खेत से सीधे बाजार पहुंचेगी सब्जी, मिलेंगे बेहतर दाम: डीएम ने 'तरकारी' वाहन को दिखाई हरी झंडी, बिचौलियों की भूमिका होगी कम - Khagaria News

Published on 23 सित॰ 2026

खगड़िया के सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने के लिए ‘हर थाली में बिहारी तरकारी’ अभियान की शुरुआत की गई है।

.

बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन परिसंघ (VEGFED) और मुंगेर सब्जी संघ की पहल पर सहकारिता विभाग के तहत संचालित इस अभियान के तहत जिलाधिकारी विक्रम विरकर ने बुधवार को ‘तरकारी’ वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

देखें, मौके से आई तस्वीरें…

खेत से बाजार तक बनेगी व्यवस्थित सप्लाई चेन

अभियान के तहत किसानों की सब्जियों को सीधे खेत से बाजार और फिर उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसका उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाना और बिचौलियों की भूमिका को कम करना है।

‘तरकारी’ ब्रांड से होगी सब्जियों की बिक्री

सब्जियों की बिक्री को व्यवस्थित करने के लिए ‘तरकारी’ ब्रांड विकसित किया गया है। इसके तहत सब्जियों की ग्रेडिंग, छंटाई, सफाई और पैकिंग की व्यवस्था की जा रही है। इससे बाजार में गुणवत्तापूर्ण सब्जियों की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कोशिश है।

कोल्ड स्टोरेज और गोदाम की सुविधाएं होंगी मजबूत

सब्जियों के सुरक्षित भंडारण और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए मार्केट यार्ड, कोल्ड स्टोरेज और गोदाम जैसी सुविधाओं को मजबूत करने की योजना है। इससे किसानों की उपज को बेहतर तरीके से संरक्षित कर बाजार तक पहुंचाया जा सकेगा।

सहकारी समितियों के जरिए किसानों को जोड़ा जाएगा

इस व्यवस्था में प्रखंड स्तर पर प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियां, क्षेत्रीय स्तर पर सब्जी संघ और राज्य स्तर पर VEGFED किसानों को बाजार से जोड़ने का काम करेंगे।

अभियान के तहत मध्याह्न भोजन योजना, छात्रावास, जेल और जीविका की कैंटीन जैसे सरकारी एवं संस्थागत उपभोक्ताओं की सब्जी जरूरत को भी इस सप्लाई चेन से जोड़ने की पहल की जा रही है।

किसानों और उपभोक्ताओं दोनों को फायदा

व्यवस्थित बाजार मिलने से किसानों को नियमित बिक्री और बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है। वहीं उपभोक्ताओं को स्थानीय स्तर पर उत्पादित ताजी और गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित कीमत पर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

अभियान का मुख्य उद्देश्य

‘हर थाली में बिहारी तरकारी’ अभियान का फोकस किसान की उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, उचित मूल्य दिलाने और उपभोक्ताओं तक गुणवत्तापूर्ण सब्जियों की पहुंच सुनिश्चित करने पर है। प्रशासन और संबंधित संस्थाओं की इस पहल से जिले में सब्जी उत्पादन और विपणन व्यवस्था को मजबूत करने की उम्मीद है।