महिला के कपड़े और चेहरे पर मेकअप... जयपुर में इस भेष में 3 बच्चों के पिता ने लगाई फांसी

Published on 7 अग॰ 2026

Jaipur News: जयपुर के गलता गेट इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने परिवार के साथ-साथ पुलिस को भी कई सवालों के सामने खड़ा कर दिया है. युवक का शव उसके घर में फंदे से लटका मिला, लेकिन सबसे हैरान करने वाली बात यह थी कि उसने आत्महत्या के समय महिला के कपड़े पहन रखे थे. साथ ही चेहरे पर मेकअप भी कर रखा था. घटना की सूचना मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी. फिलहाल मामले को हर एंगल से देखा जा रहा है.

महिला के कपड़ों में मिला युवक का शव

जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान मुन्ना के रूप में हुई है. वह पेशे से टेलर था और महिलाओं व पुरुषों दोनों के कपड़े सिलने का काम करता था. पुलिस सूत्रों के अनुसार, आत्महत्या के समय उसने जो महिला के कपड़े पहन रखे थे, उन्हें भी उसने खुद ही सिला था. घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने कमरे का बारीकी से निरीक्षण किया. फंदे, कमरे की स्थिति और आसपास मौजूद सामान की जांच की गई. साथ ही FSL टीम को भी मौके पर बुलाया गया, ताकि सभी जरूरी साक्ष्य जुटाए जा सकें.

ये भी पढ़ें- राजस्थान के जालोर में बड़ा हादसा, पत्थर की खदान ढही; मलबे में दबकर युवक की मौत 3 घायल

कोई सुसाइड नोट नहीं मिला

पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ऐसे में यह साफ नहीं हो पाया है कि युवक ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया. पुलिस अब उसके पारिवारिक जीवन, आर्थिक स्थिति, मानसिक स्थिति और हाल के दिनों में उसके व्यवहार में आए बदलावों की जांच कर रही है. इसके अलावा पुलिस मृतक के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर सकती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था और उसकी मानसिक स्थिति कैसी थी.

किन्नरों के संपर्क में होने की बात आई सामने

पुलिस सूत्रों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, मुन्ना पिछले कई महीनों से किन्नर समाज के संपर्क में था. बताया जा रहा है कि उसका रहन-सहन और व्यवहार भी काफी हद तक किन्नरों जैसा हो गया था. सूत्रों के मुताबिक, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने जेंडर चेंज कराया था या नहीं. पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है. हालांकि पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।

पड़ोसियों ने बताई एक और चौंकाने वाली बात

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से यह बात भी कह रहा था कि उसे लाल कपड़ों में एक महिला दिखाई देती है. पुलिस इस जानकारी को भी जांच का हिस्सा मानकर परख रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह किसी मानसिक तनाव से जुड़ा मामला था या इसके पीछे कोई और वजह थी. जांच अधिकारी इस बात का भी पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या युवक किसी मानसिक बीमारी या अन्य व्यक्तिगत परेशानी से गुजर रहा था.

3 बच्चों का पिता था मृतक

मुन्ना शादीशुदा था और तीन बच्चों का पिता था. परिवार की जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी. उसकी अचानक हुई मौत से परिवार सदमे में है. परिजनों का कहना है कि उन्हें भी समझ नहीं आ रहा कि आखिर उसने ऐसा कदम क्यों उठाया. पुलिस परिजनों, दोस्तों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि उसके जीवन से जुड़े ऐसे तथ्यों का पता लगाया जा सके, जो इस घटना की वजह तक पहुंचने में मदद कर सकें.

थाना प्रभारी ने क्या कहा?

गलता गेट थाना प्रभारी धर्म सिंह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. युवक ने महिला के कपड़े क्यों पहने थे, यह भी जांच का अहम हिस्सा है. फिलहाल पुलिस किसी भी संभावना से इनकार नहीं कर रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों और अन्य तथ्यों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button