गोविंदा अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड कोमल रानी स्वर्णकार के साथ लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे थे, जिसपर एक्टर की पत्नी सुनीता आहूजा का रिएक्शन सामने आया है। वीडियो में सुनीता ने इंसानों को धोखेबाज कहा।
सुनीता आहूजा ने गोविंदा के अपनी रूमर्ड गर्लफ्रेंड के साथ लालबागचा राजा जाने पर तंज कसा।
- Published: 23 Sep 2026, 04:00 PM IST
- Last Updated: 23 Sep 2026, 04:00 PM IST
Govinda Wife: अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा अपने टूटते रिश्ते को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में गणेशोत्सव के दौरान दोनों मुंबई के मशहूर लालबागचा राजा के दर्शन करने पहुंचे, लेकिन दोनों अलग-अलग समय पर पंडाल पहुंचे। सुनीता ने मंगलवार सुबह बप्पा के दर्शन किए, जबकि गोविंदा शाम को कथित रूप से उनसे जुड़ी कोमल रानी स्वर्णकार के साथ वहां पहुंचे। गोविंदा की रूमर्ड गर्लफ्रेंड को देख अब सुनीता का रिएक्शन सामने आया है।
‘इंसानों को जितना प्यार दो, धोखा ही देते हैं’
सुनीता आहूजा बुधवार सुबह मुंबई एयरपोर्ट पर नजर आईं। इस दौरान वह अपने पालतू कुत्ते को गोद में लिए हुए थीं और वहां मौजूद पैपराजी से बातचीत कर रही थीं। बातचीत के दौरान सुनीता ने कहा- "इंसानों को जितना भी प्यार दो फायदा नहीं है, धोखा ही देते हैं। इनको (पालतू जानवर) प्यार करो हमेशा चिपके रहते हैं। विंटर (पेट डॉग) मुझे हमेशा छोड़ने आता है। इंसानों से अच्छे तो जानवर होते हैं। उन्होंने आगे कहा, "जानवरों से प्यार करो, इंसानों से नहीं। धोखेबाज होते हैं इंसान।"
गोविंदा और कोमल रानी के रिश्ते को लेकर चर्चा
गोविंदा का नाम पिछले कुछ समय से कोमल रानी स्वर्णकार के साथ जोड़ा जा रहा है, जो उनकी आने वाली फिल्म रूपा से बतौर लीड एक्ट्रेस डेब्यू करेंगी। दोनों को कई मौकों पर एक साथ देखे जाने के बाद उनके रिश्ते को लेकर अटकलें तेज हुई हैं।
सुनीता आहूजा भी पहले गोविंदा और कोमल रानी की कथित नजदीकियों पर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी कर चुकी हैं। उन्होंने एक बार कोमल को लेकर कहा था कि वह गोविंदा की बेटी की उम्र की हैं और अभिनेता को ‘शुगर डैडी’ तक कह दिया था।
हालांकि, गोविंदा और कोमल रानी ने अपने रिश्ते को लेकर सार्वजनिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है।
सुनीता आहूजा करेंगी बॉलीवुड में अभिनय की शुरुआत
सुनीता आहूजा अब अभिनय की दुनिया में भी कदम रखने जा रही हैं। उन्होंने हाल ही में रियलिटी शो ‘लॉक अप 2’ के जरिए टेलीविजन पर अपनी शुरुआत की थी, लेकिन स्वास्थ्य संबंधी कारणों के चलते वह शो से जल्द बाहर हो गईं।
अब सुनीता अपने बेटे यशवर्धन आहूजा के साथ फिल्म ‘हीरो की हिरोइन’ में नजर आएंगी। उन्होंने खुद पुष्टि की है कि फिल्म में वह यशवर्धन की मां का किरदार निभाएंगी।
एकता कपूर के सहयोग से बन रही इस फिल्म का निर्देशन साजिद खान कर रहे हैं। फिल्म की रिलीज 7 जनवरी 2027 के लिए निर्धारित बताई गई है।