Published: Sunday, August 9, 2026, 16:05 [IST]
Arunachal Pradesh India China Border: भारत ने अरुणाचल प्रदेश को लेकर चीन को एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है. सर्वे ऑफ इंडिया के अपडेटेड आधिकारिक नक्शे में चीन सीमा से जुड़े 27 महत्वपूर्ण स्थानों को भारतीय नामों के साथ दर्ज किया गया है. इनमें पहाड़ी दर्रे, झील, बस्तियां और 1962 के भारत-चीन युद्ध से जुड़े स्थल शामिल हैं.
चीन लंबे समय से अरुणाचल प्रदेश को 'जंगनान' या 'दक्षिण तिब्बत' बताकर यहां के स्थानों के नाम बदलने की कोशिश करता रहा है. ऐसे में भारत का यह कदम केवल नक्शे में बदलाव नहीं, बल्कि अपनी संप्रभुता, प्रशासनिक नियंत्रण और क्षेत्रीय दावे को मजबूती से दोहराने वाला संदेश माना जा रहा है.
नक्शे में 27 जगहों को क्यों जोड़ा गया?
भारत ने सर्वे ऑफ इंडिया के आधिकारिक नक्शे को अपडेट करते हुए अरुणाचल प्रदेश के 27 महत्वपूर्ण स्थानों को भारतीय नामों के साथ दर्ज किया है. इनमें चार पहाड़ी दर्रे द्जो ला, रिजा ला, पुकुर ला और थग ला शामिल हैं. सांबो सरोवर समेत कई बस्तियों और ऐतिहासिक स्थलों को भी जगह दी गई है. खास बात यह है कि इनमें कई स्थान पहले से सैन्य नक्शों में मौजूद थे, लेकिन अब उन्हें आधिकारिक राजनीतिक नक्शे में भी स्पष्ट पहचान मिल गई है.
चीन के नाम बदलने की कोशिश का जवाब
चीन ने 2017, 2021 और 2023 में अरुणाचल प्रदेश के कई स्थानों के लिए अपने नाम जारी किए थे. बीजिंग इसे 'जंगनान' यानी दक्षिण तिब्बत का हिस्सा बताता रहा है. भारत ने हर बार चीन के इन दावों को खारिज किया है. अब आधिकारिक नक्शे में भारतीय नाम दर्ज करना उसी नीति का अगला कदम माना जा सकता है. मतलब साफ है कि चीन किसी जगह का नाम बदलकर उसके क्षेत्रीय दावे की तस्वीर नहीं बदल सकता.
1962 युद्ध से जुड़े स्थान भी शामिल
नक्शे में शामिल कई जगहों का संबंध भारत-चीन के पुराने संघर्षों से है. थग ला 1962 के युद्ध के शुरुआती संघर्षों के लिए जाना जाता है, जबकि लॉन्गजू 1959 के भारत-चीन सीमा टकराव से जुड़ा रहा है. जसवंत गढ़ भी 1962 के युद्ध में भारतीय सैनिकों की वीरता की याद दिलाता है. इसके अलावा शेर-ए-थापा मेमोरियल को शामिल करना भी ऐतिहासिक महत्व रखता है. यानी नक्शे के जरिए मौजूदा दावे के साथ भारत ने अपने इतिहास को भी दर्ज किया है.
नक्शा अपडेट सिर्फ कागजी कार्रवाई नहीं
विवादित सीमा क्षेत्रों में किसी स्थान की आधिकारिक पहचान काफी मायने रखती है. नक्शे में नाम दर्ज होना प्रशासनिक मौजूदगी और क्षेत्रीय दावे को दर्शाने का एक महत्वपूर्ण तरीका है. जयरामपुर जैसे स्थान पूर्वी अरुणाचल में लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम हैं, जबकि तवांग के आसपास का क्षेत्र रणनीतिक रूप से बेहद संवेदनशील है. इसलिए 27 स्थानों को आधिकारिक नक्शे में शामिल करना केवल तकनीकी अपडेट नहीं, बल्कि भारत की जमीन पर उसके प्रशासनिक और संप्रभु दावे का स्पष्ट संकेत है.
चीन से बातचीत जारी, लेकिन रुख साफ
दिलचस्प बात यह है कि भारत का यह कदम चीन के साथ बातचीत के बीच आया है. 6 अगस्त को नई दिल्ली में WMCC की 36वीं बैठक में दोनों देशों ने एलएसी की स्थिति और सीमा पर शांति बनाए रखने को लेकर चर्चा की. वहीं सितंबर में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा भी अहम मानी जा रही है. यानी भारत संवाद का रास्ता खुला रख रहा है, लेकिन अरुणाचल प्रदेश पर अपने दावे से कोई समझौता करने के मूड में नहीं है.