अनंत चतुर्दशी: मुंबई में 24,00 से अधिक पुलिसकर्मी, बीएमसी के 25 कर्मचारी तैनात

Published on 25 सित॰ 2026

मुंबई, 25 सितंबर (भाषा) मुंबई में गणपति की प्रतिमा के विसर्जन की शोभा यात्राओं के मद्देनजर शुक्रवार को 24,000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थलों एवं 383 कृत्रिम तालाबों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

14 सितंबर को शुरू हुए गणेशोत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर समापन होगा और शोभा यात्राओं के बाद भगवान गणेश की सैकड़ों प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि मुंबई यातायात पुलिस ने वाहनों की सुचारू आवाजाही एवं लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात परामर्श जारी किए हैं तथा जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड (जेवीएलआर), लालबाग और कालाचौकी समेत प्रमुख मार्गों पर कई पाबंदियां लगाई हैं।

पुलिस ने बताया कि महानगर में सुरक्षा के लिए 24,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इनमें छह संयुक्त पुलिस आयुक्त, नौ अतिरिक्त पुलिस आयुक्त, 38 पुलिस उपायुक्त और 66 सहायक पुलिस आयुक्त शामिल हैं।

Join Our Whatsapp Group

त्वरित कार्य बल, राज्य रिजर्व पुलिस बल, ‘फोर्स वन’, त्वरित प्रतिक्रिया दल, कानून-व्यवस्था दस्ते, दंगा नियंत्रण दस्ते, ‘डेल्टा’ एवं ‘कॉम्बैट’ इकाइयों और ड्रोन रोधी दस्तों समेत विशेष इकाइयों को भी प्रमुख एवं संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया जाएगा।

मुंबई पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर संयम बरतने और ड्यूटी पर तैनात कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे कोई लावारिस या संदिग्ध वस्तु दिखने पर पुलिस को तुरंत सूचित करें।

साकीनाका यातायात संभाग ने जेवीएलआर पर एलएंडटी फ्लाईओवर से आईआईटी मार्केट गेट के बीच उत्तर और दक्षिण दिशा की दोनों लेन पर सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पर पूरी तरह रोक लगा दी है।

अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि घाटकोपर यातायात संभाग ने जेवीएलआर के दोनों मार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी लगाई है।

मध्य मुंबई के लालबाग और कालाचौकी इलाकों में भारी भीड़ जुटने की संभावना के मद्देनजर प्रमुख सड़कों पर पार्किंग पर रोक लगाई गई है।

बीएमसी ने बृहस्पतिवार को जारी एक विज्ञप्ति में कहा कि विसर्जन प्रक्रिया को सुचारु और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए 25,000 से अधिक नगर निकाय अधिकारियों और कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा।

बीएमसी ने विसर्जन स्थलों पर 1,132 ‘लाइफगार्ड’ की तैनाती की है। विभिन्न विसर्जन स्थलों पर 85 एम्बुलेंस और 10 मोटरबोट भी तैयार रखी गई हैं।

बीएमसी ने समुद्र तट पर ‘ब्लू-बटन जेलीफिश’ और ‘स्टिंगरे’ मछलियों की मौजूदगी को देखते हुए लोगों से प्रतिमा विसर्जन के लिए समुद्र में उतरते समय सावधानी बरतने और नगर निकाय एवं पुलिस अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

बीएमसी के अनुसार, 12 दिवसीय गणेशोत्सव के दौरान डेढ़ दिन, पांच दिन, छह दिन और सात दिन की अवधियों में इस वर्ष अब तक गणपति की 1,63,386 प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है।

बीएमसी ने बंबई उच्च न्यायालय के निर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि छह फुट तक ऊंची गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन कृत्रिम तालाबों में किया जाना जरूरी है।

नगर निकाय ने कहा कि उसने ऐसे विसर्जन के लिए व्यवस्था की है और लोगों से निर्धारित कृत्रिम तालाबों का इस्तेमाल करने की अपील की है।

अधिकारियों ने बताया कि बीएमसी ने महानगर में 387 कृत्रिम तालाबों और 67 प्राकृतिक विसर्जन स्थलों पर नि:शुल्क सुविधा उपलब्ध कराई है तथा लोगों से इन स्थानों पर प्रतिमा विसर्जन के लिए किसी को पैसे न देने की अपील की है।

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष