जशपुर में तलवार दिखाकर युवक से लूटपाट: रुपए मांगे, मना किया तो बाइक लूटकर दी धमकी; 3 आरोपी गिरफ्तार, 4 नाबालिग हिरासत में - Jashpur News

Published on 18 अक्टू॰ 2026

जशपुर जिले के महादेवडांड़ में खेतों में फसल की जानकारी दर्ज कर रहे युवक से लूटपाट हुई। आरोपियों ने उसे तलवार दिखाकर रुपए मांगे, जब पैसे नहीं देने पर मोटरसाइकिल (CG 15 E 2606) लूट ली गई। साथ ही, आरोपियों ने मामले की थाने में शिकायत करने पर जान से मारन

.

इसी दौरान आरोपियों लेकर युवक को मारने के लिए भी दौड़ाया। अपनी जान बचाने के लिए युवक वहां से भाग निकला। इसके बाद युवक ने आरोपियों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने लूटी गई बाइक और तलवार बरामद कर ली है। यह मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।

अब जानिए पूरा मामला

पुलिस के मुताबिक, पकरीकछार के संतोष कुमार (33) पिछले दो साल से बासेन और महादेवडांड़ क्षेत्र में खेतों में फसलों की जानकारी दर्ज करने का काम कर रहा है। 15 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3 बजे वह महादेवडांड़ के किसानपारा में सीसी रोड के पास खेत में फसलों के रिकार्ड रखने का काम कर रहा था।

इसी दौरान डोन तिर्की अपने साथी अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया के साथ वहां पहुंचा। डोन के हाथ में तलवार थी। दोनों ने संतोष से पूछा कि वह उनके गांव में क्या करने आया है। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए उसे डराने-धमकाने लगे। आरोप है कि डोन ने तलवार दिखाकर संतोष से रुपए मांगे।

रुपए नहीं देने पर मोटरसाइकिल लूटी

संतोष ने जब अपने पास पैसे नहीं होने की बात कही, तो आरोपियों के पांच अन्य साथी भी वहां पहुंच गए। सभी ने मिलकर उससे रुपए मांगे। पैसे नहीं देने पर आरोपियों ने उसकी मोटरसाइकिल (CG 15 E 2606) लूट ली। साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान डोन तिर्की तलवार लेकर संतोष को मारने के लिए दौड़ा। अपनी जान बचाने के लिए संतोष वहां से भाग निकला। बाद में उसने स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच

संतोष ने 16 अक्टूबर को बगीचा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 275/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान डोन तिर्की और अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर आयुष कुजूर और चार अन्य नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई।

इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के सामने संतोष से उनकी पहचान कराई गई। पुलिस का कहना है कि संतोष ने सभी की पहचान की। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

तीन आरोपी जेल भेजे गए, चार नाबालिग बाल संप्रेषण गृह भेजे गए

पुलिस ने मामले में डोन तिर्की (19), अमीर कुमार खाखा उर्फ पठिया (19) और आयुष कुजूर (18 साल 11 महीने) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

वहीं, 15 से 17 साल की उम्र के चार नाबालिगों को नियमानुसार अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया। वहां से उन्हें बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया। मामले में पुलिस की आगे की जांच जारी है।

मामले में आगे की कार्रवाई जारी

बगीचा एसडीओपी दिलीप कुमार कोसले ने बताया कि महादेवडांड़ में फसलों की जानकारी दर्ज करने का काम कर रहे युवक को तलवार दिखाकर धमकाने, रुपए मांगने और मोटरसाइकिल लूटने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

आरोपियों के पास से तलवार और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।