पाकिस्तान में स्कैम का 'बड़ा खेल' बेनकाब, 258 गिरफ्तार... 40 चीनी भी शामिल

Published on 17 अग॰ 2026

Aug 17, 2026 07:54 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, इस्लामाबाद

Follow us on Google News

share

Pakistan News Today: पाकिस्तान के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि राजधानी इस्लामाबाद में एक कथित स्कैम कॉल सेंटर पर छापेमारी के बाद 40 चीनी नागरिकों समेत 258 विदेशियों को हिरासत में लिया गया है।

Pakistan

पाकिस्तान में स्कैम कॉल सेंटर पर छापा

पाकिस्तान में एक स्कैम कॉल सेंटर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। पाकिस्तानी अधिकारियों के मुताबिक, राजधानी इस्लामाबाद में छापेमारी के दौरान 40 चीनी नागरिकों समेत कुल 258 विदेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई राजधानी के बाहरी इलाके में स्थित गुलबर्ग ग्रीन की एक हाउसिंग सोसायटी में की गई, जहां कथित तौर पर विदेशी नागरिक एक संगठित कॉल सेंटर चला रहे थे।

पाकिस्तानी अधिकारियों ने सोमवार को इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों पर कथित तौर पर ऐसी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है, जिनकी उनके वीजा शर्तों के तहत अनुमति नहीं थी। मामले की जांच फिलहाल जारी है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आरोपों और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आएगी।

गुलबर्ग ग्रीन में चल रहा था कॉल सेंटर

न्यूज एजेंसी एएफपी ने पाकिस्तानी अधिकारियों के हवाले से बताया कि इस्लामाबाद के बाहरी इलाके में स्थित गुलबर्ग ग्रीन की एक हाउसिंग सोसायटी में स्कैम कॉल सेंटर के संचालन की जानकारी मिली थी। इसके बाद वहां छापेमारी की गई। अधिकारी के अनुसार, छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक मौके पर मिले। जांच एजेंसियों ने सभी को हिरासत में लिया और उनकी पहचान तथा पाकिस्तान में उनके प्रवेश और वीजा से जुड़े दस्तावेजों की जांच शुरू की।

टूरिस्ट वीजा पर पहुंचे थे पाकिस्तान

न्यूज एजेंसी के अनुसार, हिरासत में लिए गए अधिकतर लोग 'टूरिस्ट वीजा' पर पाकिस्तान पहुंचे थे। जांच एजेंसियों का आरोप है कि वे पाकिस्तान में रहते हुए ऐसी व्यावसायिक गतिविधियों में शामिल थे, जिसकी उनके वीजा के तहत अनुमति नहीं थी। अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए 258 विदेशियों में सबसे बड़ी संख्या वियतनाम के नागरिकों की है। अधिकारियों के अनुसार, 170 वियतनामी नागरिक और 40 चीनी को हिरासत में लिया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, हिरासत में लिए गए लोगों को पूछताछ और आगे की कार्रवाई के लिए रावलपिंडी की जेल में रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि हिरासत में लिए गए लोगों की राष्ट्रीयता, उनके वीजा दस्तावेज और कथित कॉल सेंटर में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने आगे बताया कि संबंधित देशों के दूतावासों को कार्रवाई की जानकारी दे दी गई है और आगे की जांच जानकारी है।

जुलाई 2025 में भी हुई थी ऐसी कार्रवाई

बता दें कि पाकिस्तान में कथित अवैध कॉल सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जुलाई 2025 में भी एक इसी तरह की छापेमारी की गई थी, जिसमें 149 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उस कार्रवाई में 71 विदेशी नागरिक शामिल थे और इनमें बड़ी संख्या चीनी नागरिकों की बताई गई थी।