बाड़ी सदर थाना पुलिस ने वारदात की फिराक में घूम रहे 25 हजार के इनामी बदमाश को दबोचा।
धौलपुर की बाड़ी सदर थाना पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी अपराधी मोनू डोयला को गिरफ्तार किया है।
.
आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। मोनू डोयला लूट के एक मामले में करीब एक साल से फरार चल रहा था।
पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 11 मामले दर्ज हैं।
इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान में कार्रवाई
भरतपुर रेंज की पुलिस महानिरीक्षक प्रीति चंद्रा के निर्देश पर इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। धौलपुर एसपी विकास सांगवान, एडीएफ बाड़ी एएसपी श्रवण कुमार झोरड़ और बाड़ी वृत्ताधिकारी महेंद्र कुमार की निगरानी में बाड़ी सदर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस
पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को एसआई अतवीर सिंह और हेड कांस्टेबल कपिल शर्मा गश्त पर थे। इसी दौरान गजपुरा मोड़, तालाबशाही के पास मुखबिर से सूचना मिली कि जोरे का पुरा के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना में उसके किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में होने की भी बात बताई गई।
घेराबंदी कर पकड़ा, तलाशी में मिला कट्टा
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 315 बोर का देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
23 साल के मोनू पर 11 गंभीर मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 23 वर्षीय मोनू डोयला पुत्र नवाब सिंह निवासी डांडे का पुरा, थाना कंचनपुर के रूप में हुई है। वर्तमान में वह धौलपुर की भोगीराम कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस के अनुसार मोनू के खिलाफ अलग-अलग थानों में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। लूट के मामले में फरार होने के कारण उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज, जांच जारी
बाड़ी सदर थाने में आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उससे अवैध हथियार के स्रोत और पूर्व में दर्ज मामलों को लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में बाड़ी सदर थानाधिकारी मोहर सिंह, एसआई अतवीर सिंह और हेड कांस्टेबल कपिल शर्मा की विशेष भूमिका रही।