इंदौर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस का खुलासा, पूर्व कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी गिरफ्तार, दर्ज हैं 27 से ज्यादा केस| Navbharat Live

Published on 7 अग॰ 2026

विज्ञापन

सार

Anwar Qadri Arrest : इंदौर पुलिस ने पूर्व कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी को गिरफ्तार कर फर्जी शस्त्र लाइसेंस नेटवर्क का खुलासा किया। जम्मू-कश्मीर के कठुआ से जारी बताया गया लाइसेंस जांच में फर्जी निकला।

Indore Fake Gun License Case

इंदौर पुलिस ने पूर्व पार्षद को किया गिरफ्तार (फोटो सोर्स- नवभारत)

विस्तार

Indore Fake Gun License Case : इंदौर पुलिस ने शहर के कुख्यात अपराधी और पूर्व कांग्रेस पार्षद अनवर कादरी उर्फ डकैत को गिरफ्तार कर फर्जी शस्त्र लाइसेंस के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। पुलिस जांच में आरोपी के पास मिली लाइसेंसी बंदूक का लाइसेंस फर्जी पाया गया।

बताया गया कि यह लाइसेंस जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले से जारी होना दर्शाया गया था, लेकिन सत्यापन में दस्तावेज फर्जी निकले। अब पुलिस इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है कि फर्जी लाइसेंस किसने बनाए, हथियार कैसे हासिल किए गए और इस रैकेट में कौन-कौन शामिल है।

लंबे समय से फरार था कादरी

सदर बाजार थाना पुलिस के मुताबिक अनवर कादरी लंबे समय से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट और अन्य गंभीर अपराधों सहित 27 से अधिक मामले दर्ज हैं। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पहले उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।

सम्बंधित ख़बरें

मारपीट के मामले की जांच में खुला राज

इंदौर पुलिस के अनुसार फरवरी 2025 में अनवर कादरी पर जावेद खान के घर में लाइसेंसी बंदूक लेकर घुसने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा था। इसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शस्त्र लाइसेंस का सत्यापन कराया। जांच में सामने आया कि जिस लाइसेंस के आधार पर बंदूक हासिल की गई थी, वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ से जारी दिखाया गया था, लेकिन वह पूरी तरह फर्जी निकला। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ धोखाधड़ी और कूटरचना की धाराओं में भी मामला दर्ज कर लिया।

फर्जी लाइसेंस नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जांच अब केवल आरोपी तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगा रही है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार करने वाला गिरोह कहां सक्रिय है और इस पूरे नेटवर्क में किन लोगों की भूमिका रही है। पुलिस सभी दस्तावेजों और संभावित कड़ियों की गहन जांच कर रही है।

ये भी पढे़ं : उज्जैन पहुंची इंदौर हादसे वाली मादा हाथी ‘राजलक्ष्मी’, प्रबंधन बोला- हादसे की वजह लापरवाही थी, हाथी नहीं

महापौर ने की सख्त कार्रवाई की मांग

इधर इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने मामले को गंभीर बताते हुए निष्पक्ष और सख्त जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अनवर कादरी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और यदि फर्जी लाइसेंस के जरिए हथियार हासिल किए गए हैं तो पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होना चाहिए। उनका कहना है कि इस रैकेट से अन्य लोगों के जुड़े होने की भी आशंका है, इसलिए इसकी तह तक पहुंचना जरूरी है।

Follow Navbharatlive whatsapp