिया।

समारोह के मुख्य अतिथि नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने नवविवाहित जोड़ों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें सुखद एवं समृद्ध वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस योजना ने बेटियों के विवाह का आर्थिक बोझ कम करने के साथ परिवारों को सम्मानपूर्वक विवाह संपन्न कराने का अवसर प्रदान किया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना बिना किसी भेदभाव के पात्र परिवारों को लाभान्वित कर रही है और यह बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की संवेदनशील सोच का प्रतीक है। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार गरीब, वंचित और कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।

समारोह में नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया, भाजपा नेता चंद्र प्रकाश मिश्रा, अजय अग्रहरि, राधेश्याम सिंह,बैजनाथ वर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया।

पढ़ें :- पंजाब के मोहाली में ओरल कैंसर का खौफ, स्वास्थ्य विभाग ने जारी किया हाई अलर्ट

समाज कल्याण अधिकारी महराजगंज विपिन यादव ने अतिथियों को अंगवस्त्र (साफा) पहनाकर एवं बुके भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन पीडी महराजगंज रामदास चौधरी ने किया। इस अवसर पर नौतनवा विकासखंड के अधिकारी तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के इस आयोजन ने न केवल 220 जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत कराई, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का भी प्रेरणादायक संदेश दिया।

महराजगंज ब्यूरो प्रभारी विजय चौरसिया की रिपोर्ट 

पढ़ें :- Video-गले में दुपट्टे की तरह लपेटा 10 फीट का जहरीला कोबरा, महिला का हैरतअंगेज कारनामा